एक नाबालिग लड़की ने हिम्मत करके पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि एक शख्स उसका पीछा करता है. परेशान करता है. आरोपी गिरफ्तार हुआ. जेल गया. फिर उसे जमानत भी मिल गई. और फिर एक ही रात में 6 लोगों की हत्या हो गई. मरने वालों में वह नाबालिग लड़की भी थी. उसकी मां और दादी भी. हत्या का आरोपी वही परेशान करने वाला शख्स था, जो बेल पर रिहा हुआ था. हैरानी की बात ये है कि उसने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को भी नहीं छोड़ा. उन्हें भी कथित तौर पर मार डाला. अब आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
एक रात, 6 मर्डर... बेल पर रिहा रेप के आरोपी ने 2 परिवार खत्म कर दिए, बीवी-बच्चों को भी मार डाला
तेलंगाना के रंगारेड्डी में स्टॉकिंग और पॉक्सो केस में जमानत पर छूटे आरोपी पर एक ही रात में 6 लोगों की हत्या का आरोप है. मृतकों में 17 साल की लड़की, उसकी मां, दादी, आरोपी की पत्नी और दो छोटे बच्चे शामिल हैं.


ये घटना तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शबाद मंडल के दैवलागुडा गांव की है. 10 जुलाई की रात को 6 लोगों की हत्या हुई. हत्या के आरोपी का नाम राज कुमार है. पुलिस का कहना है कि वह मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
चलिए, अब विस्तार से जानते हैं कि उस रात क्या हुआ था?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि 10 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे राज कुमार अपनी कार से गांव से करीब 6 किलोमीटर दूर उस कस्बे में पहुंचा, जहां 17 साल की लड़की अपने परिवार के साथ रहती थी. इसी लड़की के परिवार ने मई महीने में उसके खिलाफ ‘पीछा करने’ और ‘यौन उत्पीड़न’ का मामला दर्ज कराया था. राज कुमार ने लड़की के घर का दरवाजा खटखटाया. दरवाजा खोलते ही उसने लड़की की मां चिट्याला लक्ष्मी पर चाकू से हमला किया. उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद वो घर के अंदर गया और सो रही लड़की की दादी चिट्याला रुक्कम्मा की भी हत्या कर दी.
पुलिस का कहना है कि इसके बाद आरोपी ने 17 साल की लड़की को जबरन अपनी कार में बैठाया और उसे अपने गांव के पास एक झील तक ले गया. वहां चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी और शव झील के किनारे छोड़ दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लड़की की मानसिक बीमार (Mentally challenged) बहन को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया. पुलिस के मुताबिक, लड़की की हत्या करने के बाद राज कुमार अपने घर पहुंचा. रात करीब 11:20 बजे उसने अपनी पत्नी पार्वती सरिता और अपने दो बेटों की भी हत्या कर दी. एक बच्चा 2 साल का था और एक 3 साल का. दोनों बच्चे सो रहे थे, जब उनकी हत्या की गई.
हत्या के बाद पिता को किया फोनआजतक से जुड़े अब्दुल बशीर की रपट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि 6 लोगों को मारने के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन किया और कथित तौर पर पूरी घटना की जानकारी दी. उसने ये भी कहा कि वो अपनी जान भी दे देगा. इसके बाद उसने अपना फोन ऑफ कर लिया और फरार हो गया. जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आरोपी की तलाश की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः 'धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाल रहा था...', उज्बेकिस्तान में क्लासमेट ने भारतीय छात्रा की हत्या की
पॉक्सो एक्ट में दर्ज हुआ था केसNDTV के मुताबिक, मई महीने में राज कुमार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था. आरोप था कि वो नाबालिग लड़की का कोचिंग सेंटर से घर तक पीछा करता था और उस प्रपोज़ल एक्सेप्ट करने का दबाव बना रहा था. रपट के मुताबिक, केस दर्ज होने के बाद राज कुमार कुछ समय तक फरार रहा. बाद में उसने अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दी. जून में उसे अग्रिम जमानत मिल गई. पुलिस ने बताया कि उस पर लगी धाराओं में अधिकतम सजा 7 साल से कम थी इसलिए उसे करीब एक हफ्ते पहले 20 हजार रुपये के निजी बॉंड पर रिहा किया गया था.
लव मैरेज की थीएनडीटीवी के मुताबिक, राज कुमार की पार्वती सरिता के साथ साल 2018 में लव मैरेज हुई थी. शुरुआत में दोनों गांव से बाहर रहे. बाद में शबाद और दैवलागुडा में अपने घरों में रहने लगे. उनके तीन बच्चे थे. उनकी पहली बेटी की बचपन में ही मौत हो गई थी.
वीडियो: दिलजीत दोसांझ स्टारर 'सतलुज' OTT पर दोबारा रिलीज होगी?









