महाराष्ट्र के पुणे में एक महिला और 2 पुरुष कॉन्स्टेबल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. तीनों पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर स्कूल की एक नाबालिग लड़की को प्रिंसिपल पर फर्जी केस करने के लिए राजी किया था. इसके बाद एक प्रिंसिपल को POCSO (Protection of Children from Sexual Offences Act) में फंसाने की धमकी देकर 7 लाख की वसूली की. आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
पॉक्सो में फंसाने की धमकी देकर प्रिंसिपल से 7 लाख वसूले, महिला सिपाही समेत 3 पर केस
आरोपी एक स्कूल में ‘गुड टच-बैड टच’ पर अवेयरनेस सेशन लेने पहुंचे थे. यानी स्कूली बच्चों को सेक्सुअल हैरसमेंट के बारे में जानकारियां देने गए थे.


तीनों ही आरोपियों का संबंध महाराष्ट्र पुलिस से है. आरोपियों में शामिल सोनाली हिंगे पुणे की ‘दामिनी स्क्वाड’ की मेंबर हैं. ये वही टीम है, जो महाराष्ट्र में महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाई गई थी. दूसरा आरोपी अजीत बडे पुलिस सब-इंस्पेक्टर है. तीसरा नाम सुदामा तायडे का है, जो पुलिस कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है.
इंडिया टुडे से जुड़े ओंकार बाबूराव वाबले की रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों एक स्कूल में ‘गुड टच-बैड टच’ पर अवेयरनेस सेशन लेने पहुंचे थे. यानी स्कूली बच्चों को सेक्सुअल हैरसमेंट के बारे में जानकारियां देने गए थे. इस दौरान तीनों ने स्कूल के प्रिंसिपल को ही अपना निशाना बना लिया. आरोप है कि उन्होंने स्कूल के प्रिंसिपल को POCSO एक्ट के तहत केस में फंसाने की धमकी दी. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 18 से 28 जुलाई 2025 के बीच तीनों आरोपियों ने स्कूल की एक नाबालिग लड़की को प्रिंसिपल पर झूठा केस करने के लिए तैयार किया था.

क्राइम ब्रांच की इंस्पेक्टर वर्षा देशमुख ने लड़की की शिकायत की जांच की और पाया कि तीनों पुलिसकर्मियों ने उसे शिकायत दर्ज कराने के लिए मजबूर किया था. प्रिंसिपल को डराकर 7 लाख रुपये की वसूली की थी. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कानूनी कार्रवाई और बदनामी के इसी डर के चलते प्रिंसिपल ने कथित तौर पर 7 लाख रुपये दे दिए लेकिन कुछ समय के बाद प्रिंसिपल को उन पर शक हुआ. इसके बाद उन्होंने तीनों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी.
यह भी पढ़ें: रेलवे पुलिस से बचने को तालाब में घंटों डूबा रहा चोर, कमल की डंडी ने मरने नहीं दिया
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुणे के पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने तत्काल जांच के निर्देश दे दिए. शुरुआती जांच में तीनों आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि हुई है. साथ ही अब तीनों के खिलाफ बंडगार्डन पुलिस स्टेशन केस भी दर्ज कर लिया गया है.
अजीत बाडे साइबर पुलिस स्टेशन में तैनात हैं, जबकि सोनाली हिंगे और सुदाम तायडे शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन से जुड़े हुए हैं.
वीडियो: राजधानी: पाकिस्तान ने ईरान-अमेरिका में सीजफायर कराया, भारत पर क्या असर पड़ेगा?




















