The Lallantop

'ट्विशा ने डॉक्टर के सामने गांजा पीने की बात मानी', सास गिरिबाला का बड़ा दावा

Twisha Sharma death case: ट्विशा और समर्थ की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. दिसंबर 2025 में दोनों की शादी हो गई. लेकिन बीती 11-12 मई की दरमियानी रात ट्विशा ने कथित तौर पर अपनी जान ले ली. मृतक के मायके के लोग उसके पति और सास पर दहेज उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप लगा रहे हैं. इस सबके बीच अब गिरिबाला का बयान आया है.

Advertisement
post-main-image
रिटायर्ड जज गिरिबाल ने प्रेस से बात की. (फोटो-इंडिया टुडे)
author-image
रवीश पाल सिंह

ट्विशा शर्मा आत्महत्या मामले में उनकी सास गिरिबाला सिंह ने अपना पक्ष रखा है. सोमवार, 18 मई को मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने और बेटे पर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है. ट्विशा शर्मा पर अबॉर्शन (बच्चा गिराने) का प्रेशर बनाने के सवाल पर गिरिबाला ने दावा किया कि उनकी बहू ने खुद दवा ली थी. रिटायर्ड जज गिरिबाला ने दावा किया कि ट्विशा ने डॉक्टर के सामने कबूल किया था कि उसने गांजा लिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ट्विशा और समर्थ की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. दिसंबर 2025 में दोनों की शादी हो गई. लेकिन बीती 11-12 मई की दरमियानी रात ट्विशा ने कथित तौर पर अपनी जान ले ली. मृतक के मायके के लोग उसके पति और सास पर दहेज उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप लगा रहे हैं. इस सबके बीच अब गिरिबाला का बयान आया है. 

आजतक के रवीश पाल सिंह से बातचीत में उन्होंने कहा,

Advertisement

पहले बहू हमारे घर आई थी. फिर हम उनके घर गए. हम दोनों के परिवेश में काफी फर्क था. लेकिन समर्थ खुश था, तो हम भी खुश थे. शुरू में लगा कि वो काफी संस्कारी है. लेकिन बाद में पता लगा कि ऐसा नहीं है. मुझे लगा कि मैं परिवर्तन देख सकूं. लेकिन वो मेरी गलती थी. 5 महीनों में वो 5 बार दिल्ली गई. जब आती थी तो उसका बिहेवियर थोड़ा चेंज रहता था. मुझे लगता कि बहुत छोटी उम्र में उसे ग्लैमर वर्ल्ड में पुश किया (गया). इसका कुछ साइकोलॉजिकल प्रेशर रहता होगा.

अबॉर्शन का प्रेशर बनाने के आरोप पर गिरिबाला ने कहा, “उसने अपनी इच्छा से MTP (अबॉर्शन) कराया था. उसने समर्थ को कहा कि मैंने MTP दवा ली है. जब उसने MTP का कोर्स शुरू किया, तो अगले दिन ही कहा था कि अम्मा मुझे ये रिवर्स कराना है. लेकिन उसने एक पल की खुशी महसूस नहीं होने दी. ना हमें ना समर्थ को. हमें उसे सपोर्ट करना था. शाम को मैं ऑफिस से आती थी. गोद में सिर लेकर बैठती थी. मैंने उसकी मां को कहा कि आप आ जाओ घर. ये 6-7 घंटे अकेले रहती है. लेकिन वो नहीं आए. आज वो ही माता-पिता बच्ची के शरीर को पंचतंत्र में विलीन नहीं होने  दे रहे.”

गिरिबाला ने ये भी कहा, 

Advertisement

ट्विशा गांजा कंज्यूम करती थी. जब वो प्रेग्नेंसी को रिवर्स करने के लिए कह रही थी तब डॉक्टर ने पूछा आप ये क्यों करना चाहती हैं. आपने ये कदम क्यों उठाया? तब उसने मेरे सामने कहा I have consumed in large quantities marijuana (मैंने काफी ज्यादा गांजे का नशा किया है). उनके सामने उसने कबूल किया.

प्रेस से बात करते हुए कई बार गिरिबाला ने ट्विशा के ग्लैमर वर्ल्ड में जाने पर बात की. कहा कि उसके माता-पिता ने उसे कम उम्र में धकेल दिया. गिरिबाला ने दावा किया, “एक बार वो 17 की रात कहीं गई. 18 को दिल्ली पहुंची. लेकिन 17 की रात कहां रुकी किसी को नहीं पता. उसने ग्लैमर वर्ल्ड के लिए काफी जगह काम किया.” 

गिरिबाला के मुताबिक ट्विशा को साइकेट्रिक काउंसलिंग भी दी जाती थी. उसको वही दवाइयां दी जाती थीं, जो सिजोफ्रेनिक पेशेंट्स को दी जाती हैं. एकाध दिन ठीक रहती थी. फिर उसमें बदलाव आ जाता था.

आरोपी सास के  मुताबिक उन्होंने ट्विशा के माता-पिता को जब पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया, तो वे सब उन्हीं से उलझने लगे. उन्होंने कहा, “हमें अपने लिए सिक्योरिटी की बात करनी पड़ी.वो मेरे घर की बहू थी. उसके माता-पिता, मीडिया सब हमें क्रिमिनल की तरह देख रहे हैं. लेकिन हमें इंवेस्टिगेटिव एजेंसी पर भरोसा है."

गिरिबाला के वकील ने क्या कहा?

वकील इनोश जार्ज कारलो ने ट्विशा केस में कहा कि गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ को झूठे केस में फंसाया जा रहा है. पुलिस को सारे सबूत दिए गए हैं. उन्होंने कहा, “मेरे फरियादी पर आरोप है कि उन्होंने दो लाख रुपये दहेज की मांग की, जबकि पिछले 4-5 महीनों में मेरे क्लाइंट की ओर से करीब 8 लाख रुपये ट्विशा के बैंक खातों में यूपीआई से दिए गए थे. इसकी रसीद भी बतौर सबूत हमने कोर्ट में जमा की हुई है. अगर हमारे पक्ष ने 8 लाख रुपये ट्विशा को दिए हैं, तो उल्टा हम 2 लाख रुपये दहेज क्यों मांगेंगे. मैं तो कहता हूं कि इसकी जांच होनी चाहिए कि चार महीनों में 8 लाख रुपये का ट्विशा ने क्या किया?”

वकील इनोश का कहना है कि उन्होंने ट्विशा के बैंक डिटेल्स निकालने के लिए कोर्ट में कहा है, ताकि पता लग सके कि इतने पैसे उसने खर्च कहां किए. बच्चा गिराने के सवाल पर वकील ने ससुराल पक्ष की तरफ से कहा, “हमारे ऊपर ये भी आरोप है कि बच्चा अबॉर्ट करवाया, जबकि वो इससे पहले ख़ुद दो बार दिल्ली गई और वापस आई. अगर उसे पता था कि यह लोग बच्चा नहीं चाहते तो फिर दिल्ली अपने घर में रुक सकती थी.”

वकील के मुताबिक ट्विशा की मौत के बाद घर (ससुराल) में अमेजन से दो पार्सल आए हैं, वो किसने ऑर्डर किए? इसकी भी जानकारी सामने आनी चाहिए. 

वीडियो: क्या 200 करोड़ की ओपनिंग के साथ नया इतिहास रचेगी 'रामायण'?

Advertisement