The Lallantop

झगड़े के बाद घर से निकली महिला का रास्ते में गैंगरेप, 10 लोग गिरफ्तार हुए हैं

Karnataka woman gang rape: कर्नाटक के दावणगेरे जिले में एक महिला के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया. आरोप है कि पीड़िता को नशीला पदार्थ देकर घटना को अंजाम दिया गया. पुलिस अब तक मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है.

Advertisement
post-main-image
घटना के समय महिला अपने गांव जा रही थी. (फोटो-इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • कर्नाटक के दावणगेरे जिले में 3 जून को नशीली दवा देकर एक 41 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना हुई, जिसके आरोप में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
  • घटना की पृष्ठभूमि में महिला का घरेलू विवाद था और वह अपने गांव जा रही थी, जहां दो व्यक्तियों ने सहायता का प्रस्ताव देकर उसे नशीली सॉफ्ट ड्रिंक दी, जिससे वह बेहोश हो गई।
  • पुलिस ने फॉरेंसिक जांच और मोबाइल फोन जब्त कर सभी आरोपितों का पर्दाफाश किया है तथा न्यायिक प्रक्रिया के तहत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।

कर्नाटक के दावणगेरे जिले में एक महिला के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया. आरोप है कि पीड़िता को नशीला पदार्थ देकर घटना को अंजाम दिया गया. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. आगे मामले की जांच चल रही है.

Advertisement

पीड़िता की उम्र 41 साल बताई गई है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना 3 जून की शाम हुई. महिला घरेलू झगड़े के बाद अपने गांव जा रही थी. तभी दो लोगों ने उसकी मदद करने की बात कही. और उसे सॉफ्ट ड्रिंक ऑफर की, जिसे पीने के बाद वो बेहोश हो गई. पुलिस को शक है कि उसमें कोई नशीला पदार्थ था.  

बेहोशी की हालात में रिकॉर्ड किए वीडियो

बेहोशी की हालात में ही आरोपी उसे गांव के बाहर एक सुनसान खेत में ले गए. आरोप है कि वहां कई लोगों ने उसका यौन उत्पीड़न किया. उसकी तस्वीरें क्लिक कीं और वीडियो भी रिकॉर्ड किए. उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो तस्वीरें लीक कर दी जाएंगी. इस डर से महिला ने किसी को कुछ नहीं बताया.

Advertisement

रिपोर्ट में बताया गया कि कई WhatsApp ग्रुप्स में महिला का नशे की हालत में एक वीडियो वायरल हुआ था. जब गांव वालों ने उसे वीडियो की जानकारी दी, तो पीड़िता ने बसवापट्टना पुलिस स्टेशन में 10 नामजद लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.

वीडियो के सोर्स का पता लगाने की कोशिश

दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक शेखर एच.टी. ने बताया कि मामले में सभी 10 आरोपियों को पकड़ लिया है. और पीड़िता के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 70 (सामूहिक बलात्कार), 77 और 190 के तहत मामला दर्ज किया है.

साथ ही, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की संबंधित धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम का पता लगाने और फॉरेंसिक सबूत सुरक्षित रखने के लिए अपराध स्थल की जांच की गई. महिला की मेडिकल जांच भी कराई गई. और वीडियो के स्रोत और उनके फैलने का पता लगाने के लिए आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं. 

Advertisement

वीडियो: इस्तीफे की मांग के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पहला बयान आया सामने

Advertisement