The Lallantop

'करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए', 13 साल के बच्चे से ऐसा जवाब सुन DM भी सकपका गए

13 साल के एक बच्चे का DM और अन्य अधिकारियों के साथ सवाल-जवाब करने का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में बच्चा अपने घर के प्रॉपर्टी से जुड़े विवाद के बारे में बात करते हुए सुना जा सकता है.

Advertisement
post-main-image
13 साल के बच्चे का DM के साथ बातचीत करने का वीडियो वायरल हुआ. (फोटो- इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 13 वर्षीय अमिताभ गुप्ता ने DM ऑफिस जाकर अपने परिवार के प्रॉपर्टी विवाद के संबंध में अधिकारियों से स्वयं शिकायत की और ताले हटाने की कार्रवाई की मांग की।
  • अमिताभ के पिता मानसिक बीमारी से ग्रसित हैं तथा परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है, जबकि घर के एक हिस्से पर ताई ने ताला लगा दिया जिससे विवाद उत्पन्न हुआ और समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ।
  • अमिताभ के इस कदम की प्रतिक्रिया में DM ने पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी, जबकि बच्चे ने समस्या के समाधान के बिना पढ़ाई करना मुश्किल बताया, इसके बाद प्रशासन से समाधान की उम्मीद व्यक्त की।

सोशल मीडिया पर एक 13 साल का बच्चे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में बच्चा जिलाधिकारी (DM) समेत कई अन्य सरकारी अधिकारियों से अपने घर से जुड़े प्रॉपर्टी विवाद पर निर्भीक होकर बात करते हुए देखा जा सकता है. बच्चा अधिकारियों और प्रशासन के काम करने के तरीके पर भी सवाल खड़ा करता है. वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी का बताया जा रहा है. इसमें दिखने वाले बच्चे की पहचान कक्षा 8 में पढ़ने वाले अमिताभ गुप्ता के तौर पर हुई है. 

Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, अमिताभ अपने घर के प्रॉपर्टी विवाद को लेकर ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ कार्यक्रम के मौके पर अकेले ही DM ऑफिस पहुंच गए थे. वह DM अंजनी कुमार सिंह, अन्य पुलिस अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के सामने खुद बैठे और बिना किसी डर-झिझक के अपनी समस्या के अधिकारियों के सामने रख दी. यहां तक कि उनकी समस्या पर फौरन कार्रवाई करने की मांग भी कर दी.

साझे के घर में विवाद

दरअसल, अमिताभ ने अधिकारियों को बताया कि उनके पिता ‘मानसिक रूप से बीमार’ हैं. घर चलाने के लिए उनकी मां दूसरे के घरों में काम करती है. साथ ही बताया कि परिवार के एक साझे घर के हिस्से पर उनकी ताई ने कथित तौर पर ताला लगा दिया. इसलिए उसने अधिकारियों से उस ताले को हटाने की मांग की. अमिताभ ने बताया कि वो इस मामले के लेकर कई बार ‘अधिकारियों के पास जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ.’ 

Advertisement

बच्चे ने आगे यह भी बताया कि वो इस काम के लिए तत्कालीन DM दुर्गा शक्ति नागपाल के पास भी गया था. DM ने आदेश भी जारी कर दिया था. बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई.

बच्चे की शिकायत सुनने के बाद पीछे से एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि काम ‘करवा देंगे’. इतना सुनते ही फौरन अमिताभ ने कहा,

‘करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए जल्दी. बस आप लोग ऐसा बोलते हैं, ताला कभी खुलता नही.’ 

Advertisement

अमिताभ की यह बात सुनकर ऑफिस में मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं, लेकिन उसने बिना किसी संकोच में अपनी बात जारी रखी. इसके बाद DM ने बच्चे से कहा कि अभी तुम्हारा काम पढ़ाई करना है. कोई समस्या भी आए, तो उस पर बिना ध्यान दिए पढ़ाई करो.

'कमीशन' पर काम हो जाता है

DM के इस जवाब पर अमिताभ ने जो बोला, वो सुनकर आप दंग रह जाएंगे. अमिताभ ने DM से कहा,

आप अपनी सैलरी से थोड़े पढ़ा देंगे. उसमें भी पैसे चाहिए. हमारी मम्मी रोज 50 रुपये की सब्जी ले आती हैं. आज के समय में 50 रुपये में क्या होता है. 

DM के साथ बात करते हुए अमिताभ ने ऐसी बात कर दी ऑफिस में मौजूद सभी लोग दंग रह गए. अमिताभ ने पुलिस अधिकारियों की ओर देखते हुए कहा कि ‘आप लोगों को, तो बस थोड़ा सा कमीशन दे दो. काम हो जाता है.’ इस पर DM ने तुरंत बच्चे को टोकते हुए कहा कि इतना ज्यादा नहीं बोलना चाहिए. कई दफा लोगों को ऐसी बातें अच्छी नहीं लगती.

यह भी पढ़ें: MBA, एंटरप्रेन्योर, ब्लैक बेल्ट और अब आंदोलन की कमान, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि को जान लीजिए

DM ने अमिताभ से कहा कि पढ़ाई की उम्र है. इसलिए पढ़ाई पर ध्यान दो. कोई परेशानी हो तो प्रशासन को बताओ. इस पर बच्चे ने कहा कि जब तक घर की समस्या खत्म नहीं होगी, तो पढ़ाई कैसे हो सकती है? इसके बाद बच्चे ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि उसकी मां कई दफा शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक इस समस्या का कोई हल नहीं निकला. बच्चे की मां ने पत्रकारों से बताया कि वो घर से स्कूल जाने का बोलकर निकला था. बाद में पता चला कि वो यहां आया है. महिला ने यह भी बताया कि परिवार में आर्थिक तंगी है. पति मानसिक रूप से बीमार है और घर चलाने की जिम्मेदारी वही उठा रही हैं.   

वीडियो: अभिजीत दिपके पर किसने स्याही फेंक दी?

Advertisement