ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 6 भारतीय जवान शहीद हुए थे. भारत सरकार ने पहली बार आधिकारिक तौर पर इन शहीदों के नाम सार्वजनिक किए हैं. इन वीर जवानों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट के 'रोल ऑफ ऑनर' में दर्ज किया गया है. छह शहीदों में से पांच सेना और एक एयरफोर्स के जवान थे.
'ऑपरेशन सिंदूर' के 6 शहीद जवानों का नाम आया सामने, नेशनल वॉर मेमोरियल में मिली जगह
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद होने वाले 6 जवानों के नाम पहली बार सार्वजनिक किए गए हैं. इन सभी शहीद 6 जवानों का नाम नेशनल वॉर मेमोरियल में दर्ज किया गया है. सेना ने पहली बार इसमें शहीद हुए जवानों के नाम घोषित किए हैं.


राजधानी दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल की 3D वॉल पर साल 2025 के खंड में उनक नाम लिखे गए हैं. नेशनल वॉर मेमोरियल के त्याग चक्र में 1गोल ग्रेनाइट की दीवारें हैं, जिन पर आजादी के बाद से देश के लिए जान देने वाले हर सैनिक का नाम, रैंक और यूनिट लिखी है.
इन 6 जवानों की हुई थी शहादत
सूबेदार मेजर पवन कुमार (10 इन्फैंट्री ब्रिगेड), राइफलमैन सुनील कुमार (4 जम्मू एंड कश्मीर लाइट इन्फैंट्री), लांस नायक दिनेश कुमार (5 फील्ड रेजिमेंट), हवलदार सुनील कुमार सिंह (237 फील्ड वर्कशॉप कंपनी, अग्निवीर मुरली नायक और सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (39 विंग (भारतीय वायु सेना) ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपनी शहादत दी थी.
इन छह शहीदों में से दो को वीरता सम्मान मिल चुका है. राइफलमैन सुनील कुमार को मरणोपरांत वीर चक्र दिया गया, जबकि सार्जेंट सुरेंद्र कुमार को उनकी बहादुरी के लिए मरणोपरांत वायु सेना मेडल मिला था.
6 मई 2025 को POK में 9 आतंकी ठिकानों पर निशाना
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए. भारत सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक इन हमलों में 100 से ज्यादा आतंकियों को मारा गया.
भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कई एयरबेस तबाह किए थे. प्राइवेट कंपनी मक्सर के सैटेलाइट ने इन एयरबेस की फोटोज जारी की थी. इनमें सरगोधा, नूर खान, भोलारी और सुक्कुर के एयरबेस थे. 10 मई 2025 को भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (DGMO) के बीच हुई बातचीत के बाद दोनों देशों ने सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई थी.
2019 में हुआ नेशनल वॉर मेमोरियल का उद्घाटन
नेशनल वॉर मेमोरियल का उद्घाटन साल 2019 में इंडिया गेट के पास हुआ था. यहां स्वतंत्रता के बाद से देश की सुरक्षा के लिए शहीद हुए सैनिकों के नाम दर्ज किए जाते हैं. इन छह नामों के साथ ऑपरेशन सिंदूर भी उन सैन्य अभियानों में शामिल हो गया है, जिनको नेशनल वॉर मेमोरियल पर सम्मान दिया गया है.
वीडियो: क्या वरुण धवन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ वाली फिल्म करेंगे?

















