बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमलों के बाद एक वीडियो जारी किया है. वायरल वीडियो में हावा बलूच नाम की महिला फिदायीन (आत्मघाती हमलावर) को बंदूक चलाते हुए दिखाया गया है. वीडियो में हावा ये तक कहती हैं कि, ‘पाकिस्तान डर के मारे आगे नहीं आ रहा है, वो पाकिस्तान BLA का सामना नहीं कर सकता’.
‘पाकिस्तान हमारा सामना नहीं कर सकता’, BLA ने महिला फिदायीन का वीडियो जारी कर दिया संदेश
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुग्टी ने बताया कि 31 आम नागरिक और 17 सुरक्षाकर्मी मारे गए. वहीं, पाकिस्तानी सेना का दावा है कि उन्होंने 145 BLA लड़ाकों को मार गिराया.


बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बताया कि ये हावा बलूच का आखिरी संदेश था. जो उनके मरने से 12 घंटे रिकॉर्ड किया गया था. वीडियो में हावा कहती है,
“बलूच भाई-बहनों, आज तुम्हारी एक बहन पंजाबी आर्मी के सामने खड़ी है. अब तुम लोगों को हिम्मत करके आगे आना चाहिए. हमारे पास और कोई रास्ता नहीं बचा है. पाकिस्तान डर की वजह से आगे नहीं आ रहा. पाकिस्तान हमारा सामना नहीं कर सकता. आज खुशी का दिन है. आज हम दुश्मन का सामना कर रहे हैं.”
हावा लाल-नीला कुर्ता और BLA के लोगो वाला बेसबॉल कैप पहने हुए दिख रही है. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक जब साथी लड़ाका उससे पूछता है, "जंग कैसी चल रही है?" तो वो मुस्कुराते हुए बोली, "जंग तो मजे की है." तभी दूसरा हमलावर उसे उसके कोड नेम से बुलाता है, "द्रोशुम".
हावा आगे कहती है,
"हम बस दुश्मन का इंतज़ार कर रहे हैं, लेकिन दुश्मन कहीं दिख ही नहीं रहा. दुश्मन डरपोक है. वो दूर से ही गोली चला रहा है, सामने आने की हिम्मत नहीं कर रहा. आओ ना, आज हम तुम्हारा इंतज़ार कर रहे हैं. आज तुम्हें बलूच औरतों के फ्रीडम फाइटर्स से भिड़ना पड़ेगा. आज तुम जान जाओगे कि बलूच औरतों का सामना करना कितना मुश्किल है."
उसने कैमरे की तरफ देखते हुए कहा,
"हमारी टीम ने ग्वादर फ्रंट के पास जितने भी पाकिस्तानी सिक्योरिटी वाले थे, सबको मार दिया है. आज दुश्मन की टीम में मातम छाया हुआ है. हर तरफ रोने-धोने की आवाजें आ रही हैं. ये लोग सिर्फ हमारी मां-बहनों पर अपनी ताकत दिखाते हैं. हमसे सीधे मुकाबला करने की हिम्मत नहीं है. ये उनके बस की बात नहीं."
वायरल वीडियो जब खत्म होता है तो हावा बलूच का खून से सना शव पड़ा दिखता है. उसके साथ एक और लड़ाका भी उसी तरह खून से लथपथ, मरा हुआ जमीन पर पड़ा दिखाई देता है.
कौन है हावा बलूच?मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हवा बलोच एक Gen Z लड़की है. उसके पिता BLA (बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी) के लड़ाके थे, जिन्हें 2021 में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने मार दिया था.
हावा ने अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद बलूच अलगाववादी आंदोलन में शामिल हो गई. ये उस ट्रेंड की ओर इशारा करता है कि अब युवा, पढ़े-लिखे लड़के-लड़कियां भी दशकों पुराने बलूच अलगाववादी आंदोलन में हिस्सा ले रहे हैं.
क्या हुआ था?शनिवार, 31 जनवरी 2026 को BLA के लड़ाकों ने बलूचिस्तान के कई जिलों में एक साथ समन्वित (कोऑर्डिनेटेड) हमले किए. इसे उन्होंने ऑपरेशन हेरोफ 2 नाम दिया. जिसका मतलब बलोची भाषा में "काला तूफान" है. पिछले साल 2024 में उनका पहला हेरोफ ऑपरेशन था, जो ज्यादातर सुरक्षाबलों पर केंद्रित था. लेकिन इस बार हमले बहुत बड़े पैमाने पर किए गए.
हमले कई जगहों पर हुए. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक क्वेटा में पुलिस स्टेशन, हॉकी चौक, सड़कें और मोबाइल यूनिट पर बम से हमला हुआ. मस्तुंग में सेंट्रल जेल पर हमला करके कम से कम 30 कैदियों को आजाद कराया गया. ग्वादर में प्रवासी मजदूरों के कैंप पर हमला हुआ, जहां महिलाएं और बच्चे भी मारे गए.
नुश्की में डिप्टी कमिश्नर हुसैन हजारा और उनके परिवार को अगवा कर लिया गया. कलात, पसनी, दल्बंदिन, खारान, पंजगुर, तुर्बत आदि कई इलाकों में पुलिस लाइन, कोस्ट गार्ड पोस्ट, हाईवे और रेलवे लाइन पर हमले किए गए. कई जगहों पर सुसाइड बॉम्बिंग (फिदायीन हमले) भी हुए, और रेलवे ट्रैक पर बम तक लगा दिए गए.
कितने लोग मारे गए?बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुग्टी ने बताया कि 31 आम नागरिक और 17 सुरक्षाकर्मी मारे गए. ग्वादर में मजदूर कैंप पर हमले में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे.
वहीं, पाकिस्तानी सेना का दावा है कि उन्होंने 145 BLA लड़ाकों को मार गिराया. BLA के प्रवक्ता जियंद बलोच ने कहा कि उनके हमलों में 84 पाकिस्तानी सेना, पुलिस और खुफिया एजेंसी के जवान मारे गए. 18 को जिंदा पकड़ा गया है. और उनके सिर्फ 7 लड़ाके मारे गए, जिनमें से 4 फिदायीन थे.
दोनों तरफ से अलग-अलग आंकड़े हैं, लेकिन कुल मिलाकर 200 के आसपास मौतें हुई हैं.
वीडियो: पाकिस्तान आर्मी पर BLA का हमला, शाहबाज़ शरीफ ने लगाए भारत पर आरोप, भारत ने क्या कहा?






















