देश के सबसे बड़े यूट्यूब व्लॉगर्स में शामिल सौरव जोशी ने E20 पेट्रोल के मुद्दे पर अपने दावे को लेकर यूटर्न ले लिया है. सौरव ने पहले दावा किया कि E20 ब्लेंडेड पेट्रोल की वजह से उनकी Mercedes-Benz SUV की माइलेज तेजी से गिर गई है. उन्होंने इंजन की हेल्थ को लेकर भी चिंता जताई. लेकिन सर्विस सेंटर में गाड़ी की जांच में इंजन में खराबी सामने आई, जिसका E20 पेट्रोल से कोई वास्ता नहीं था. इस जांच के बाद सौरव ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए अपना बयान वापस ले लिया.
यूट्यूबर सौरव जोशी ने माफी मांगी, गाड़ी की माइलेज गिरने की नई वजह बताई
जाने माने व्लॉगर सौरव जोशी ने अपनी Mercedes-Benz SUV की माइलेज कम होने को लेकर E20 पेट्रोल को जिम्मेदार ठहराया था. लेकिन अब उन्होंने इस मामले में यूटर्न ले लिया है. सौरव ने बताया कि उनकी गाड़ी के इंजन मे खराबी थी, जिसका E20 पेट्रोल से कोई लेना देना नहीं था.


सौरव जोशी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि उनकी कार को Mercedes-Benz सर्विस सेंटर ले जाया गया, जहां जांच के दौरान इंजन में तकनीकी खराबी मिली. सौरव ने पोस्ट में लिखा,
हम मर्सिडीज सर्विस सेंटर गए. वहां पता चला कि इंजन में कोई दिक्कत थी, जिसकी वजह से माइलेज कम मिल रहा था. E20 पेट्रोल को लेकर हुई गलतफहमी के लिए मैं माफी मांगता हूं. मेरा मकसद कभी भी गलत जानकारी फैलाना या किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था. मैंने वीडियो के उस हिस्से को ट्रिम कर दिया है.

E20 पेट्रोल पर उठाए सवाल
उत्तराखंड के हल्द्वानी के रहने वाले सौरव जोशी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक व्लॉग शेयर किया था. 4.1 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स वाले सौरव ने वीडियो में अपनी Mercedes-Benz SUV का डैशबोर्ड दिखाते हुए दावा किया कि सिर्फ 48 घंटे के भीतर कार की माइलेज में बड़ी गिरावट आई है. उनके मुताबिक,
पहले कार करीब 17 किलोमीटर प्रति लीटर का एवरेज दिखा रही थी. इसके बाद ये घटकर 9 किलोमीटर प्रति लीटर पर पहुंच गया और बाद में केवल 5 किलोमीटर प्रति लीटर का एवरेज दिखाई देने लगा.
सौरव जोशी ने अपनी कार की गिरती माइलेज के लिए एथेनॉल मिक्स E20 पेट्रोल को जिम्मेदार ठहराया. उनका कहना था कि स्थानीय पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले फ्यूल की वजह से ये समस्या सामने आ रही है. वीडियो में उनके साथ उनकी पत्नी और कंटेंट क्रिएटर अवंतिका भट्ट ने भी चिंता जताते हुए कहा कि इतनी महंगी कार खरीदने के बावजूद अब उसकी स्थिति परेशान करने वाली लग रही है.
ये भी पढ़ें - उत्तराखंड को लेकर दिए गए बयान पर सौरव जोशी ने मांगी माफी
मर्सिडीज ने सफाई में क्या कहा?
वीडियो वायरल होने के कुछ समय बाद ‘मर्सिडीज बेंज इंडिया’ ने अपने कस्टमर्स के लिए एक ऑफिशियल एडवाइजरी जारी की. हालांकि कंपनी ने अपने बयान में सौरव जोशी का नाम नहीं लिया, लेकिन E20 पेट्रोल को लेकर उठ रही चिंताओं पर अपना रुख स्पष्ट किया. कंपनी ने कहा,
ग्राहकों की सुरक्षा, गाड़ियों की विश्वसनीयता और बेहतर प्रदर्शन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. Mercedes-Benz के सभी BS6 पेट्रोल वाहन E20 फ्यूल के साथ पूरी तरह कम्पैटिबल हैं और संबंधित सरकारी एजेंसियों से इसके लिए ज़रूरी सर्टिफिकेशन भी हासिल किया है.
कंपनी के मुताबिक, उसके सभी BS6 पेट्रोल व्हीकल मौजूदा E20 एथेनॉल मिक्स पेट्रोल पर चलने के लिए डिजाइन और टेस्ट किए गए हैं. ऐसे में ग्राहकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है.
वीडियो: यूट्यूबर सौरव जोशी ने अपने वीडियो से एथेनॉल वाला पार्ट किया डिलीट










