The Lallantop

15 लाख रुपये एकड़ वाली जमीन 3 करोड़ के रेट में खरीदी, PCA लैंड डील में बड़ा घोटाला?

पूर्व क्रिकेटर राकेश हांडा ने जमीन खरीद को लेकर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में बठिंडा में 18.5 एकड़ और अमृतसर में 19.5 एकड़ जमीन की करोड़ों रुपये की लैंड डील को चुनौती दी. इसके बाद ED ने भी इस मामले में कथित गड़बड़ी पकड़ी है.

Advertisement
post-main-image
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) की लैंड डील पर उठे सवाल. (Courtesy: @pcacricket /X)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने अमृतसर के भल्ला गांव में 19.5 एकड़ जमीन फरवरी 2026 में करीब 58 करोड़ रुपये में खरीदी, जो अगस्त-नवंबर 2025 में 15 लाख प्रति एकड़ थी।
  • एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने जमीन सौदे में कीमतों के असामान्य वृद्धि और संभावित धोखाधड़ी के आधार पर मोहाली पुलिस को FIR दर्ज करने की सिफारिश की है।
  • पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने 18 अगस्त 2026 को ED और PCA को नोटिस जारी कर इस मामले की सुनवाई शुरू की है, जिसके बाद जांच प्रक्रिया जारी है।

पंजाब के अमृतसर का एक गांव. अगस्त-नवंबर 2025 में इस गांव की जमीन का भाव 15 लाख रुपये प्रति एकड़ था. फिर ऐसी चांदी कटी कि फरवरी 2026 में वही जमीन 3 करोड़ रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से बिक गई. यानी करीब 20 गुना उछाल. अब सवाल है कि इतनी महंगी जमीन खरीदी किसने? नाम सामने आया पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) का. एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने इस जमीन के सौदे में कथित गड़बड़ी पकड़ी है और मोहाली पुलिस को FIR दर्ज करने की सिफारिश की है.

Advertisement
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन पर उठे सवाल

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला 19.5 एकड़ जमीन से जुड़ा है, जिसे पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने एक स्पोर्ट्स फैसिलिटी बनाने के लिए खरीदा. जमीन सौदे की बारीकियों पर ED की नजर पड़ी, तो कथित गड़बड़ी सामने आई. ED इस मामले में कानूनी शिकंजा कसने पर आगे बढ़ रही है.

अगस्त-नवंबर 2025 में दो रियल एस्टेट डेवलपर्स ने पंजाब के अमृतसर में 15 लाख रुपये एकड़ के हिसाब से कृषि जमीन खरीदी. फरवरी 2026 में यही जमीन करीब 3 करोड़ रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से PCA को बेच दी. इसके अलावा, जुलाई 2026 में इन्हीं दोनों डेवलपर्स के बीच गांव की जमीन को लेकर 31-33 लाख रुपये प्रति एकड़ का लेन-देन भी सामने आया.

Advertisement
ED ने मोहाली पुलिस से क्या कहा?

ED ने मोहाली के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) वरुण शर्मा को लिखा,

"ये साफ है कि PCA द्वारा अधिग्रहित जमीन को कुछ लोगों या एंटीटीज ने पहले खरीदा और फिर कुछ ही महीनों के अंदर उसे अपनी खरीद कीमत से कई गुना ज्यादा दाम पर PCA को बेच दिया. साथ ही, इसमें आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी जैसे संज्ञेय अपराध भी किए गए हैं."

ED ने आगे लिखा, "ये जानकारी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा 66(2) के तहत शेयर की जा रही है, ताकि उचित धाराओं के तहत FIR दर्ज की जा सके..."

Advertisement

अब जमीन की खरीद-फरोख्त की हिस्ट्री जानते हैं.

  • 2 अगस्त 2025 को PCA की टॉप कमेटी ने अमृतसर में स्टेडियम के लिए जमीन खरीदने पर चर्चा करने के लिए मीटिंग की.
  • 7 अगस्त को 'फ्यूचर होम्स' ने अमृतसर के भल्ला गांव में कश्मीर सिंह से 19.5 एकड़ जमीन 2.95 करोड़ रुपये में खरीदी (सेल डीड नंबर 1085).
  • 20 अगस्त को PCA ने स्टेडियम के लिए लैंड रिक्वायरमेंट का एडवर्टाइजमेंट जारी किया. माने, PCA को जमीन की जरूरत है, जिसके पास एडवर्टाइजमेंट में बताई शर्तों के मुताबिक जमीन है, वो PCA को ऑफर कर सकता है.
  • 4 सितंबर को 'AGM हाइट्स' ने अंग्रेज सिंह से 5.7 एकड़ जमीन 86 लाख रुपये में खरीदी (सेल डीड नंबर 1221).
  • 28 नवंबर को 'AGM हाइट्स' ने सतविंदर सिंह और साहिबजीत सिंह से दो एकड़ और जमीन कुल 50 लाख रुपये में खरीदी (सेल डीड नंबर 1761).
  • 16 फरवरी 2026 को 'AGM हाइट्स' और 'फ्यूचर होम्स' ने दो सेल डीड (नंबर 2324 और 2325) के जरिए 19.5 एकड़ जमीन PCA को 58.22 करोड़ रुपये में बेची.
  • 6 और 7 जुलाई को भल्ला गांव में दोनों डेवलपर्स के बीच चार ट्रांजैक्शन में जमीन की कीमत 31 लाख रुपये से 33 लाख रुपये प्रति एकड़ के बीच दर्ज की गई.
पूर्व क्रिकेटर ने PCA पर सवाल उठाए

पूर्व फर्स्ट-क्लास क्रिकेटर राकेश हांडा ने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) मैनेजमेंट पर जमीन खरीद में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का रुख किया है. याचिका में बठिंडा में 18.5 एकड़ और अमृतसर में 19.5 एकड़ जमीन की खरीद पर सवाल उठाए गए.

यह भी पढ़ें: एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या का आरोपी अरेस्ट, CBI जांच की मांग पर अड़ा परिवार

राकेश हांडा का आरोप है कि इन सौदों के लिए PCA की गवर्निंग बॉडी या सालाना जनरल मीटिंग से अनिवार्य मंजूरी नहीं ली गई. 18 अगस्त 2026 को हाई कोर्ट ने ED और PCA प्रबंधन को नोटिस जारी किया. मंगलवार, 13 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान ED ने शुरुआती जांच रिपोर्ट पेश की.

PCA ने जमीन सौदे का बचाव किया

PCA ने खरीद प्रक्रिया का बचाव किया है. PCA प्रेसिडेंट अमरजीत सिंह मेहता ने बताया कि अगस्त 2025 को जारी एसोसिएशन के एडवर्टाइजमेंट के मुताबिक ही जमीन खरीदी गई. उन्होंने कहा कि एडवर्टाइजमेंट की शर्तों के हिसाब से कोई भी जमीन मालिक PCA के सामने अपनी जमीन पेश कर सकता था.

वीडियो: हरभजन सिंह और पंजाब पुलिस के बीच बढ़ा विवाद, बीच में किसने संभाला मामला?

Advertisement