The Lallantop

ओडिशा में सरकार ने 7 करोड़ में खरीदीं 51 कारें, कस्टमाइजेशन पर खर्च कर डाले 5 करोड़, जांच शुरू

Odisha Mahindra Thar Customisation: एक कार में ज्यादा से ज्यादा 21 आइटम जोड़े गए. 51 कारों पर कुल 5 करोड़ रुपये तक का खर्च आया है. इन मॉडिफिकेशन में खास टायर, एडिशनल लाइट सिस्टम, रिकॉर्डिंग के लिए कैमरा और इमरजेंसी के लिए साइरन जैसे उपकरण शामिल हैं.

Advertisement
post-main-image
Mahindra Thar एक ऑफ रोड कार है. (फोटो-CarWale)

कार में कस्टमाइजेशन कराना कोई नई बात नहीं है. कार में लाइट पसंद नहीं आ रही, दूसरी लगवा लो. कार में ग्लॉसी नहीं, मैट लुक चाहिए, तो PPF चढ़वा लो. कार में मनमुताबिक चेंज कराने का इलाज है- कस्टमाइजेशन, माने अपनी जरूरत के मुताबिक कार में बदलाव कराना. मगर इसी कस्टमाइजेशन ने ओडिशा सरकार के कान खड़े कर दिए हैं. सरकार ने कई महिंद्रा थार खरीदी थीं, जो जांच के दायरे में हैं.

Advertisement

राज्य के वन एवं पर्यावरण विभाग के फील्ड स्टाफ के लिए महिंद्रा थार व्हीकल की खरीद और कस्टमाइजेशन में कथित गड़बड़ियों के लिए जांच का आदेश दिया है. साल 2024 नवंबर महीने में वन विभाग ने 7.1 करोड़ रुपये में 51 ऑफ रोड कार खरीदी थीं. लेकिन सरकार को झटका तब लगा जब उन्होंने पाया कि इन कारों के मॉडिफिकेशन पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी मामले में राज्य के वन और पर्यावरण मंत्री गणेश राम सिंह खुंटिया के साइन वाली एक नोट शीट में कहा गया,

Advertisement

“ओडिशा के अकाउंटेंट जनरल की स्पेशल ऑडिट टीम PCCF (वाइल्ड लाइफ) ऑफिस का स्पेशल ऑडिट करेगी.”

एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि इस जांच में कई चीजों को देखा जाएगा. माने कि क्या कस्टमाइजेशन के लिए पूरी प्रोसेस को फॉलो किया गया था या नहीं. क्या स्टेट फाइनेंस डिपार्टमेंट की सहमति थी या नहीं. कार में इंस्टॉल किए गए आइटम जरूरी थे या नहीं और क्या किसी बाहरी एजेंसी को इसमें शामिल किया गया था या नहीं. जांच के दौरान अगर कोई अनियमितता पाई जाती है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी.

21 उपकरण कारों में जोड़ गए

रिपोर्ट के मुताबिक, एक कार में ज्यादा से ज्यादा 21 आइटम जोड़े गए. 51 कारों पर कुल 5 करोड़ रुपये तक का खर्च आया है. इन मॉडिफिकेशन में खास टायर, एडिशनल लाइट सिस्टम, रिकॉर्डिंग के लिए कैमरा और इमरजेंसी के लिए साइरन जैसे उपकरण शामिल हैं. इन कारों को पेट्रोलिंग, निगरानी और सर्वेक्षण को तेज करने और गैर-कानूनी एक्टिविटी पर अंकुश लगाने के हिसाब से तैयार किया गया है.

Advertisement

इन्हें आग बुझाने के लिए भी मॉडिफाई किया गया है, ताकि कभी जंगलों में आग लगे, तो उन्हें कंट्रोल किया जा सके. इन 51 कारों को राज्य के 22 वाइल्डलाइफ डिवीजन में तैनात किया गया है. इनमें से सबसे ज्यादा 9 कारें सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व में तैनात की गई हैं.

वीडियो: जेमी स्मिथ के किस विकेट ने रिकी पोंटिंग को भी निराश कर दिया?

Advertisement