चंडीगढ़ में बीजेपी ऑफिस के बाहर हुए धमाके का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में दिख रहा है कि हमलावर अपनी जेब से एक ग्रेनेड निकालता है. उसका लॉक खोलता है और फेंककर मौके से फरार हो जाता है. उसका फेंका हुआ ग्रेनेड बीजेपी ऑफिस के पास एक स्कूटी के पास जाकर फट जाता है. वीडियो में जोरदार धमाके की आवाज सुनी जा सकती है.
बीजेपी ऑफिस के बाहर ब्लास्ट करने वाले शख्स के हाथ में नीला ग्रेनेड था, पता है कहां से आता है?
चंडीगढ़ में शाम को पांच बजे के आसपास बीजेपी ऑफिस के बाहर जोरदार धमाका हुआ. इस धमाके का वीडियो सामने आया है. वीडियो में हमलावर ग्रेनेड फेंकते हुए दिख रहा है. इस घटना के बाद से बीेजपी ऑफिस और आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


यह घटना शाम के करीब पांच बजे की बताई जा रही है. धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गए और मौके पर हड़कंप मच गया. बीजेपी ऑफिस के बाहर पार्किंग में खड़ी एक स्कूटी के पास ये धमाका हुआ था. स्कूटी के मालिक ने बताया कि धमाके की वजह से स्कूटी के शीशे टूट गए.
इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके.
वीडियो में हमलावर के हाथ में नीले रंग का ग्रेनेड दिख रहा है. सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले भी पंजाब में नीले रंग के ग्रेनेड बरामद किए गए हैं. ये ग्रेनेड ड्रोन की मदद से पाकिस्तान द्वारा भेजे जाते रहे हैं. हालांकि इस मामले में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं. पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं और उनका मकसद क्या था.
खालिस्तानी आतंकी सुखजिंदर सिंह बब्बर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस धमाके की जिम्मेदारी ली है. इंडिया टुडे के मुताबिक इस पोस्ट में उसने लिखा कि 1 अप्रैल 2026 को ये हमला किया गया, जिसका मकसद भारत को संदेश देना है.
सुखजिंदर ने इस पोस्ट में पंजाब के सिख युवाओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का जवाब देने की बात कही है. उसने गुरुदासपुर में रणजीत सिंह के हत्यारों को भी नहीं छोड़ने की बात की है. इसके साथ ही पोस्ट में खालसा पंथ और खालिस्तान को लेकर नारे भी लिखे गए हैं.
फिलहाल इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच में जुटी हैं.
वीडियो: संसद के शीतकालीन सत्र 2025 से पहले विपक्ष ने SIR, दिल्ली कार ब्लास्ट को लेकर क्या मांग की?




















