झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में छात्रों का आंदोलन जारी है. कई अभ्यर्थी और छात्र नेता रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में भूख हड़ताल पर बैठे हैं. इन्हीं में से एक छात्र राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ गई है. उन्हें एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया है. डॉक्टरों ने बताया कि राहुल का ब्लड प्रेशर बढ़ गया है. उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है.
रांची में भूख हड़ताल पर बैठे छात्र की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी
झारखंड जेपीएससी (JPSC) परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ रांची में छात्रों का आंदोलन जारी है. भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध शुक्रवार, 7 अगस्त को 14वें दिन भी जारी है. छह प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर हैं. इनमें से एक छात्र राहुल क्रांति की तबियत अचानक खराब हो गई. एक दिन पहले ही उन्होंने बताया था कि प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से हेल्थ चेकअप की अपील की थी, लेकिन सुबह 8.30 बजे तक प्रदर्शन स्थल पर कोई डॉक्टर नहीं पहुंचा.
डॉ. दिव्यांशु ने न्यूज एजेंसी को बताया,
“राहुल का ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया है, जिससे उन्हें तेज सिरदर्द हो रहा है. उन्हें बुखार की भी शिकायत है, इसलिए उसे तुरंत सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है. बाकी लोगों की हालत सामान्य है. उनके वाइटल्स और अन्य पैरामीटर्स की भी जांच की गई है, और सब कुछ सामान्य है.”
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन बीजेपी विधायकों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विधानसभा परिसर के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. विपक्षी विधायकों ने तख्तियां उठाईं और JMM सरकार पर निशाना साधते हुए 'स्टूडेंट्स का भविष्य बेचना बंद करो' और 'JPSC परीक्षा में गड़बड़ियों की CBI जांच की सिफारिश करो' जैसे नारे लगाए. BJP के चीफ व्हिप नवीन जायसवाल ने कहा कि कथित जॉब एग्जाम स्कैम की CID जांच ‘मामलों को दबाने’ के लिए शुरू की गई है.
ये भी पढ़ें: JPSC प्रोटेस्ट: सरकार से बातचीत के लिए बने डेलिगेशन के साथ लल्लनटॉप के रिपोर्टर भी जाएंगे
AISA नेता ने छात्रों से मुलाकात कीऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की नेता नेहा बोरा ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से मुलाकात की. उन्होंने कहा,
“मैं जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में विरोध कर रहे उन छात्रों का समर्थन करती हूं जो बड़े पैमाने पर गड़बड़ी, घोटाले और भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण JPSC और JSSC CGL परीक्षाओं को रद्द करने और तुरंत दोबारा परीक्षा का शेड्यूल जारी करने की मांग कर रहे हैं. मैं झारखंड सरकार से अपील करती हूं कि वह जल्द से जल्द उनकी मांगों पर ध्यान दे, उनसे बातचीत करे और भूख हड़ताल पर बैठे लोगों की सेहत का ध्यान रखे.”
उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे इस आंदोलन से प्रेरणा लें, जैसी उन्होंने जंतर-मंतर के आंदोलन से ली थी. AISA नेता ने कहा कि छात्र अपनी जायज मांगों के लिए भूख हड़ताल पर बैठे हैं.
वीडियो: रांची में JPSC Protest में JLKM नेता टाइगर जयराम महतो का बड़ा बयान













