The Lallantop

बेवफाइयों का जश्न मनातीं औरतों का उत्सव देखिए

7 से 14 अक्टूबर तक जर्मनी के कोलोन में कोलोन फिल्म फेस्टिवल हुआ. पढ़िए वहां क्या हासिल हुआ.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
विवेक कुमार
विवेक आसरी

यूरोप. दूर. ठंडा. पराया. अतीत को खुरचें तो हम पर कब्जा करने वाला. और पीछे लौटें तो हमें मसालों की कीमत चुका अमीर करने वाला. मगर सांस्कृतिक रूप से हमेशा दूर दूर रहा.

Advertisement

लेकिन ये सब का सब पास्ट है, जो टेंस रहा. प्रेजेंट मजेदार है. आपको पूरे यूरोप में देसी मिल जाएंगे. हमें भी मिल गए. हमारे देसी. नाम विवेक आसरी. जर्मनी में रहते हैं. और उन्होंने वादा किया है कि यूरोप के किस्से-कहानियां, सियासत और समाज के खूब नजारे दिखाएंगे. हमें. आपको.

वादे के मुताबिक वो लाए हैं 'डाक यूरोप' की सातवीं किस्त. बता रहे हैं कि प्रेम का जश्न दरअसल औरतों की बेवफाइयों का जश्न है. जर्मनी के कोलोन में हुए फिल्म फेस्टिवल का हासिल है ये, जहां कोई भारतीय फिल्म नहीं थी. बांचिए.

Advertisement


छोड़कर चली गईं औरतों के कंधों पर प्रेम का इतिहास खड़ा है. ये इतिहास पिरामिड जैसा है, जिसकी चोटी पर मर्द बैठा है. प्रेमिका, पत्नी, मां, बहन, भाभी, दोस्त, पड़ोसन जाने किस-किस से धोखे खाया एक नायक. फिर उसी बेवफा पर मरता नायक, फिर उसी को जिंदगी बताता नायक. और जिसका पिरामिड जितना बड़ा, वो प्रेम का उतना बड़ा नायक. जिसे जितनी ज्यादा औरतों ने छोड़ा, वो उतना बड़ा नायक.




नायक बड़ा तब होता है, जब उसके सामने खलनायक बड़ा हो. इसलिए उसने छोड़ जाने को इतना बड़ा अपराध बना दिया कि उसका नायकत्व, छोड़े जाने से और बड़ा हो गया. छोड़े जाने का अपना दर्द गा-गाकर उसने रागनियों और सिंफनियों का जश्न रचा. प्रेम का जश्न दरअसल औरतों की बेवफाइयों का जश्न है, इसलिए जब 'एल' फिल्म में एल अपने पति की कार को जान-बूझकर ठोकती है, तो वो एक बेवफा औरत ही लगती है जो अपने पति को छोड़ चुकी है. लेकिन, अगले ही सीन में वो अपने उसी पति को अपने साथ हुए बलात्कार के बारे में ऐसे बताती है, जैसे किसी दोस्त को दिल्ली के मुनीरका में चेन स्नेचिंग के बारे में बता रही हो.



film2

पुलिस के पास जाने की बात पर उसका रिऐक्शन और भी मजेदार है: इसमें पुलिस क्या करेगी, इट हैपन्स. और तब आपको अहसास होता है कि एल सिर्फ छोड़कर जा रही औरत नहीं है. एल ऐसी औरत है जो छोड़कर जाने से मना कर देती है. जो कहती है कि नहीं जाऊंगी. रहूंगी और अपनी शर्तों पर रहूंगी. 'एल' के रूप में डच फिल्मकार पॉल वरहोवन बेवफाई का ऐसा जश्न रचते हैं, जिसमें बोनफायर के चारों ओर नाचने वाला छोड़ा जाने वाला मर्द नहीं, बल्कि छोड़कर गई औरत है.

Advertisement

एक ऐसी औरत जो अपने रेपिस्ट के पास दोबारा जाती है और तिबारा और तब तक जाती है, जब तक उसे यकीन नहीं हो जाता कि उसका रेपिस्ट सेक्स नहीं, हिंसा से खुश होता है. और एक कातिल की बेटी एल को हिंसा मंजूर नहीं. हिंसा को एल माफ नहीं करती.


फिल्म देखकर बाहर निकलने पर 'एल' बालों को सहलाती एक प्रेमिका लगती है जो कब आपके बाल खींचकर उखाड़ देगी, आप नहीं जानते. और तब आप देखते हैं कि कोलोन फिल्म फेस्टिवल में ऐसी औरतें तो बहुतायत में हैं. बल्कि, पूरा फेस्टिवल ही छोड़कर जाने से मना कर देतीं औरतों का उत्सव है. अपनी बेवफाइयों का जश्न मनाती औरतों का उत्सव.

film

क्लेबर मेंडोंचा की 'एक्वेरियस' में 65 साल की क्लारा हो या कैली राइशार्ट की 'सर्टेन विमिन' में लॉरा डर्न, आप महसूस कर सकते हैं कि ये औरतें मांग नहीं रहीं, छीन रही हैं. ये औरतें गुहार नहीं लगा रहीं, लड़ रही हैं. और ऐसी ही औरतों को तो मर्द बेवफा कहता आया है न. आंगेला शानेलेक की 'द ड्रीमलाइक पाथ' में जब केनेथ अपनी बीमार मां के लिए टेरेस को छोड़ जाता है तो वो इंतजार नहीं करती, जिंदगी में आगे बढ़ जाती है. रोमानियाई फिल्म 'सिएरानेवादा' में क्रिस्टी पुइऊ की प्रोटैग्निस्ट दोआमना अपने पति से कड़वे सवाल पूछने से नहीं डरती. बच्चों के सामने भी नहीं.

film1

ये सारी औरतें विद्रोही नहीं लगतीं. समाज से बाहर भागने की इनकी कोई कोशिश नजर नहीं आती. सब की सब समाज के अंदर रहकर अपनी शर्तों पर जीने का, सवाल पूछने का और बेवफाई का बराबर हक लेती हैं बस. इन औरतों में एक भी भारतीय क्यों नहीं थी? कोलोन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में एक भी भारतीय फिल्म क्यों नहीं थी?




डाक यूरोप की पिछली किस्तें:
यूरोप में रोज कुछ नया बन रहा है, क्यों न हो भारत की उससे तुलना

भला खंभा भी कोई साफ करता है!

एक हज़ार साल पुरानी यंग ‘स्लेव’ लड़की से मुलाक़ात

भाई बर्तन उठाकर अपनी रसोई अलग कर ले तो ऐसा लगता है

वो मर गया, जिसके शब्द मानवता का सर झुका देते थे

विदेशियों से रिश्ते बनाने में आगे हैं महिलाएं

Advertisement