The Lallantop

महिला ने घूमे 60 से ज्यादा देश, लौटकर बोली- 'बस इस एक जगह दोबारा कभी नहीं जाऊंगी... '

महिला 60 से अधिक देशों की यात्रा कर चुकी हैं. सिर्फ यात्रा ही नहीं बल्कि उन्होंने अधिकतर देशों में छुट्टियां मनाई हैं. उन्होंने एक ऐसी जगह का नाम भी बताया है, जहां वो दोबारा कभी नहीं जाना चाहेंगी. उन्होंने इसके कारण भी बताए हैं. उनका अनुभव डरावना है.

Advertisement
post-main-image
गेराल्डिन जोआकिम. (फोटो: लिंक्डइन)

इंग्लैंड के वेस्ट ससेक्स काउंटी की रहने वाली एक महिला चर्चा में हैं. चर्चा इसलिए क्योंकि उन्होंने दावा किया है कि वो 60 से अधिक देशों की यात्रा कर चुकी हैं. सिर्फ यात्रा ही नहीं बल्कि उन्होंने अधिकतर देशों में छुट्टियां मनाई हैं. उन्होंने एक ऐसी जगह का नाम भी बताया है, जहां वो दोबारा कभी नहीं जाना चाहेंगी. उन्होंने इसके कारण भी बताए हैं. उनका अनुभव डरावना है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

महिला का नाम ‘गेराल्डिन जोआकिम’ है. उन्होंने न्यूयॉर्क पोस्ट अखबार को बताया है कि वो साल में लगभग चार बार विदेश में छुट्टियां मनाती हैं. वो माइक्रोनेशिया के याप, ब्राजील, जापान के ओकिनावा, रूस, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, मोजाम्बिक सहित कई अन्य जगहों की यात्रा कर चुकी हैं. जोआकिम बताती हैं, एकमात्र ऐसी जगह है जहां वो दोबारा कभी नहीं जाएंगी और वो जगह है वेनेजुएला की राजधानी काराकास.

अखबार ने जोआकिम के हवाले से लिखा,

Advertisement

मेरे लिए यहां जाना सबसे खराब यात्रा का अनुभव रहा. मेरी फ्लाइट देर रात पहुंची थी. मैंने एक कार बुक की थी जो मुझे एयरपोर्ट से शहर के एक होटल तक ले गई. अगले दिन मैं इस्ला मार्गारीटा नाम के एक छोटे से द्वीप के लिए निकली. वहां एयरपोर्ट पर मैं कार का इंतजार कर रही थी. शुरू में तो मुझे सब सामान्य लगा. लेकिन जब देर तक कार नहीं आई तो मामला बिगड़ने लगा. काफी देर इंतजार करने के बाद भी कार नहीं आई. धीरे-धीरे पूरा एयरपोर्ट खाली होने लगा. अंत में मैंने देखा कि वहां अकेली मैं ही बच गई हूं.

उन्होंने आगे के अनुभव को और भी ज्यादा दुखद बताया है. बकौल जोआकिम,

मेरे फोन ने भी काम करना बंद कर दिया. दोपहर के 1 बजे गए थे और आसपास कोई नहीं था. लेकिन तभी एक आदमी आया और टूटी-फूटी अंग्रेजी में कहा कि वो मुझे होटल ले जाने आया है. मुझे राहत मिली. लेकिन जैसे ही मैं कार में बैठी, आगे की सीट पर एक और आदमी बैठा दिखा. मैं तनाव में आ गई. आमतौर पर मैं दो अजनबियों के साथ कार में कभी नहीं बैठती. लेकिन मेरे पास कोई और विकल्प नहीं था. मैं इतना डर गई थी कि मैंने अपने बैग से छोटा-सा चाकू निकाल लिया. और पूरे आधे घंटे की यात्रा में चाकू को हाथ में पकड़े रखा. 

Advertisement

महिला बताती हैं कि वो किसी तरह एक होटल में पहुंची जो पूरी तरह से जर्जर था. उन्होंने अपना सामान दरवाजे के सामने रखा ताकि उसे कोई बाहर से आसानी से ना खोल पाए. उन्हें रात भर नींद नहीं आई. 

आगे और भी बुरा हुआ. अगले दिन जब वो एयरपोर्ट पहुंचीं और टैक्सी का किराया दे रही थीं, तभी एक लड़के ने उनका बैग छीन लिया और भागने लगा. वो उसके पीछे गईं, तो उसने अवैध तरीके से तुरंत एयरपोर्ट में चेक-इन कराने का ऑफर दिया. जोआकिम ने अनिच्छा से कुछ पैसे दिए और आगे की फ्लाइट के लिए चेक-इन कर लिया. वापस लौटते वक्त उनको कराकास हवाई अड्डे पर थोड़ी देर रुकना पड़ा, उसके बाद उन्होंने सीधे इंग्लैंड की फ्लाइट ली.

ये भी पढ़ें: विदेश यात्रा, SUV का लालच देकर MLM कंपनी ने कइयों को ठगा, ED ने कैश समेत 170 करोड़ की प्रॉपर्टी सील की

कुछ अलग करने की चाहत…

56 साल की गेराल्डिन जोआकिम हिप्नोथेरेपिस्ट और वेलनेस कोच हैं. हिप्नोथेरेपिस्ट एक तरह के मनोचिकित्सक होते हैं जो सम्मोहन की मदद से मेडिटेशन में मदद करते हैं. जोआकिम इससे पहले अंतरराष्ट्रीय मार्केटिंग के क्षेत्र में काम करती थीं. तब वो अपने काम के सिलसिले में दुनिया भर में घूमती थीं. लेकिन अब वो पूरी तरह से मनोरंजन के लिए घूमती हैं. 

जोआकिम ने पिछले साल विदेश की 5 यात्राएं कीं. उन्होंने अंडोरा में स्कीइंग (बर्फ पर एक तख्ती के सहारे फिसलने की एक्टिविटी) की. दक्षिण अफ्रीका में उन्होंने सफारी का आनंद उठाया. उन्होंने इटली के विला में छुट्टियां बिताईं. साथ ही मिस्त्र के शर्म अल शेख में उन्होंने एक सप्ताह तक डाइविंग (गोताखोरी) की. वो बेल्जियम के मोन्स गई थीं. वो वहां के क्रिसमस बाजार को भी देखने गई थीं.

बकौल जोआकिम, विदेश जाकर वो ऐसा कुछ नहीं करतीं जो आमतौर पर किसी दूसरी जगहों पर भी किया जा सकता है. मसलन कि वो सिर्फ समुद्र तट पर बैठने या सिर्फ होटल में रुकने के लिए वहां नहीं जातीं. उन्हें ये महसूस करना अच्छा लगता है कि वो किसी अलग जगह पर हैं. इसलिए उनका प्रयास होता है कि वो कुछ अलग करें.

वीडियो: सोशल लिस्ट : अफगानिस्तान घूमने गई ट्रेवल इंफ्लुएंसर मिलीं तालिबानियों से, फोटो वायरल होने के बाद मचा बवाल

Advertisement