लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के खिलाफ विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव ले आया है. मंगलवार, 10 मार्च को बजट सत्र के दूसरे फेज में कांग्रेस सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने लोकसभा में ओम बिड़ला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया. आसन पर जगदंबिका पाल बैठे थे और जावेद ने सदन में ओम बिड़ला पर आरोपों की झड़ी लगाना शुरू कर दिया. कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि ओम बिड़ला नेता विपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं देते. लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर 10 घंटे तक चर्चा होगी.
ओम बिड़ला के खिलाफ लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पेश, कांग्रेस MP बोले- 'हम ये करके खुश नहीं'
Om Birla No Confidence Motion: स्पीकर ओम बिड़ला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने की. विपक्ष के डिप्टी लीडर गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी का माइक्रोफोन बंद कर दिया जाता है. अब इस अविश्वास प्रस्ताव पर 10 घंटे तक चर्चा होगी.


बिहार के किशनगंज से कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने सदन में स्पीकर ओम बिड़ला के आचरण पर सवाल उठाए. उन्होंने बिड़ला को पद से हटाने की मांग की. इस बीच लोकसभा में पीठासीन की पावर को लेकर हंगामा हो गया. हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पावर को लेकर आपत्ति जताई. सत्ता पक्ष की तरफ से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के किरण रिजिजू और निशिकांत दुबे ने पलटवार किया.
अविश्वास प्रस्ताव पेश करते हुए मोहम्मद जावेद ने कहा,
"स्पीकर के विपक्ष के नेता और दूसरे विपक्षी नेताओं को बोलने से रोकने, विपक्ष की महिला सांसदों पर बेवजह आरोप लगाने, जनता के मुद्दे उठाने पर विपक्षी सांसदों को पूरे सेशन के लिए सस्पेंड करने और पूर्व प्रधानमंत्रियों के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमाजनक टिप्पणी करने पर रूलिंग पार्टी के सदस्यों को डांट ना लगाने से महसूस होता है कि उन्होंने सदन के सभी वर्गों का विश्वास जीतने के लिए जरूरी निष्पक्ष रवैया बनाए रखना बंद कर दिया है."
प्रस्ताव पर डिबेट शुरू हुई, तो चर्चा की शुरुआत कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने की. विपक्ष के डिप्टी लीडर गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी का माइक्रोफोन बंद कर दिया जाता है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के भाषण के दौरान लगातार उन्हें टोका गया. उन्होंने आगे कहा कि देश का नेतृत्व कमजोर है.
गौरव गोगोई ने कहा कि यह प्रस्ताव किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं है. उन्होंने आगे कहा,
"हमें यह प्रस्ताव लाने में कोई खुशी या उत्साह नहीं है. ओम बिरला के हर सदस्य के साथ अच्छे निजी रिश्ते हैं, लेकिन हमें अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. हम ओम बिड़ला पर व्यक्तिगत हमला नहीं करना चाहते. संविधान और सदन की गरिमा की रक्षा के लिए हम यह प्रस्ताव लाने के लिए मजबूर हैं. बहुत भारी मन से हमें यह प्रस्ताव लाना पड़ रहा है."
गौरव गोगोई ने केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू पर भी बीच में टोकने के लिए तंज कसा. उन्होंने कहा कि अगर टोकने का कोई रिकॉर्ड बनता है, तो किरण रिजिजू को सबसे ज्यादा रुकावट डालने वाले मंत्री के तौर पर देखा जाएगा. यह तब हुआ जब किरण रिजिजू ने गौरव गोगोई को बोलते समय टोका था. फिलहाल, अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा जारी है. सत्ता पक्ष की तरफ से केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू पहले वक्ता होंगे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सबसे अंत में बोलेंगे.
वीडियो: संसद में आज: Israel US Iran War को लेकर राहुल और ओवैसी ने प्रधानमंत्री मोदी से क्या पूछ लिया?


















.webp?width=120)



