The Lallantop

'मनी हाइस्ट' वाले रियो की कहानी, जिन्हें लगता था वो 30 साल के होने से पहले मर जाएंगे

कमाल कहानी रियो का रोल करने वाले एक्टर मिगुएल हैरन की, जिन्होंने इंडियन ऐड कर रखा है.

Advertisement
post-main-image
मिगुएल हैरन एज जोकर.
इंतज़ार की घड़ियां लगभग खत्म होने आईं है. 'मनी हाइस्ट' की आखिरी क़िस्त 3 दिसंबर को आएगी. क्या प्रोफेसर एंड गैंग (जितने भी बचे हैं) वापस आएंगे, या ये आखिरी सीज़न साबित होगा. हालांकि अभी तो सबका यही कहना है कि ये आखिरी सीज़न है लेकिन कुछ भी हो सकता है.
नया सीज़न आए या ना आए, हम एक बार फिर आ गए हैं 'मनी हाइस्ट मैराथन' का अगला एपिसोड लेकर. इस पूरे हफ़्ते हमने आपको 'मनी हाइस्ट' के लगभग हर करैक्टर के पीछे के एक्टर की कहानी सुनाई. प्रोफ़ेसर के बाद बर्लिन, बर्लिन से गए टोक्यो, टोक्यो से पहुंचे नैरोबी, फिर आर्तुरो, अलिशिया, रकेल के यहां हाज़िरी लगाते हुए पहुंचे हैं 'मनी हाइस्ट' के अगले किरदार रियो की कहानी सुनाने.
रियो. प्रोफेसर की टोली का कंप्यूटर हैकर. सीज़न थ्री में कंप्यूटर हैकिंग का जो काम रियो अकेले करता था, उस काम के लिए प्रोफेसर को पाकिस्तान में हैकर्स की पूरी टीम बैठानी पड़ी थी. इस करैक्टर की सबसे अच्छी बात ये रही कि बाकी फ़िल्मों के हैकर्स की तरह इसका पोट्रेयल नहीं किया गया. इसे मोटे चश्मे और चिप्स खाने वाले नर्ड के रूप में नहीं दिखाया गया. बल्कि उन क्लीशे से विपरीत एक डूड टाइप लौंडे के रूप में दिखाया गया.
रियो का करैक्टर प्ले करते हैं एक्टर मिगुएल हैरन. मिगुएल 'मनी हाइस्ट' के सबसे कम उम्र के एक्टर हैं. जहां उनके साथ काम कर रहे बाकी के एक्टर्स नाइंटीज़ से काम कर रहे हैं. मिगुएल ने अपना करियर 2015 में ही शुरू किया और मात्र दो सालों में ही 'मनी हाइस्ट' की बदौलत वो पूरी दुनिया में फ़ेमस हो गए.
इतने फ़ेमस हो गए कि आज लल्लनटॉप सिनेमा पर आप अपने गांव-शहर में बैठे उनकी कहानी सुन रहे हैं. तो शुरू करते हैं कहानी... # हमेशा लगता था कि 30 साल से पहले ही मर जाएंगे मिगुएल हैरन. 25 अप्रैल 1996 को स्पेन में जन्मे. उनकी मां पेट शॉप चलाती थीं. मिगुएल को बचपन से ही पढ़ने-लिखने में ज़रा भी मन नहीं लगता था. उन्हें तो बस दोस्तों के साथ धमाचौकड़ी मचाने और साइकल चलाने में मज़ा आता था. मतलब साइकल के लिए तो मिगुएल एकदम दीवाने थे. वैसे तो उनकी लाइफ ठीक ही चल रही थी लेकिन पता नहीं क्यों उन्हें हमेशा ऐसा लगता था कि वो 30 साल के होने से पहले ही मर जाएंगे. एक न्यूज़पेपर को दिए इंटरव्यू में कहा था,
"मुझे लगा था कि मेरी किस्मत में 30 साल की उम्र से पहले मरना लिखा हुआ है. मैं सपने में भी अपने आप को 30 से ऊपर नहीं सोच पाता था. और अपने सबसे खूबसूरत सपने में भी मैं अपने आप को किसी मकैनिक की दुकान पर काम करता हुआ देखता था."
भले मिगुएल अपना भविष्य अंधेरे में देख रहे थे लेकिन किस्मत ने उनके लिए कुछ अलग ही प्लानिंग कर रखी थी. # टक्कर ने बदली किस्मत मंगलवार का दिन था. रात के तकरीबन दो बजे रहे थे. मिगुएल अपने दोस्तों के साथ हाथों में बियर की बोतल पकड़े सड़क पर आवारागर्दी कर रहे थे. तभी मिगुएल के दोस्त सामने से आते दो लोगों को देखकर चीख पड़े. रियो ने जब उन लोगों को देखा तब उन्हें समझ आया कि उनके दोस्त क्यों चीखे. उन दो लोगों में से एक डेनियल ग़ज़मैन थे. डेनियल स्पेन के बहुत फ़ेमस एक्टर थे, जो जल्द ही डायरेक्टर बनने जा रहे थे. डेनियल को सामने पा सभी लड़कों ने ग़ज़मैन के साथ फोटो खिंचवाई. वहीं डेनियल ने मिगुएल से पूछा कि क्या वो फ़िल्म में काम करना चाहेगा? मिगुएल को लगा डेनियल उनके मज़े ले रहे हैं. ख़ैर बात आई-गई हो गई. लेकिन दो दिन बाद ग़ज़मैन के ऑफिस से टेस्ट के लिए मिगुएल के पास कॉल आया. मिगुएल को लगा कोई आलतू-फालतू आदमी कर रहा होगा. उठाया नहीं. मैसेज भी नहीं पढ़े. जब अगले दिन फ़िर उसी नंबर से कॉल आया, तब मिगुएल को लगा कोई सीरियस मैटर है. उन्होंने कॉल उठाया. सामने से डेनिएल ने कहा वो फौरन आकर ऑडिशन दें. मिगुएल को यकीन नहीं हुआ. उन्हें लगा उनके साथ मज़ाक हो रहा है. बहरहाल, वो फौरन गए. ऑडिशन दिया, जहां वो सिलेक्ट हो गए. फ़िल्म का नाम था 'नथिंग इन रिटर्न'. जिसके लिए मिगुएल को काफी इनाम मिले.
मिगुएल हैरन.
मिगुएल हैरन.
# साइकल प्रेमी रियो मिगुएल टू व्हीलर के लिए दीवाने हैं. उनके पास अनेकों साइकलें हैं. जिसे वो पहाड़, सड़क बेसिकली जहां चल सकती है वहां चलाते हैं. और सिर्फ़ साइकलें ही नहीं हैं कई मोटरसाइकिलें भी हैं. हालांकि मोटरसाइकलें कम ही हैं, क्योंकि मिगुएल को थोड़ा ही वक़्त हुआ है ड्राइविंग लाइसेंस मिले हुए. मिगुएल कहते हैं उन्हें दूर पहाड़ों में जाकर खो जाना अच्छा लगता है.
साइकल पर बैठे नन्हे मिगुएल.
साइकल पर बैठे नन्हे मिगुएल.
# मिगुएल का इंडियन कनेक्शन अगर आप हमारी 'मनी हाइस्ट' मैराथन फॉलो कर रहे हैं. तो आपको मालूम होगा हम सभी 'मनी हाइस्ट' एक्टर्स के आपको इंडियन कनेक्शन भी बता रहे हैं. मिगुएल का भी इंडियन कनेक्शन है और अपने साथियों से ज़्यादा स्ट्रांग कनेक्शन है. क्योंकि मिगुएल तो बाकायदा इंडियन विज्ञापन में फीचर कर चुके हैं. मिगुएल ने ये ऐड किया था गाना डॉट कॉम के लिए. इस ऐड में मिगुएल के साथ पिया बाजपेयी ने फ़ीचर किया था. और हां ये विज्ञापन कोई तीस सेकंड का नहीं था. बल्कि किसी शॉर्ट फ़िल्म जितना था. इस ऐड में आपको मिगुएल आपको हिंदी बोलते नज़र आएंगे. जो कि डबिंग ही है ऑब्वियसली. ऐड आप नीचे देख सकते हैं.
# मां की परेशानियां कम करने के लिए मरना चाहते थे मिगुएल को जब 'नथिंग इन रिटर्न' के लिए अवार्ड मिला, तब उन्होंने अपनी स्पीच से वहां मौजूद सभी लोगों को रुआंसा कर दिया था. उन्होंने बताया कि कैसे उनके जीवन में एक वक्त ऐसा आ गया था, जब वो मर जाने की बात सोचते थे. मिगुएल ने अपनी स्पीच में कहा था,
"जब मैं छोटा था तब मेरा दिमाग एकदम खराब था. मुझे हमेशा वाहियात ख्याल आते थे. मैं वो लड़का था, जिसके कोई दोस्त नहीं थे. मैं सामाजिक नहीं था. मैं अपनी ज़िंदगी से खुश नहीं रहता था. खुद को ही मैं पसंद नहीं करता था. अपने आसपास के लोगों को पसंद नहीं करता था. उस वक़्त मुझे लगता था कि अगर मैं मर जाऊंगा, तो मां की परेशानियां कुछ तो कम हो जाएंगी."
मिगुएल की ये स्पीच सुन वहां बैठे सभी की आंखें भर आईं थीं. उसके बाद मिगुएल को लोगों ने तब रुलाया, जब उनका निभाया किरदार 'रियो' पकड़ा गया और उसे बहुत टॉर्चर किया गया.

Advertisement
Advertisement