The Lallantop

नीतीश के बेटे निशांत की JDU में एंट्री, बोले- 'पार्टी का ख्याल रखूंगा'

Nishant Kumar Joins JDU: Bihar में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में निशांत कुमार JDU में शामिल हुए. Nitish Kumar ने राज्यसभा जाने का फैसला किया है. ऐसे में निशांत का सियासत में उतरना पार्टी के अंदर फ्यूचर लीडरशिप और संगठनात्मक बदलाव का इशारा माना जा रहा है.

Advertisement
post-main-image
JDU का पटका पहनाकर निशांत कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई. (स्क्रीनग्रैब: YT-JDU)
author-image
शशि भूषण कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने आधिकारिक तौर पर राजनीति में एंट्री कर ली है. रविवार, 8 मार्च को राजधानी पटना में निशांत जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल हो गए. JDU की टोपी और पटका पहनाकर उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई. JDU में शामिल होने के बाद निशांत ने कहा कि वे एक सक्रिय कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी का ध्यान रखने की कोशिश करेंगे. नीतीश कुमार के राज्यसभा में नॉमिनेशन के बाद उनके बेटे निशांत सियासत में उतरे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

करीब दो दशकों तक नीतीश के मुख्यमंत्री रहने के बावजूद 50 साल के निशांत कुमार राजनीति से दूर रहे हैं. इंडिया टुडे से जुड़े शशि भूषण कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, JDU के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष संजय झा ने निशांत को पार्टी की सदस्यता दिलाई. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी भी उनके साथ मौजूद थे. हालांकि, नीतीश कुमार इस कार्यक्रम से गायब दिखे.

निशांत के राजनीति में उतरने के साथ माना जा रहा है कि पार्टी में बड़े बदलाव हो सकते हैं. ये पार्टी की फ्यूचर लीडरशिप और पार्टी संगठन से जुड़े बदलाव हो सकते हैं. जब निशांत पार्टी कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं ने 'युवा सोच, मजबूत संकल्प' का नारा लगाया. निशांत ने JDU की सदस्यता लेने के बाद सबसे पहले लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दी.

Advertisement

पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत ने सभी का धन्यवाद किया. बतौर पार्टी कार्यकर्ता अपनी पहली स्पीच में निशांत ने कहा कि वे JDU के लिए मेहनत करेंगे. उन्होंने अपने पिता नीतीश के राज्यसभा के नामांकन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वे नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले का सम्मान करते हैं.

अब देखना ये है कि क्या JDU और भारतीय जनता पार्टी (BJP) वाला सत्तारूढ़ गठबंधन 'नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस' (NDA) निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाता है या नहीं. नीतीश के राज्यसभा जाने पर मुख्यमंत्री की कुर्सी भी खाली हो जाएगी. बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर JDU-BJP के बीच खींचतान भी देखने को मिल सकती है.

वीडियो: राजधानी: पटना की मीटिंग में क्या हुआ, क्या नीतीश कुमार के बेटे निशांत बनेंगे मुख्यमंत्री?

Advertisement

Advertisement