The Lallantop

‘दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये देने का सबूत दो’, मीका सिंह का उत्तराखंड के मंत्री को खुला चैलेंज

उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने उन पर लिप-सिंकिंग और नशे के प्रभाव में होने का आरोप लगाया था. उन्होंने दलेर मेहंदी को मोटी रकम देने का भी दावा किया था. अब मीका सिंह ने भुगतान की रसीदें सार्वजनिक करने और दलेर से माफी मांगने की मांग की है.

Advertisement
post-main-image
दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद पर मीका सिंह ने मंत्री सुबोध उनियाल से सवाल पूछा है (COURTSE- ITG)

सिंगर दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुए विवाद में अब उनके भाई और स‍िंगर मीका सि‍ंह ने कैब‍िनेट मंत्री सुबोध उनियाल को चैलेंज क‍िया है. मीका ने एक्स पर ल‍िखा है,‘मंत्री जी, 35 लाख रुपये कैश में दिए गए थे या चेक से? अगर भुगतान की रसीदें आपके पास हैं, तो उन्हें सार्वजनिक कीजिए, ताकि सबको सच पता चल सके.’ 

Advertisement

मंत्री सुबोध उनियाल ने क्या कहा?

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने वायरल वीडि‍याे में दावा क‍िया था क‍ि दलेर मेहंदी ने 35 लाख रुपए का फुल पेमेंट एडवांस करने को कहा था. तो हुआ ये क‍ि 18 अक्टूबर को टि‍हरी के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे थे. उन्होंने दलेर मेहंदी के गाने और परफॉर्मेंस के तरीके पर सवाल उठाए थे. आरोप लगाया गया कि दलेर मेहंदी गा नहीं रहे थे और लिप-सिंक कर रहे थे. मंत्री ने ये भी कहा कि कलाकार ने करीब 35 लाख रुपये का फुल पेमेंट एडवांस में करने के लिए कहा था. इसके अलावा होटल और दूसरी व्यवस्थाएं भी पहले से की गई थीं. बाद में इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और विवाद खड़ा हो गया.

Advertisement

अब एक बार फि‍र मंत्री सुबोध उनियाल का कहना है क‍ि दलेर मेहंदी से उनकी कोई निजी दुश्मनी नहीं है और न ही उनका मकसद उन्हें ठेस पहुंचाना था. लेकिन कोई कलाकार अगर अपनी तबीयत से वाकिफ है, और उसे पता है कि वो ठीक से परफॉर्म नहीं कर पाएगा, तो उसे कार्यक्रम में आने से मना कर देना चाहिए था. मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा,

‘देखिए दलेर मेहंदी साहब एक बहुत बड़ा नाम हैं, और बहुत बड़े गायक हैं. बुलाने के बाद मंच पर ये लगा कि वो केवल लिप्सिंग कर रहे हैं, गाना नहीं गा रहे. मैंने एंकर को बुलाया और कहा कि हमलोग दलेर मेहंदी को सुनने आए हैं, उनकी टीम को नहीं. ऐसी स्थिति में तो उनको परफॉर्म करना चाहिए था. मैंने उनसे कहा कि आप बहुत बड़ा नाम हैं. आपको कम से कम उसकी ग्रेविटी तो रखनी चाहिए. उनके मुंह से बोला नहीं जा रहा था. मुझे लगा कि वो नशे के प्रभाव में हैं. अब किस तरह का नशा था ये तो पता नहीं क्योंकि इतने बड़े कलाकार का मैं मेडिकल तो करवा नहीं सकता.’

मंत्री सुबोध ने आगे बताया,

Advertisement

‘मुझे बाद में बताया गया कि उनकी तबियत खराब थी. तो अगर ऐसा था तो उन्हें बता देना चाहिए था कि ऐसी बात है. उन्होंने पहले कहा था कि खाते में 35 लाख डालिए. फिर होटल आदि की बुकिंग के भी पैसे डालिए. उसके बाद उनका आना हुआ. मेरा या मेला कमेटी का ये मकसद तो था ही नहीं कि उनको ठेस पहुंचाना है. इतने बड़े कलाकार को अपनी ग्रेविटी का ख्याल होना चाहिए.’

मीका सिंह की मंत्री उनियाल को नसीहत

मीका सिंह ने इस मामले को लेकर एक्स पर एक और पोस्ट क‍िया. पोस्ट में उन्होंने कहा कि असली बात ये है कि मंत्री को दलेर मेहंदी का शुक्रगुजार होना चाहिए, क्योंकि उन्होंने कार्यक्रम को बचाया और अपनी जिम्मेदारी पूरी की. मीका के मुताबिक इस कार्यक्रम के लिए पहले सुनंदा शर्मा को बुक किया गया था, लेकिन वो बुखार की वजह से बीमार पड़ गईं. इसके बाद कार्यक्रम से सिर्फ एक दिन पहले दलेर मेहंदी को बुलाया गया और खराब तबीयत के बावजूद उन्होंने कार्यक्रम में परफॉर्म किया.

मीका ने कहा कि ऐसे कलाकार की तारीफ करने के बजाय उस पर आरोप लगाना बेहद दुखद है. उन्होंने मंत्री से कहा कि अगर उनसे गलती हुई है तो उन्हें अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और दलेर मेहंदी से माफी मांगनी चाहिए. साथ ही मीका ने कहा कि दलेर मेहंदी जैसे वरिष्ठ कलाकार सम्मान के हकदार हैं, अपमान के नहीं.

एक और पोस्ट में मीका सिंह ने मंच पर दलेर मेहंदी के नशे में होने के आरोप को गंभीर बताया. उन्होंने कहा कि इस तरह का आरोप एक सम्मानित सिख कलाकार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकता है. मीका ने सवाल किया कि अगर आरोप लगाए जा रहे हैं तो फिर यही सवाल सभी से पूछा जाना चाहिए. उन्होंने मंत्री से पूछा, क्या आप खुद मंच पर नशे में थे? साथ ही उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को अपने शब्दों और व्यवहार के जरिए उदाहरण पेश करना चाहिए.

यही नहीं, उन्होंने एक और पोस्ट में उत्तराखंड के लोगों का दलेर मेहंदी को समर्थन देने के लिए शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि कलाकारों ने हमेशा उत्तराखंड को प्यार दिया है, लेकिन अगर वहां कलाकारों का राजनेताओं की तरफ से अपमान किया जाएगा तो कलाकार वहां परफॉर्म करने क्यों आएंगे? मीका ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंत्री सुबोध उनियाल के व्यवहार का संज्ञान लेने और उचित कार्रवाई करने की अपील भी की.

(यह भी पढ़ें: मंत्री ने स्टेज पर ही दलेर मेहंदी को लताड़ा, भाई मीका सिंह ने कहा- ‘सिंगिंग छोड़ दूंगा अगर...’)

इस पूरे विवाद के बीच म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के कई बड़े नाम दलेर मेहंदी के समर्थन में आए हैं. मीका सिंह के अलावा बादशाह, कपिल शर्मा, हर्षदीप कौर, शान और नील नितिन मुकेश ने दलेर मेहंदी के समर्थन में प्रतिक्रिया दी है. FWICE यानी Federation of Western India Cine Employees ने इस मामले में प्रधानमंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लेटर लिखा है. कहा कि पूरे मामले को ज्यादा संवेदनशीलता और गरिमा के साथ संभाला जाना चाहिए था. 

वीडियो: लल्लनटॉप अड्डा: दलेर मेंहदी ने अपने संगीत के सफर और दिलजीत से नाराजगी की वजह बता दी

Advertisement