उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में 15 अगस्त की रात को एक अलग ही नजारा देखने को मिला. हजारों लोग एक कपड़े की दुकान के बाहर इकट्ठा होने लगे. दुकान में सेल लगी थी कि कोई भी आइटम मात्र 16 रुपए में मिलेगा. लेकिन यह सेल सिर्फ 16 मिनट के लिए थी. ऑफर सुनते ही हजारों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. ऐसी भयंकर भीड़ इकट्ठा हुई कि पुलिस को आना पड़ा. दूसरी तरफ, दुकानदार ताला लगाकर रफूचक्कर हो गया.
बेटे के जन्मदिन पर लगाई 16 रुपये वाली सेल, हजारों लोग और पुलिस को देख भागा दुकानदार
यह मामला Uttar Pradesh के Kanpur का है. 15 अगस्त की रात मात्र 16 रुपये में कपड़े बेचने के लिए सेल लगी. ऑफर सुनकर हजारों लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. माहौल बिगड़ने पर पुलिस बुलानी पड़ी और दुकानदार दुकान बंद करके भाग गया. क्या है पूरा मामला?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला कानपुर की आलम मार्केट का है. दुकान मालिक रईस आलम के बेटे का बर्थडे था. इस मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर ऑफर डाला कि 15 अगस्त की रात 11:59 बजे से दुकान का कोई भी कपड़ा 16 रुपए में मिल जाएगा. लेकिन ऑफर केवल 16 मिनट के लिए ही रहेगा. ऑफर देखते ही रात करीब साढ़े 11:30 बजे मार्केट में 3 हजारा से भी ज्यादा लोग इकट्ठा हो गए.
इसके बाद दुकान के बाहर भगदड़ जैसे हालात बन गए. लोग भागने लगे. भीड़ से निकलने की कोशिश में कई लोग गिर गए. उनके जूते सड़क पर बिखर गए. करीब एक दर्जन लोगों को मामूली चोटें आई हैं. बात इतनी बिगड़ गई कि भीड़ को कंट्रोल के लिए पुलिस को आना पड़ा. दूसरी तरफ बवाल बढ़ता देखकर दुकानदार ताला लगाकर भाग गया.
ये भी पढ़ें: SBI लॉकर में रखे थे 50 लाख के गहने, महिला ने अब जाकर खोला तो मिला खाली डिब्बा
पुलिस ने क्या बताया?अलग-अलग थानों की पुलिस को तुरंत मौके पर भेजा गया. भीड़ के लगातार बढ़ने पर ACP मंजय सिंह भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे. हालात को काबू में करना मुश्किल हो गया. इसके बाद पुलिस ने लोगों से वहां से हटने के लिए कहा और भीड़ को पीछे धकेलने के लिए लाठियों का इस्तेमाल किया. आखिरकार पुलिस ने इलाके को खाली कराया और पूरे इलाके में मार्च करते हुए लोगों से घर लौटने की अपील की.
तब तक आलम अपनी दुकान बंद करके वहां से जा चुके थे. उनके भाई दुकान के बाहर मिले. पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले गई. पुलिस ने बताया कि दुकान मालिक ने बिना परमिशन के इतनी भीड़ इकट्ठी की, इसलिए उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा.
वीडियो: यूपी: कानपुर में शादी के नाम पर फेक IAS बनकर होने वाली पत्नी से लाखों ठग लिए










