केरलम पुलिस ने 10 अगस्त को राइट विंग पॉलिटिकल कॉमेंटेटर टीजी मोहनदास को गिरफ्तार कर लिया है. मोहनदास ने NEET पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स के बारे में बेहद आपत्तिजनक बयान दिया था. इसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था.
'कुछ लड़कियां रेप एन्जॉय करती हैं', घिनौनी बात करने वाले मोहनदास गिरफ्तार
केरलम के राइट विंग पॉलिटिकल कॉमेंटेटर टीजी मोहनदास ने NEET पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स के खिलाफ विवादित बयान दिया था. केरलम पुलिस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए उनको गिरफ्तार कर लिया है.

प्रोटेस्ट में शामिल लड़कियों को लेकर विवादित बयान
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने जांच के लिए उनके डिजिटल डिवाइस भी जब्त किए हैं. मोहनदास ने 24-25 जुलाई को यूट्यूब चैनल 'पथरिका' पर वीडियो अपलोड किए थे. उन्होंने अपने वीडियो में कहा,
जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन में गैंगरेप की घटनाएं हो सकती हैं, लेकिन इसकी कोई शिकायत नहीं होगी, क्योंकि प्रदर्शन में शामिल होने वालों को रेप पसंद हैं और कुछ लड़कियां हैं जो रेप का आनंद लेती हैं.
उन्होंने आगे कहा था,
अगर मैं होता तो जंतर मंतर पर कर्फ्यू लगा देता और प्रदर्शनकारियों को हटाने का आदेश देता. अगर प्रदर्शनकारी नहीं मानते तो वे फायरिंग का आदेश देता. कुछ लोग मरते और घायल होते. लेकिन स्थिति कंट्रोल में आ जाती.
पुलिस ने आधी रात को किया अरेस्ट
केरलम पुलिस 9 अगस्त को देर रात कोच्चि में मोहनदास के घर पहुंची. वहां से उन्हें हिरासत में लेकर तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां उनको गिरफ्तार कर लिया गया. 10 अगस्त को उनको कोर्ट में पेश किया गया.
पुलिस उनके यूट्यूब अकाउंट की जांच कर रही है. वीडियो बनाने और अपलोड करने में इस्तेमाल होने वाले डिजिटल डिवाइस को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा. पुलिस ने सोशल मीडिया ऑपरेटर्स से भी विवादित वीडियो हटाने की रिक्वेस्ट की है.
पुलिस ने मोहनदास पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), IT एक्ट और केरल पुलिस एक्ट की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. उन पर जानबूझकर दंगा भड़काने, झूठा बयान, अफवाह या रिपोर्ट पब्लिश और सर्कुलेट करने और किसी भी कम्युनिकेशन मीडियम से लोगों को परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं.
थाने और कोर्ट के बाहर सिक्योरिटी बढ़ाई गई
मोहनदास को हिरासत में लिए जाने के बाद उनके कोच्चि स्थित घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे. इसे देखते हुए पुलिस ने तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस स्टेशन और कोर्ट के आसपास भीड़ या प्रदर्शन की आशंका को लेकर सिक्योरिटी बढ़ा दी है.
गृह मंत्री बोले कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई गिरफ्तारी
केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बताया कि मोहनदास के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद उसे तुरंत साइबर सेल के IG को ट्रांसफर किया गया. उन्होंने बताया कि मोहनदास की गिरफ्तारी में पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया को फॉलो किया गया है.
ये भी पढ़ें - जंतर मंतर पर भड़काऊ नारेबाजी के मामले में दिल्ली BJP के पूर्व प्रवक्ता समेत 6 गिरफ्तार
बीजेपी ने बताया राजनीतिक ड्रामा
कोच्चि से बीजेपी की वार्ड पार्षद प्रिया प्रशांत ने मोहनदास की गिरफ्तारी को राजनीतिक ड्रामा बताया है. उन्होंने कहा कि उन पर लगी धाराओं में तीन साल से कम की सजा का प्रावधान है और ऐसे मामलों में गिरफ्तारी जरूरी नहीं होती.
वीडियो: जंतर मंतर प्रोटेस्ट में घायल पुलिसकर्मियों के परिवार ने क्या बताया?











