गर्मी में शरीर का पसीना सोखने के लिए आप जो टैल्कम पाउडर अपनी देह पर लगाते हैं, वो आटे में मिलाया जा रहा है. उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की एक आटा फैक्ट्री में फूड डिपार्टमेंट ने टैल्कम पाउडर की 43 बोरियां जब्त की हैं. फैक्ट्री को भी सीज किया गया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. सैंपल भी जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं, जिसके बाद मामले में और कार्रवाई की जा सकती है.
आटे में मिलाया जा रहा था टैल्कम पाउडर! मैनपुरी की फैक्ट्री सीज, 43 बोरी पाउडर पकड़ा गया
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में खाद्य विभाग ने एक अवैध आटा फैक्ट्री पर छापा मारकर टैल्कम पाउडर की 43 बोरियां जब्त की हैं. आरोप है कि इसे आटे में मिलाकर सप्लाई किया जा रहा था, जिसके बाद फैक्ट्री सीज कर FIR दर्ज की गई है.

इंडिया टुडे से जुड़े पुष्पेंद्र सिंह की रिपोर्ट के अनुसार, खबर मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र के कस्बा ज्योंती की है. यहां खाद्य विभाग की टीम ने एक आटा फैक्ट्री पर छापेमारी की. विभाग को सूचना मिली थी कि बिना लाइसेंस संचालित हो रही इस फैक्ट्री में आटे में टैल्कम पाउडर मिलाया और सप्लाई किया जा रहा है. सूचना के आधार पर टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारा तो मौके से टैल्कम पाउडर की 43 बोरियां बरामद हुईं. खाद्य विभाग के मुताबिक, इनका इस्तेमाल आटा तैयार करने में किया जा रहा था. टीम ने मौके से आटा और टैल्कम पाउडर के सैंपल भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है.
बताया जा रहा है कि अजीत कुमार नाम का व्यक्ति बिना लाइसेंस के इस फैक्ट्री का संचालन कर रहा था. कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने फैक्ट्री को सीज कर दिया और मामले में थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है. खाद्य विभाग के मुताबिक टैल्कम पाउडर का खाद्य पदार्थ में इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इसके सेवन से खांसी, उल्टी, पेट दर्द और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. फिलहाल विभाग की कार्रवाई के बाद सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ेंः फंगस वाली सब्जी, एक्सपायर्ड मीट... बेंगलुरु के 5-स्टार होटल की हालत देख सर पकड़ लेंगे!
खाद्य सुरक्षा आयुक्त मैनपुरी डॉ. श्वेता सैनी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ज्योति कुड़िया में एक आटा फैक्ट्री पर कार्रवाई की. यहां पर अवैध रूप से आटे का निर्माण किया जा रहा था. संचालक के पास कोई लाइसेंस नहीं था. आटे में वह टैल्कम पाउडर मिला रहा था. मौके पर नमूने लिए गए. उनका जितना भी स्टॉक था, वह सीज किया गया. उन्होंने आगे बताया कि फैक्ट्री बंद करा दी गई है क्योंकि उसका कोई लाइसेंस नहीं था. संबंधित थाने में उनके खिलाफ एफआईआर भी कराई गई है.
वीडियो: असम बाढ़ पीड़ितों के लिए घर बनवाएंगे सलमान खान और रणदीप हुड्डा









