मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है. 20 दिन की एक बच्ची को उसकी ही दादी ने गला दबाकर मार डाला. आरोप है कि उसे सिर्फ़ इसलिए मार दिया गया, क्योंकि वो लड़का नहीं, एक लड़की थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पोती के जन्म से परेशान थी दादी, रात में सोते से उठा ले गई और जान ले ली
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में बीस दिन की एक बच्ची की उसकी ही दादी ने जान ले ली. पुलिस के मुताबिक, महिला पोता चाहती थी इसलिए बच्ची के जन्म से वो खुश नहीं थी.


टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, ये घटना टीकमगढ़ ज़िले के बन्ने बुज़ुर्ग गांव की है. घटनास्थल पलेरा थाना क्षेत्र में आता है. पलेरा पुलिस के मुताबिक़ इस हत्या की आरोपी 60 साल की रेखा है. रेखा पर आरोप है कि उसने अपनी 20 दिन की पोती का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी है.
पोते की लालच में की हत्यापुलिस का कहना है कि रेखा एक पोता चाहती थी. इसी वजह से जब बच्ची का जन्म हुआ तो वो खुश नहीं थी. बच्ची के पिता धनीराम दिल्ली में मजदूरी करते हैं. जबकि बच्ची की मां पुख्खन, गर्भावस्था के दौरान अपने ससुराल में ही थीं. पुलिस का कहना है कि बच्ची के जन्म के बाद से ही बच्ची की दादी, रेखा, अपनी बहू को ताने देने लगी. कहती थी कि उसने बेटे की जगह बेटी को जन्म दिया है.
आरोप है कि घटना करीब रात के 3 बजे घटी. जब मां और बच्ची सो रही थीं, तब रेखा ने बच्ची को गोद में उठाया, घर के बाहर ले गई और उसका गला दबा दिया. इसके बाद वह बच्ची के शव को वापस लाकर मां के बगल में ही लिटा गई.
ये भी पढ़ें: 'करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए', 13 साल के बच्चे से ऐसा जवाब सुन DM भी सकपका गए
सुबह बच्ची ‘मरी’ मिलीसुबह जब मां की आंख खुली, तो बच्ची कोई हरकत नहीं कर रही थी. पुख्खन ने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के लोग इकट्ठा हो गए. आरोप है कि इसी दौरान दादी ने बच्ची की मौत को नेचुरल डेथ दिखाने की कोशिश की और स्थानीय झाड़-फूंक जैसी अंधविश्वासी रस्में तक शुरू करवा दीं.
जब इस बात की सूचना पलेरा पुलिस को मिली तो वो मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों की नज़र बच्ची की गर्दन पर पड़े निशानों पर गई. फिर पुलिस ने मां और दादी, दोनों से अलग-अलग पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि इसी पूछताछ के दौरान पूरी घटना सामने आई है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
वीडियो: बारिश के पानी में डूब कर 3 साल की बच्ची की मौत, गार्ड का तैरता शव मिला











