पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए बवाल और फायरिंग मामले में एक नया वीडियो सामने आया है. ये वीडियो ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर की ओर से जारी किया गया है. वीडियो के हवाले से दावा किया गया है कि विवाद के दौरान फायरिंग ज्ञान बिंदु से नहीं बल्कि खान सर के गार्ड्स ने की थी. वीडियो सामने आने के बाद खान सर के दो गार्ड्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, खान सर से भी पूछताछ की जा रही है.
'खान सर के कहने पर की गोलीबारी', कोचिंग सेंटर फायरिंग मामले में बड़ा मोड़
खान सर की कोचिंग सेंटर पर हुए हमले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है. इसमें खान सर के गार्ड्स फायरिंग करते दिख रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया है. अब उनसे पूछताछ की जा रही है.


ज्ञान बिंदु टीम के आदर्श कुमार ने 3 जून को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके फायरिंग का वीडियो शेयर किया. वीडियो जारी करते हुए उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना पहले से प्लान की गई थी और फायरिंग ‘खान सर के कहने पर’ की गई. उन्होंने सवाल उठाया कि वीडियो में रोशन आनंद कही नजर नहीं आ रहे, फिर उनकी गिरफ्तारी क्यों हुई. उन्होंने खान सर की गिरफ्तारी की भी मांग की.
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंची और वीडियो में फायरिंग करते दिख रहे दोनों गार्ड्स को लेकर कदमकुंआ थाने आई. 3 घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने वेरिफिकेशन के लिए दोनों के हथियार भी जब्त कर लिए हैं. फायरिंग वाले वीडियो के वेरिफिकेशन के बाद कदमकुआं थाने में नई FIR दर्ज की गई है.
गार्ड्स से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने खान सर से भी पूछताछ की है. बताया जा रहा है कि पुलिस टीम उनके कोचिंग संस्थान पर पहुंचकर पूछताछ कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों गार्ड्स ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने ‘खान सर के कहने’ पर ही फायरिंग की थी. ऐसे में अब खान सर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
2 जून की रात को हुई विवाद की शुरुआत
2 जून की रात करीब 10 बजे पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ. आरोप है कि कुछ लोगों ने कोचिंग सेंटर के बैनर-पोस्टर फाड़े, पत्थरबाजी की और गार्ड की पिटाई की. घटना की सूचना मिलने पर खान सर मौके पर पहुंचे. उन्होंने शुरुआत में दावा किया कि हमलावरों ने 8-10 राउंड फायरिंग की है. लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने फायरिंग वाले बयान से दूरी बना ली.
इसके बाद खान सर की ओर से ज्ञान बिंदु कोचिंग पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद रोशन आनंद ने आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है. इसके पीछे खान सर की साजिश है. अब नया वीडियो सामने आने के बाद मामले ने एक अलग मोड़ ले लिया है.
वीडियो: खान सर कोचिंग सेंटर मामले में किसे अरेस्ट किया? पूरा मामला समझिए



















