पंजाब के लुधियाना में सरकारी सेकेंड्री स्कूल के एक छात्र ने बीच रास्ते में प्रिंसिपल को घेरकर पीट दिया. आरोपी छात्र 12वीं कक्षा का बताया जा रहा है. बताया गया कि प्रिंसिपल ने छात्र को बाल न कटवाने और टैटू बनवाकर स्कूल आने के लिए डांटा था. आरोपी छात्र के खिलाफ प्रिंसिपल ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. घटना के बाद पुलिस छात्र की तलाश में जुटी है. छात्र के प्रिंसिपल को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे बाद में हटा दिया गया.
प्रिंसिपल ने हेयरकट और टैटू के लिए डांटा, छात्र ने रास्ते में घेरकर पीट दिया
Ludhiana में एक 12वीं क्लास के छात्र ने School Principal को रास्ते में रोकर पीट दिया. प्रिंसिपल ने हेयर कट और टैटू के लिए डांटा था. पुलिस मामला दर्ज कर छात्र की तलाश कर रही है.

मामला बुधवार, 29 जुलाई का बताया जा रहा है. स्कूल मैनेजमेंट ने छात्र के घरवालों से भी शिकायत की और उसे स्कूल से टर्मिनेट कर दिया. द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक , मामले की जांच के लिए जिला शिक्षाधिकारी डिंपल मदान ने एक टीम बना दी है. स्कूल के मैनेजर ने बताया कि आरोपी छात्र के बाल की कटिंग सही नहीं थी. बालों की सही हेयर कटिंग के लिए स्कूल के प्रिंसिपल निरंजन कुमार ने उसे कई दफा टोका था. बावजूद इसके उसने अपने बालों का हेयर कट सही नहीं कराया.
मैनेजर ने बताया कि आरोपी ने हेयर कट सही नहीं कराया और टैटू बनवाकर स्कूल आने लगा. उन्होंने कहा कि स्कूल के टीचर्स ने उसे समझाया कि वो स्कूल में ऐसे न आए. बच्चों को साधारण रहकर पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए.
मैनेजर का आरोप है कि जब टीचर्स ने उसे टैटू को लेकर समझाने की कोशिश की तो वह उनसे बहस करने लगा. टीचर्स ने छात्र की शिकायत प्रिंसिपल से कर दी और प्रिंसिपल ने सख्ती से फटकार लगाई. छात्र को प्रिंसिपल की डांट इतनी नागवार गुजरी कि उसने उन्हें पीटने का प्लान बना लिया.
पीड़ित प्रिंसिपल रोज की तरह स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. इस दौरान बीच रास्ते में ही छात्र ने प्रिंसिपल को रोका और थप्पड़ों की बौछार कर दी. प्रिंसिपल को मारते हुए किसी ने वीडियो को रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया. हालांकि, अब वो हटा लिया गया है.
यह भी पढ़ें: बरेली में वक्फ की संपत्ति में 320 करोड़ का घोटाला हुआ? मौलाना शहाबुद्दीन का बड़ा आरोप
प्रिंसिपल ने माछीवाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है. साथ ही सुरक्षा की मांग की है क्योंकि, उन्हें डर है कि छात्र फिर हमला कर सकता है. पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है. वहीं, छात्र के घरवालों ने बताया कि वो घटना के बाद से घर नहीं लौटा है.
वीडियो: जयराम महतो की पार्टी के नेता ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग क्यों कर दी?













