वंदे भारत एक्सप्रेस को भारतीय रेलवे की शान कहा जाता है. हालांकि, इस ट्रेन में भी कई बार ऐसी घटनाएं होती हैं जिससे इस शानदार ट्रेन की शान में बट्टा लग जाता है. ऐसा ही एक मामला पटना के पास मौजूद दानापुर रेलवे डिवीजन का है. यहां एक पैसेंजर के बिना टिकट यात्रा कर रहा था. कायदे से तो ड्यूटी पर मौजूद टीटी (TTE) साहब को फाइन लगाना चाहिए था या उन्हें पैसेंजर का नया टिकट बनाना चाहिए था. लेकिन टीटीई साहब के अंदर इंसानियत कूट-कूटकर भरी थी. उन्होंने पैसेंजर को डिस्काउंट वाले रेट पर टिकट ऑफर किया. हालांकि, मामला सामने आने के बाद रेलवे ने एक्शन लिया है और टीटीई साहब सस्पेंड हो गए.
वंदे भारत मेें 700 का टिकट 380 में बेच रहे थे, 'डिस्काउंट' ऑफर करनेवाले TTE पर हुआ एक्शन
Vande Bharat News: वंदे भारत एक्सप्रेस से एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि टीटी (TTE) बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्री को टिकट बेच रहे हैं. अब रेलवे ने एक्शन लिया है, जबकि सोशल मीडिया पर भी रिएक्शन की भरमार है.


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टीटीई साहब का एक वीडियो शेयर किया गया. ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है. 'Ghar Ke Kalesh' नाम के एक्स अकाउंट से शेयर किए गए वीडियो में, ट्रेन के एक कोच के अंदर एक पैसेंजर और TTE के बीच बातचीत होती हुई दिखाई दे रही है. कई यूजर्स इस बात पर बहस करने लगे कि क्या रेलवे अधिकारी यानी TTE पैसेंजर की मदद करने की कोशिश कर रहा था या फिर वह कोई गलत काम कर रहा था.
वीडियो क्लिप में TTE को एक पैसेंजर से टिकट के इंतजाम के बारे में बात करते हुए सुना जा सकता है. जब पैसेंजर इस बातचीत को रिकॉर्ड कर रहा था, तो टीटीई ने कथित तौर पर उससे कहा कि वह जिस चीज के लिए रिक्वेस्ट कर रहा है, उसकी अनुमति नहीं है. इसके बाद समझाते नजर आए कि वे 380 रुपये में टिकट का इंतजाम कर सकते हैं. आगे टीटीई साहब जोड़ते हैं कि अगर उनके जरिए टिकट न लिया जाए, तो उसी सफर के लिए यात्री को लगभग 700 रुपये देने पड़ेंगे.

ऐसा लग रहा था कि यात्री इस इंतजाम पर सवाल उठाता रहा, जबकि TTE महोदय बर्थ के पास खड़े होकर कीमतों में अंतर को समझाने की कोशिश करते रहे. हालांकि ये बातचीत किस संदर्भ में हो रही थी, ये साफ नहीं है. लेकिन वायरल क्लिप देख कर यह लगता है कि कथित तौर पर टिकट सामान्य बुकिंग प्रक्रिया से हटकर दिया जा रहा था. वीडियो के वायरल होने के बाद, रेलवे अधिकारियों ने इस पर प्रतिक्रिया दी है. 'रेलवे सेवा' और DRM दानापुर, दोनों ने ही पोस्ट के कमेंट सेक्शन में इस मामले पर अपनी बात रखी है.
सोशल मीडिया पर यूजर्स दे रहे अपनी रायइस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. एक तरफ कई यूजर्स ने इसकी आलोचना करते हुए कहा कि ऐसी हरकतों से सरकारी सेवाओं में भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग को और बढ़ा सकती हैं. कुछ लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि इस तरह की मनमानी अब आम बात हो गई है. लेकिन कुछ सोशल मीडिया यूजर्स को यह मजेदार लगा. उनका कहना था कि TTE ज्यादा पैसे वसूलने के बजाय, उसे सस्ता टिकट दिलाने की कोशिश कर रहा था.
इस वायरल क्लिप के बाद रेलवे टिकटिंग में पारदर्शिता, ट्रेन के अंदर टिकट जारी करने की प्रक्रिया, और सिस्टम के भीतर होने वाली गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने में विजिलेंस डिपार्टमेंट की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चाएं शुरू हो गईं हैं
वीडियो: 'खाने-पीने का इंतजाम रखना था,' वंदे भारत 14 घंटे लेट हुई, तो चढ़ा लोगों का पारा






















