बिहार के समस्तीपुर में ट्रेन के AC फर्स्ट क्लास से 75 लीटर विदेशी शराब बरामद होने के मामले में नई जानकारी सामने आई है. अब जांच सिर्फ नेहा झा और उसके जीजा ईशान की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है. जांच का दायरा शराब की खेप से आगे बढ़कर उसके सोर्स, सप्लायर, खरीदार और पूरे नेटवर्क तक पहुंच गया है. इसमें सबसे अहम कड़ी बन गए हैं नेहा और ईशान के मोबाइल फोन.
बहन-पिता को भी दारू लाते पकड़ा गया... 75 लीटर शराब तस्करी में अरेस्ट नेहा पर नए खुलासे
समस्तीपुर स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और क्राइम इंटेलिजेंस ब्यूरो (CIB) की संयुक्त कार्रवाई में नेहा झा और ईशान कुमार को पकड़ा गया. फर्स्ट क्लास डिब्बे में दो सूटकेस से करीब 75 लीटर ब्रांडेड विदेशी शराब बरामद हुई. अब SIT शराब के सोर्स, सप्लायर, खरीदार और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.

इंडिया टुडे के जहांगीर आलम की रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच के लिए SIT बनाई है. SIT ने नेहा और ईशान के मोबाइल डिटेल, कॉल रिकॉर्ड और व्हाट्सऐप चैट की जांच शुरू की है. मकसद ये पता लगाना है कि दोनों किन लोगों के संपर्क में थे, शराब की खेप कहां से आई थी और इसे बिहार में किसे पहुंचाया जाना था. साथ ही नेहा की ट्रैवल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है. लेकिन ये पूरा मामला शुरू कैसे हुआ?
AC फर्स्ट क्लास और 75 लीटर शराब4 सितंबर को समस्तीपुर स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और क्राइम इंटेलिजेंस ब्यूरो (CIB) की संयुक्त कार्रवाई में नेहा झा और ईशान कुमार को पकड़ा गया. दोनों स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC फर्स्ट क्लास के एक केबिन में थे. तलाशी के दौरान दो सूटकेस से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई.
गिरफ्तारी के बाद कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और नेहा का व्यवहार भी चर्चा में आया. वीडियो में वो पुलिस से काफी आत्मविश्वास के साथ बात करती नजर आई. इसी वजह से सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर कई तरह के दावे और मीम्स भी वायरल हुए.
अब इस केस में एक और कड़ी जुड़ गई है. SIT नेहा के परिवार के पुराने शराब मामलों को भी जांच के दायरे में रख रही है. पुलिस के मुताबिक, नेहा के पिता संजय झा को 15 अगस्त 2024 को सिंघिया थाना पुलिस ने शराब से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था. इसके बाद उसकी बड़ी बहन निशु झा को 30 नवंबर 2025 को 21 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था. मगर अभी ये साफ नहीं है कि क्या ये मामले आपस में जुड़े थे.
ये भी पढ़ें: शराबबंदी के खिलाफ प्रशांत किशोर के ये 3 तर्क सुनकर नीतीश कुमार नाराज़ हो जाएंगे!
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान नेहा ने दावा किया था कि वो हरियाणा से शराब परिवार में होने वाली शादी के लिए लेकर आ रही थी. लेकिन जांच एजेंसी इस दावे को अभी अंतिम सच मानकर नहीं चल रही है. SIT ये पता कर रही है कि अगर शादी के लिए शराब लाई जा रही थी, तो शादी किसकी थी, कब और कहां होनी थी और इतनी बड़ी मात्रा में शराब लाने की जरूरत क्यों पड़ी.
यही वजह है कि अब नेहा और ईशान से पूछताछ में इस दावे की भी पड़ताल की जा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन में इन दोनों के फर्स्ट क्लास केबिन का दरवाजा अंदर से बंद था. सूचना मिलने के बाद RPF और CIB की टीम ने समस्तीपुर स्टेशन पर केबिन को खुलवाया और तलाशी ली. दो सूटकेस से करीब 75 लीटर ब्रांडेड विदेशी शराब बरामद हुई. शराब की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है.
पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास वैलिड टिकट भी नहीं था. पुलिस को इस घटना की जानकारी वाराणसी स्टेशन पर ही मिल गई थी, जिसके बाद उनपर निगरानी रखी गई.
वीडियो: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही लड़की, 100 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार












