The Lallantop

टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी में 3 आरोपी अरेस्ट, पुलिस स्टेशन के बाहर बाइक छोड़ हुए थे फरार

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है. राजस्थान के कोटा से 3 आरोपियों को अरेस्ट किया गया है. बताया जा रहा है कि इनमें से एक नाबालिग भी है.

Advertisement
post-main-image
टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले तीन आरोपियों को राजस्थान से पकड़ा गया है. (courtesy: ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • पुलिस ने बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग मामले में राजस्थान के कोटा से तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ जारी है।
  • 18 अक्तूबर को जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद हमलावरों ने पुलिस चौकी के बाहर बाइक छोड़कर भागने की घटना हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।
  • गिरफ्तार आरोपियों की रिमांड और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद मामले को मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है।

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान हरियाणा के फूल सिंह, रेहान, और बिहार के ऋतिक कुमार के तौर पर हुई है. पुलिस ने इस मामले से जुड़े दो और लोगों को हिरासत में लिया है. इनमें से एक को महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास से अरेस्ट किया गया है.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस (12939) से कोटा पहुंचे थे. इसके बाद उन्हें कोटा की रेलवे कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया. फिलहाल जांच टीम उनसे पूछताछ कर रही है.

फायरिंग कर पुलिस चौकी के बाहर छोड़ी बाइक

यहां एक सवाल सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठता है. फायरिंग के बाद हमलावर मुंबई के बिज़ी इलाकों से होते हुए फरार हो गए. हैरानी की बात ये है कि हमलावरों ने अपनी बाइक एक पुलिस चौकी के बाहर छोड़ी और पैदल ही निकल गए. घटना 18 अक्तूबर शाम करीब 7 बजे जुहू में हुई थी. इंडियन एक्सप्रेस ने पुलिस के हवाले से अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि, फायरिंग के बाद तीनों आरोपी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर भागे. वे जुहू से अंधेरी रेलवे स्टेशन की तरफ गए थे.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, इस रास्ते में कई बिजी चौराहे पड़ते हैं. जहां काफी भीड़ होती है. इनमें मिठीबाई कॉलेज के पास का चौराहा, एसवी रोड का जंक्शन और अंधेरी के ईस्ट-वेस्ट फ्लाईओवर के पास का चौराहा शामिल हैं. शाम के वक्त इन इलाकों में ट्रैफिक पुलिस भी तैनात रहती है.

इसके बावजूद आरोपी किसी की पकड़ में नहीं आए. उन्होंने अंधेरी रेलवे स्टेशन के बाहर एक पुलिस बीट चौकी के पास बाइक छोड़ दी. बताया जा रहा है कि इसके बाद वे रेलवे पुल पार करके स्टेशन के पश्चिमी हिस्से से पूर्वी हिस्से की तरफ गए.

पुलिस को शुरुआती जांच में शक है कि आरोपियों ने वहां से एक कार बुक की और फिर आगे निकल गए. हालांकि, इस बात की पुष्टि होना बाकी है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: बॉलीवुड ऐक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, हमले की जिम्मेदारी लेने वाले ने ये वजह बताई

पुलिस आरोपियों तक कैसे पहुंची?

हमलावरों की छोड़ी हुई बाइक रात करीब 9 बजे मिली. यानी फायरिंग के करीब दो घंटे बाद. पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और उसे डीएन नगर पुलिस स्टेशन में रखा गया है. पुलिस अब अंधेरी ईस्ट इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही है. जांच का मकसद ये पता लगाना है कि हमलावर आगे किस रास्ते गए, उन्होंने किस कार का इस्तेमाल किया और क्या किसी ने उन्हें भागने में मदद की.

इस मामले में पहले ही 15 टीमें बनाई गई हैं. एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और राजस्थान पुलिस ने राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. केस को मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने की भी संभावना जताई गई है. फायरिंग में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर और कार के पास खड़े एक अन्य व्यक्ति को गोली लगी थी. हालांकि, टाइगर को सीधे गोली नहीं लगी थी.

फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से हमले की जिम्मेदारी ली गई. हालांकि, पुलिस ने अभी तक गैंग के शामिल होने की पुष्टि नहीं की है. अगर इस गैंग का कोई कनेक्शन सामने आता है, तो ये मुंबई में उससे जुड़ा चौथा बड़ा हमला होगा, जिसमें हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए.

वीडियो: टाइगर श्रॉफ की 'बागी 4' की हालत खराब हुई!

Advertisement