The Lallantop

पुलिस ने 'मोहम्मद दीपक' के खिलाफ दर्ज की FIR, राहुल गांधी ने बताया 'हीरो', कोटद्वार विवाद में नया मोड़

Uttarakhand Police ने Deepak Kumar के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. दीपक वही शख्स हैं, जिन्होंने बीते दिनों एक मुस्लिम दुकानदार की मदद की थी. इस मामले में कांग्रेस के सीनियर नेता Rahul Gandhi की भी प्रतिक्रिया आई है.

Advertisement
post-main-image
दीपक वही शख्स हैं, जिन्होंने बीते दिनों एक मुस्लिम दुकानदार की मदद की थी. (फोटो: आजतक)

उत्तराखंड के कोटद्वार (Kotdwar) में एक कपड़े की दुकान के नाम पर उठे विवाद ने तूल पकड़ लिया है. पुलिस ने दीपक कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. दीपक वही शख्स हैं, जिन्होंने बीते दिनों एक मुस्लिम दुकानदार की मदद की थी. इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा काटा. इस मामले में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने दीपक को ‘भारत का हीरो’ बताया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस 1 फरवरी की रात में प्रेस नोट जारी कर मामले में FIR की जानकारी दी. इसमें बताया गया है कि दीपक और उनके साथियों के खिलाफ गाली-गलौज करते हुए जाति-सूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने के संबंध में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं. 

पुलिस ने इस मामले में तीन अलग-अलग केस दर्ज किए. पहला केस 30–40 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सार्वजनिक शांति भंग, सरकारी काम में बाधा और पुलिस से धक्का-मुक्की के आरोप में दर्ज किया गया. दूसरा केस स्थानीय निवासी वकील अहमद की शिकायत पर गाली-गलौज और जातिसूचक भाषा के इस्तेमाल को लेकर दर्ज हुआ. तीसरा केस कमल पाल की शिकायत पर दीपक कुमार और उनके साथियों के खिलाफ दर्ज किया गया है.

Advertisement
क्या है पूरा मामला?

घटना 26 जनवरी की है. उत्तराखंड के कोटद्वार में एक मुस्लिम शख्स की दुकान का नाम बदलने को लेकर बजरंग दल के लोगों ने बवाल कर दिया. पटेल मार्ग पर मौजूद दुकान के नाम में ‘बाबा’ लगा है. हिंदुत्ववादी संगठन के लोग इसे ही बदलने के लिए कह रहे थे. 

एक वायरल वीडियो में कार्यकर्ता बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार से उलझते दिखाई दे रहे हैं. फिर एक शख्स जो अपना नाम वीडियो में ‘मोहम्मद दीपक’ बताते हैं, वो बजरंग दल के लोगों का विरोध करते हैं. दोनों पक्षों में कहासुनी होती है. बाद में दीपक और उनके साथी मिलकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को वहां से धक्के मारकर भगा देते हैं.

इसके बाद, 31 जनवरी को बजरंग दल के कार्यकर्ता दीपक कुमार के विरोध में देहरादून से कोटद्वार पहुंच गए. बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार के मालवीय उद्यान में जमकर हंगामा काटा. हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस को बीच में आना पड़ा.

Advertisement

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार शहर में एक जुलूस निकाला. इसके बाद उन्होंने दीपक कुमार और विजय रावत के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरू कर दिया.
बजरंग दल वालों ने मुस्लिम दुकानदार की मदद करने वाले युवक की जिम के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया. सुरक्षा हालात को देखते हुए पुलिस ने दीपक कुमार और विजय रावत को कोतवाली ले जाकर बैठा दिया. काफी देर तक पुलिस बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझाती रही, लेकिन वे नहीं माने.

इसके बाद सीएम कार्यक्रम/सुरक्षा में आए पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया. तब जाकर पुलिस ने बाहर से आए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को कोटद्वार शहर से बाहर निकाला. दीपक कुमार और विजय रावत के समर्थन में कोटद्वार शहर के दर्जनों लोग कोतवाली पहुंच गए.

ये भी पढ़ें: कौन है ये शख्स जिसने बजरंग दल वालों को मुस्लिम की दुकान से धक्के देकर निकाला?

‘तुम बब्बर शेर हो…’

इस मामले में कांग्रेस के सीनियर नेता राहुल गांधी की भी एंट्री हो गई है. 1 फरवरी की शाम उन्होंने ‘X’ पर एक पोस्ट किया. लिखा, 

 दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं - उस संविधान के लिए जिसे BJP और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं. वे नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है. संघ परिवार जानबूझकर देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है, ताकि भारत बंटा रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज करते रहें.

राहुल गांधी ने उत्तराखंड BJP पर भी हमला बोला है. कांग्रेस नेता ने कहा, 

हमें और दीपकों की ज़रूरत है - जो झुकें नहीं, जो डरें नहीं, और जो पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें. हम तुम्हारे साथ हैं भाई. डरो मत. तुम बब्बर शेर हो'.

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के साथ बातचीत के बाद सहमति बन गई है. दुकान का नाम 'बाबा' ही रहेगा और बजरंग दल की ओर से इस नाम को लेकर कोई विरोध या प्रदर्शन नहीं किया जाएगा. पुलिस ने  चेतावनी भी जारी की है कि क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

वीडियो: मुस्लिम दुकान के बाहर 'बाबा' लिखा देख भड़के बजरंग दल के कार्यकर्ता, वीडियो वायरल

Advertisement