एक रिटायर्ड म्यूजिक टीचर. रात में घर से सिर्फ कूड़ा फेंकने निकले थे. लेकिन, कुछ ही देर बाद कुछ लोग एक शख्स को कंधे पर उठाकर सीढ़ियों से नीचे ला रहे हैं. पीछे महिलाएं और बच्चे भी तेजी से सीढ़ियां उतर रहे हैं. ये शख्स थे मणिपुर के मशहूर म्यूजिशियन और रिटायर्ड म्यूजिक टीचर चोंगथम विक्रम सिंह, जो अब इस दुनिया में नहीं रहे.
दिल्ली में मणिपुर के म्यूजिक टीचर कीं हत्या, शोर करने से मना करने पर पीट-पीटकर मार डाला
मणिपुर के मशहूर म्यूजिशियन और रिटायर्ड म्यूजिक टीचर चोंगथम विक्रम सिंह की मौत की खबर फैलते ही किलोकरी में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. स्थानीय लोगों और नॉर्थ-ईस्ट समुदाय के लोगों ने विरोध किया. सवाल उठाया कि सड़क पर विक्रम के साथ मारपीट के समय किसी मदद क्यों नहीं की?

6 सितंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे विक्रम सिंह साउथ-ईस्ट दिल्ली के किलोकरी गांव में अपने घर से कूड़ा फेंकने निकले थे. घर के नीचे कुछ डिलीवरी एजेंट और ढाबा कर्मचारी कथित तौर पर शोर-शराबा कर रहे थे. विक्रम ने उन्हें शोर करने से मना किया. इसी बात को लेकर कहासुनी हुई. विक्रम वहां से निकलकर अपने घर की तरफ बढ़े.
आरोप है कि जिन लोगों से उनकी बहस हुई थी, वो उनका पीछा करते हुए बिल्डिंग तक पहुंच गए. इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू हो गई. विक्रम किसी तरह अपने घर तक पहुंचे, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए. उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई.
विक्रम के बेटे याइफाबा ने उन्हें गंभीर हालत में देखा. इसके बाद वो उन्हें तुरंत ओखला के होली फैमिली अस्पताल ले गए. लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, विक्रम को ब्लंट फोर्स ट्रॉमा यानी किसी भारी चीज से लगी चोटों के साथ अस्पताल लाया गया था. ज्यादा खून बहने की वजह से उनकी हालत बिगड़ी और उनकी जान चली गई.
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने चोंगथम विक्रम सिंह की हत्या पर सख्त प्रतिक्रिया दी. घटना को लेकर उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा. 8 सितंबर को राहुल गांधी ने X पर लिखा,
“मणिपुर के मशहूर म्यूजिशियन चोंगथम विक्रम सिंह जी कुछ लोगों से अपने घर के बाहर शोर कम करने के लिए कहने नीचे गए थे. इसी बात पर उन्हें पीट-पीटकर मार डाला गया.
एक पिता की हत्या उसके अपने ही घर के बाहर, उसके ही देश की राजधानी में कर दी गई. ऐसी कई घटनाओं के बाद, आज दिल्ली में रहने वाला हर नॉर्थ-ईस्ट का परिवार यही सवाल पूछ रहा है - क्या हम यहां सुरक्षित हैं?
शाह का गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस इस बढ़ती अराजकता को रोकने के लिए क्या कर रही है, खासकर नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के खिलाफ?
इस मामले की जल्द से जल्द जांच होनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए. विक्रम जी के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं.”

विक्रम की मौत की खबर फैलते ही किलोकरी में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. स्थानीय लोगों और नॉर्थ-ईस्ट समुदाय के लोगों ने जमकर विरोध किया. सवाल उठाया कि जब सड़क पर विक्रम के साथ मारपीट हो रही थी, तब उन्हें बचाने के लिए कोई आगे क्यों नहीं आया? इसके बाद लोगों ने कैंडल लाइट मार्च निकाला और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
7 गिरफ्तार, 1 नाबालिग पकड़ामामले में सनलाइट कॉलोनी थाने में FIR दर्ज की गई. अब इस केस में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. सात बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 15 साल के एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 19 से 36 साल के बीच है. इनमें कुछ डिलीवरी एजेंट हैं, जबकि कुछ ढाबे पर काम करते हैं.
पुलिस ने CCTV फुटेज, टेक्निकल सर्विलांस और स्थानीय इनपुट की मदद से आरोपियों की पहचान की. इन आरोपियों की पहचान भारत कुमार, प्रमोद, रमजान खान, दीपांशु, मोहन विश्वकर्मा, विजय और मन्नू के तौर पर हुई है.
नॉर्थ-ईस्ट से नस्लीय भेदभाव?लेकिन इस हत्याकांड में एक और सवाल उठ रहा है. क्या विक्रम की हत्या सिर्फ शोर-शराबे को लेकर हुए विवाद का नतीजा थी? नॉर्थ-ईस्ट समुदाय से जुड़े कुछ लोगों ने इसमें नस्लीय भेदभाव के एंगल की भी जांच की मांग की है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि अभी तक रेसिस्ट मोटिव की कोई पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि हमले की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
कौन थे चोंगथम विक्रम सिंह?विक्रम सिंह सिर्फ एक म्यूजिक टीचर नहीं थे. वो मणिपुर के वेस्टर्न म्यूजिक सीन का जाना-पहचाना नाम थे. 1980 के दशक की शुरुआत में वो मणिपुर के मशहूर रॉक बैंड फीनिक्स के लीड गिटारिस्ट रहे. इससे पहले वो अल्ट्रा वायर्स बैंड से जुड़े थे. बाद में ईस्टर्न डार्क जैसे बैंड के साथ भी उन्होंने काम किया. मणिपुर छोड़ने के बाद उन्होंने दिल्ली को अपना घर बनाया और करीब 17 साल तक म्यूजिक टीचर के तौर पर काम किया.
पूर्व सीएम बीरेन सिंह ने दुख जतायाउनका परिवार भी संगीत से गहराई से जुड़ा रहा है. उनकी मां चोंगथम कमला मणिपुर की मशहूर शास्त्रीय गायिका हैं. विक्रम की मौत पर मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी दुख जताया और दिल्ली पुलिस से मामले की पूरी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
यह भी पढ़ें: 'तुम धंधेवाली हो, मेरे पति के... ', दिल्ली में नॉर्थ-ईस्ट की लड़कियों से इतना घटिया बोला, सुनकर शर्म आ जाए
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि उस रात आखिर हुआ क्या था? विवाद की शुरुआत कैसे हुई? विक्रम पर हमला किसने शुरू किया? हमले में किस आरोपी की क्या भूमिका थी? और क्या इस पूरे मामले में सिर्फ शोर-शराबा ही वजह थी? इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और बाकी सबूत जुटा रही है.
वीडियो: दिल्ली में नॉर्थ ईस्ट की लड़की को गाली देने वाले कपल पर क्या कार्रवाई हुई?











