The Lallantop

रणवीर इलाहाबादिया दो-दो समन के बाद भी जब नहीं पहुंचे, तो मुंबई पुलिस ने ये काम किया

Mumbai Police ने India's Got Latent में वल्गर टिप्पणी के मामले में Ranveer Allahabadia को समन किया था. लेकिन वो पुलिस के सामने पेश नहीं हुए. इसके बाद पुलिस की एक टीम उनके आवास पर पहुंची, लेकिन वहां ताला बंद था. इसके बाद क्या हुआ?

Advertisement
post-main-image
रणवीर इलाहाबादिया को मुंबई पुलिस ने दूसरी बार समन भेजा था.

इंडियाज गॉट लेटेंट (India's Got Latent) शो में वल्गर कॉमेंट करने के चलते मुंबई पुलिस ने पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया (Ranveer Allahabadia) को दूसरी बार समन किया. लेकिन इसके बावजूद वे पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचे. इलाहाबादिया को पहले 13 फरवरी को मुंबई के खार पुलिस स्टेशन आना था, लेकिन वो नहीं पहुंचे. उनकी टीम ने बताया कि वो 14 फरवरी को पुलिस के सामने पेश होंगे, हालांकि इस बार भी वो पुलिस की पूछताछ के लिए नहीं पहुंचे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर इलाहाबादिया जब दूसरे दिन भी पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचे तो खार पुलिस वर्सोवा स्थित उनके आवास पर पहुंची. खार पुलिस के साथ असम पुलिस की भी एक टीम थी जो इलाहाबादिया के खिलाफ आपराधिक मामले की जांच कर रही है. हालांकि इस दौरान उनके आवास पर ताला लगा था. पुलिस ने उनके आवास के बाहर एक नोटिस चिपका दिया, जिसमें उनसे जल्द ही पुलिस के सामने पेश होने को कहा गया है.

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इलाहाबादिया के वकील से भी संपर्क नहीं हो पाया है. इंडियाज गॉट लेटेंट शो के एक वायरल क्लिप पर काफी हंगामा हुआ. जिसके चलते पहले असम पुलिस और फिर महाराष्ट्र पुलिस ने कथित तौर पर अश्लील सामग्री बनाने और इसे यूट्यूब पर दिखाने के आरोप में रणवीर इलाहाबादिया, कंटेट क्रिएटर आशीष चंचलानी, इंफ्लुएंसर अपूर्व मखीजा और शो के प्रोड्यूसर समय रैना के खिलाफ अलग-अलग FIR दर्ज की.

Advertisement

मुंबई की खार पुलिस ने कई शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है. अब तक पुलिस शो के पांच जजों को समन भेज चुकी है. और इस मामले में अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है.

महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने भी इस मामले में 59 लोगों को समन भेजा है. जिसमें शो के सभी जज, कंटेस्टेंट और दूसरे लोग शामिल हैं जो विवादित एपिसोड का हिस्सा थे, जिसमें अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था. 13 जनवरी तक 59 लोगों में से केवल रघु राम ने समन का जवाब दिया है. और अपना बयान दर्ज कराया है.

रणवीर इलाहाबादिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर अपने 'असंवेदनशील मजाक' के लिए माफी मांगी है. वहीं समय रैना ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि उन्होंने यूट्यूब से इंडियाज गॉट लेटेंट के सभी एपिसोड हटा दिए हैं. और जांच में एजेंसियों का पूरा सहयोग करेंगे. उनकी लीगल टीम ने बताया कि वो फिलहाल अमेरिका में हैं. और 17 फरवरी तक भारत लौटकर जांच में शामिल होंगे.

Advertisement

वीडियो: रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना विवाद को यूट्यूबर ध्रुव राठी ने बताया एजेंडा

Advertisement