पंजाब के मानसा जिले में एक एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की दिन दहाड़े हत्या कर दी गई. ऑन-कैमरा वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान उनपर गोलियां चलाई गईं. परविंदर झोटा एक फार्मेसी की दुकान पर गए थे. वहां उनके और दुकानदार के बीच ड्रग्स को लेकर कुछ विवाद हुआ. इसके बाद दुकानदार ने पिस्तौल उठाई और गोलियां परविंदर के सीने में दाग दीं. परविंदर की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी हत्या के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है. मुख्य आरोपी अश्विनी के घर के बाहर निहंग सिखों ने बवाल किया. पंजाब सरकार ने अश्विनी के खिलाफ बुलडोजर एक्शन किया है. बुलडोजर से उसका घर गिराने के बाद वहां मौजूद भीड़ भी उग्र हो गई. लिहाजा उसके घर में तोड़-फोड़ की गई. फिर उसकी दुकान को आग के हवाले कर दिया गया.
परविंदर झोटा को गोली मारने वाले के घर चला बुलडोजर, भीड़ ने आरोपी की दुकान भी फूंक दी
पंजाब के मानसा में एक फार्मेसी की दुकान पर एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोपी के घर पर सरकार ने बुलडोजर कार्रवाई की, जिसके बाद लोगों ने उसकी दुकान में भी आग लगा दी.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना 13 अक्टूबर की है. परविंदर झोटा पंजाब में नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ सवाल उठाते थे. आज भी उन्होंने वही किया. वो दुकान पर गए और ओनर अश्वनी कुमार से कुछ सवाल पूछे. परविंदर ने अश्वनी से उस व्यक्ति के बारे में पूछा, जिसने कथित तौर पर उसी सुबह वहां से ड्रग्स खरीदी थी. इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई.
वीडियो में दिख रहा है कि अश्वनी पहले पिस्तौल से परविंदर को धमकाता है और फिर गोलियां बरसाना शुरू कर देता है. घटना के बाद अश्वनी कुमार दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया. ये पूरी घटना फेसबुक लाइव के वीडियो में कैद हो गई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परविंदर के समर्थक घटनास्थल पर पहुंच गए.
रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी अश्वनी कुमार फरार हो गया था. उसने अपना फोन भी स्विच ऑफ कर दिया था. हालांकि घटना के कुछ घंटे बाद ही उसे चूरू जिले में स्थित सालासर बालाजी आश्रम से पकड़ लिया गया. पुलिस ने CCTV की मदद से उसे पकड़ा है. पुलिस ने बताया कि उसके भतीजे ने पहले उसे बाईपास के पास छोड़ा था. जिसके बाद उसने ऑटो लिया और बस स्टॉप तक पहुंचा. वहां से उसने सालासर के आश्रम तक की बस ली. चूंकि वो पहले भी कई बार सालासर आ चुका था, इसलिए पुलिस ने उसे ट्रैक कर लिया.
वीडियो: ड्रग्स पर सवाल के बाद हुई मौत, गुलजार सिंह के अंतिम संस्कार में भारी पुलिस बल













