The Lallantop

मोहम्मद दीपक के लिए आगे आए सुप्रीम कोर्ट के कई वकील, ठप पड़े जिम को चला दिया

Uttarakhand के कोटद्वार में मुस्लिम दुकानदार को भीड़ से बचाने वाले दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक की मदद के लिए सुप्रीम कोर्ट के 15 सीनियर वकील सामने आए हैं. उन्होंने दीपक की आर्थिक मदद के लिए उनके जिम की वार्षिक सदस्यता ली है.

Advertisement
post-main-image
दीपक के जिम को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट के वकील आगे आए हैं. (इंडिया टुडे)

उत्तराखंड के कोटद्वार में मुस्लिम दुकानदार को बचाने वाला वीडियो वायरल होने के बाद दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद’ दीपक की वाहवाही तो हुई, लेकिन उनके जिम की सदस्यता लेने वाले लोगों की संख्या काफी घट गई. और जिम के बंद होने की नौबत आ गई. इस खबर के सामने आने के बाद सुप्रीम कोर्ट के 15 सीनियर वकील मोहम्मद दीपक की मदद के लिए सामने आए हैं. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बीती 26 जनवरी को दीपक ने कुछ लोगों के एक समूह का विरोध किया था जो पार्किंसंस बीमारी से ग्रस्त एक मुस्लिम व्यापारी से उनकी दुकान के नाम से 'बाबा' शब्द हटाने की मांग कर रहे थे. इस झड़प के दौरान जब दीपक से नाम पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उनका नाम 'मोहम्मद' दीपक है. इसका वीडियो वायरल हो गया, जिसके चलते दीपक सुर्खियों में आ गए.

लेकिन दीपक को इसकी कीमत चुकानी पड़ी. घटना के बाद दीपक बजरंग दल के निशाने पर आ गए. संगठन के सदस्य बड़ी संख्या में दीपक के जिम के पास विरोध करने पहुंच गए. भारी हंगामा हुआ. इसका असर दीपक के काम पर भी पड़ा. इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दीपक के जिम के मेंबर्स की संख्या 150 से 15 रह गई. 

Advertisement

जिम की सदस्यता में आई गिरावट के चलते दीपक कुमार को महीने का 40 हजार किराया और घर बनाने के लिए उठाए लोन को चुकाने में परेशानी आ रही थी. दीपक के आर्थिक परेशानी की खबर आने के बाद CPI(M) के राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास ने जिम का दौरा किया और उसकी सदस्यता ली. इस खबर से प्रेरित होकर सुप्रीम कोर्ट के 15 सीनियर वकीलों ने एक साल की सदस्यता शुल्क के तौर पर 10-10  हजार रुपये का योगदान दिया है.

इस अभियान का नेतृत्व कर रहे एक सीनियर वकील ने बताया कि उन्होंने दीपक से आर्थिक मदद करने के लिए बात की. लेकिन उन्होंने पैसे लेने से इनकार कर दिया. इसके बाद वकीलों ने जिम जाने के इच्छुक स्थानीय लोगों के नाम पर जिम की सालाना सदस्यता ली. जिस पर दीपक राजी हो गए हैं. इसके अलावा ये वकील न्यायिक लड़ाई में भी दीपक की मदद करेंगे. 

वीडियो: हिंदू रक्षा दल के पिंकी चौधरी ने मोहम्मद दीपक को क्या धमकी दी?

Advertisement

Advertisement