मणिपुर में एक बार फिर से तनाव बढ़ गया है. सेनापति जिले में दो गुट आपस में भिड़ गए. दोनों तरफ से गोलीबारी हुई और कई घर आग के हवाले कर दिए गए. इस दौरान CRPF के एक जवान को गोली लग गई. हालात को नियंत्रण करने के लिए इलाके में एडिशनल सिक्योरिटी फोर्स भेजा गया है.
मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, दो गुटों की लड़ाई में कई घर राख, CRPF के जवान को लगी गोली
मणिपुर के सेनापति जिले में दो गुटों के बीच भिडंत में कई घरों को आग के हवाले कर दिया गया. इनकी भिड़ंत में CRPF का एक जवान घायल हो गया. 24 अगस्त को सुबह करीब 2.30 बजे कांगपोकपी जिले के ताफौ कुकी गांव में कुछ लोगों ने एक घर में आग लगा दिया, जिसके बाद ये हिंसा भड़की.

ताफौ कुकी गांव से शुरु हई आगजनी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 24 अगस्त को सुबह करीब 2.30 बजे कांगपोकपी जिले के ताफौ कुकी गांव में कुछ लोगों ने एक घर में आग लगा दिया. कांगपोकपी में आगजनी की घटना के बाद सेनापति जिले के नागा ताफौ में तड़के 4 बजे कई घर जला दिए गए. इसके बाद ताफौ नागा इलाके में सुबह करीब 9.20 बजे दो गुट आपस में भिड़ गए. उनके बीच गोलीबारी हुई. गोलीबारी में CRPF का एक जवान घायल हो गया. घायल जवान को सेनापति जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल वह खतरे से बाहर है. CRPF के एक अधिकारी ने बताया कि इलाके में स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है.
कुकी विलेज अथॉरिटी ने किया विरोध प्रदर्शन
सेनापति में आगजनी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. इन लोगों ने टायर और लकड़ी जलाकर नेशनल हाईवे -2 (इम्फाल-दिमापुर मार्ग) जाम कर दिया, जिससे काफी देर तक गाड़ियों की आवाजाही बंद रही. ताफौ कुकी विलेज अथॉरिटी ने घर में आग लगाने की कड़ी निंदा की है. संगठन ने इसे बेहद निंदनीय और अस्वीकार्य बताते हुए प्रशासन और पुलिस से दोषियों की पहचान करके कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. अथॉरिटी ने प्रशासन को इसके लिए 24 घंटे का समय दिया है.
ये भी पढ़ें - Bangladesh में फिर से हिंसा, घर जलाए गए, Sheikh Hasina ने कही ये बात
नागा और कुकी समुदाय में पहले से तनाव
यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब इलाके में नागा और कुकी समुदायों के बीच पहले से तनाव बना हुआ है. इससे पहले 13 मई को नोनी और कांगपोकपी में दो अलग-अलग हमलों में चार लोगों की मौत हुई थी. इसके बाद बदले की हिंसा में दोनों समुदायों के 48 नागरिकों को कथित तौर पर बंधक बनाया गया. करीब एक महीने बाद बंधक रिहा हुए, लेकिन बाद में कोंगपोकपी के पास छह नागा लोगों के शव मिले. फिलहाल NIA इस मामले की जांच कर रही है. जुलाई में भी इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था फिलहाल तफौ में सिक्योरिटी फोर्सेज तैनात हैं. प्रशासन इस कोशिश में है कि इलाके में हिंसा को बढ़ने से रोका जा सके.
वीडियो: मणिपुर पर सवाल पूछने पर रो पड़े छात्र, NEET पेपर लीक पर क्या बोले?













