The Lallantop

सलमान का काफिला देख बदला पूरा प्लान, टाइगर पर अटैक से पहले रणबीर के घर के बाहर गए

मुंबई पुलिस की जांच में आरोपियों के रणबीर कपूर और सलमान खान के घरों तक जाने की जानकारी सामने आई है. तो क्या इन स्टार्स को भी निशाना बनाने की कोई योजना थी या आरोपी दूसरी वजह से वहां गए थे?

Advertisement
post-main-image
टाइगर श्रॉफ के अलावा सलमान और रणबीर कपूर भी आरोपियों के टारगेट पर थे (COURTSEY- ITG)

क्या टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग से पहले एक्टर रणबीर कपूर हमलावरों के निशाने पर थे? टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले पर जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे बॉलीवुड के दूसरे बड़े सेलिब्रिटी को लेकर जानकारी सामने आ रही है. अब जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले आरोपियों ने एक्टर रणबीर कपूर के बांद्रा वाले घर की भी रेकी की थी. यानी अब जांच इस दिशा में भी बढ़ रही है कि आखिर इस गैंग के निशाने पर और कौन-कौन से बॉलीवुड सितारे थे.

Advertisement
क्या सलमान खान थे असली टारगेट?

मुंबई पुलिस की जांच के मुताबिक, 18 अक्टूबर को जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के पीछे कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित का हाथ सामने आया है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पहले सलमान खान को निशाना बनाने की कोशिश की थी. मुंबई पहुंचने के बाद उन्होंने सलमान खान के घर की रेकी भी की थी. लेकिन सलमान खान की कड़ी सुरक्षा देखकर आरोपियों ने अपना प्लान बदल दिया. सलमान के घर के बाहर लगातार पुलिस की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए हमलावरों को उन्हें टारगेट करना मुश्किल लगा. इसके बाद उनकी नजर टाइगर श्रॉफ पर गई.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों को सोशल मीडिया और फैन पेजों के जरिए टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों की जानकारी मिली थी. उन्हें पता चला था कि टाइगर हर संडे जुहू के एक फुटबॉल ग्राउंड में जाते हैं और वहां उनकी सुरक्षा सलमान खान के मुकाबले कम रहती है. इसी वजह से आरोपियों ने टाइगर को आसान निशाना माना.

Advertisement
टाइगर की मूवमेंट पर नजर रख रहा था लॉरेंस गैंग

जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने टाइगर के मूवमेंट पर नजर रखी थी. पहले उनके घर और जिम की रेकी की गई और उनकी दिनचर्या को समझने की कोशिश की गई. इसके बाद 18 अक्टूबर को आरोपी हथियार लेकर जुहू के उसी इलाके में पहुंचे, जहां टाइगर फुटबॉल खेलने आते थे. जैसे ही टाइगर की कार वहां से निकली, बाइक सवार हमलावरों ने कार पर कई राउंड फायरिंग की. टाइगर इस हमले में सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर और एक फैन के घायल होने की बात सामने आई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और हथियारों को भी ठिकाने लगाने की कोशिश की गई.

रणबीर कपूर के घर की रेकी

जांच में रणबीर कपूर के घर की रेकी का खुलासा सामने आने से पूरे मामले का दायरा और बड़ा हो गया है. हालांकि पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल ये साफ नहीं है कि रणबीर कपूर को टारगेट करने की कोई अंतिम योजना थी या घर की रेकी किसी विस्तृत सर्वे का हिस्सा थी. पुलिस इसी कड़ी को जोड़ने में जुटी है. दरअसल, जांच में आरोपियों के कई बॉलीवुड सेलेब्स के घरों के बारे में जानकारी जुटाने की बात सामने आई है. कुछ रिपोर्टों में सलमान खान के अलावा दूसरे एक्टर्स के घरों की रेकी किए जाने का भी दावा किया गया है. हालांकि, पुलिस की आधिकारिक जांच पूरी होने तक तस्वीर साफ नहीं है.

इस केस का एक और अहम पहलू है हथियारों की सप्लाई. जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपियों तक हथियार पहुंचाने के लिए एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हथियार अमृतसर में एक तय जगह से लिए गए थे. इस तरीके को 'डेड लेटर बॉक्स' तकनीक बताया जा रहा है, जिसमें हथियार या कोई सामान एक तय स्थान पर छोड़ दिया जाता है और दूसरा व्यक्ति बिना सीधे संपर्क के उसे उठा लेता है. इससे हथियार सप्लाई करने वालों और इस्तेमाल करने वालों के बीच सीधा संपर्क छिपा रहता है.

Advertisement

(यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ अटैक केस में दिल्ली से दो औरतें अरेस्ट, मुंबई में किए थे हथियार सप्लाई)

कौन था हमलावरों का हैंडलर?

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क को चला कौन रहा था और आरोपियों को हथियार, पैसे और टारगेट से जुड़ी जानकारी किस तरह उपलब्ध कराई गई. पुलिस के मुताबिक, अनिल पंडित का नाम इस कथित नेटवर्क में अहम कड़ी के तौर पर सामने आया है. केस में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. तीन मुख्य आरोपियों को राजस्थान के कोटा से मुंबई लाकर कोर्ट में पेश किया गया और उन्हें 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है. जांच एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ कर हमले की पूरी साजिश, हथियारों के स्रोत और संभावित टारगेट्स की जानकारी जुटाने में लगी हैं.

वीडियो: Tiger Shroff Firing: एक्टर के नाम से फेक पोस्ट्स हो रहे वायरल, टीम ने चेतावनी जारी की

Advertisement