‘हमेशा साथ निभाने का वादा हम तोड़ रहे हैं. सबने मेरा बहुत ख्याल रखा. बढ़िया नसीब होता है, तब ऐसा ससुराल मिलता है.’ ये एक चिट्ठी के शब्द हैं. शादी के तीन साल बाद एक महिला की अपने ससुराल में आत्महत्या से मौत हो गई. जान देने से पहले उसकी चिट्ठी पढ़कर हर किसी का दिल भर आया.
'नसीब से ऐसा ससुराल मिलता है', बहू की चिट्ठी ने रुलाया, बीमारी से परेशान होकर दी जान
कानपुर में लंबे समय से बीमारी से जूझ रही एक युवती ने चिट्ठी छोड़कर जान दे दी. नोट में उसने परिवार पर कोई आरोप नहीं लगाया, बल्कि पति और परिजनों के लिए भावुक संदेश और अपनी आखिरी इच्छाएं लिखी थीं.


ससुराल में पति, सास-ससुर और देवर के साथ ‘खुशहाल’ समय बिताने के बाद उन्हें ये सब लिखकर जाना पड़ा क्योंकि वह बीमार थीं और उन्हें लगता था कि वो कभी ठीक नहीं हो पाएंगी. पुलिस ने बताया कि नोट में महिला ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है. वह अपनी बीमारी में किसी की मदद नहीं लेना चाहती थीं. इसलिए ये कदम उठाया.
इंडिया टुडे से जुड़े रंजय सिंह की रिपोर्ट के अनुसार, यूपी में कानपुर के रावतपुर के रहने वाले शिवम शुक्ला की 3 साल पहले निक्की उर्फ वैष्णवी से शादी हुई थी. शिवम मध्य प्रदेश में रेलवे की नौकरी करते हैं. निक्की भी पढ़ी-लिखी थीं. परिवार संभालने के साथ उनकी पढ़ाई भी जारी थी. हाल ही में उन्होंने दिल्ली पुलिस भर्ती की परीक्षा दी थी और क्रैक भी कर लिया था. बस फाइनल टेस्ट होना बाकी था.
निक्की को शादी से पहले से गठिया की बीमारी थी. उन्हें रीढ़ की हड्डी में बेतहाशा दर्द होता था. काफी दर्द और परेशानी के इस वक्त में ससुराल ने उनका पूरा साथ दिया. कानपुर से लेकर दिल्ली तक निक्की का इलाज चला. लेकिन दर्द से राहत नहीं मिल रही थी. निक्की को लगने लगा कि वह इससे ठीक नहीं हो पाएंगी. साथ ही बीमारी के वक्त में परिवार पर ‘बोझ’ बनने की आशंका भी उनके मन में घर कर गई थी.
निक्की के पति शिवम ने बताया कि बुधवार, 15 जुलाई की दोपहर वो भोपाल से लौटे तो देखा कि पत्नी के मुंह से झाग निकल रहा था. पास में नोट भी पड़ा था. आनन-फानन में वो निक्की को अस्पताल लेकर भागे, लेकिन वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इसके बाद शिवम ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
बीमारी से परेशान थींएसीपी दिलीप सिंह ने बताया कि महिला के सुसाइड लेटर से लगता है कि वह अपनी बीमारी से परेशान थी. उसको लगता था कि वह कभी ठीक नहीं होगी. वह किसी से मदद भी नहीं लेना चाहती थी. उसने अपने लेटर में मायके या ससुराल पक्ष के किसी सदस्य पर कोई आरोप नहीं लगाया है.

निक्की के सुसाइड लेटर की भी काफी चर्चा है, जिसमें उसने अपनी तीन इच्छाओं के बारे में बताया है. परिवार के सभी लोगों को अपना ध्यान रखने के लिए कहने के बाद निक्की ने नोट में लिखा कि वो चाहती हैं कि उनके जेवर को उनके पापा को वापस लौटा दिया जाए ताकि वह इसे उनके भाई अभय की शादी में यूज कर सकें. वह कहती हैं कि जेवर का पैसा उनके पापा ने दिया था, इसलिए वह चाहती हैं कि यह उन्हें वापस दे दिया जाए.
इसके अलावा, लेटर में निक्की अपनी स्कूटी भी अभय को देने की बात कहती हैं. अपने फोन को पति शिवम और सास में से किसी को भी ले लेने के लिए कहती हैं और लिखती हैं कि दोनों के फोन खराब हो रहे हैं. इसलिए शिवम से रिक्वेस्ट है कि वो फोन मम्मी को दे दें क्योंकि वो नया फोन लेंगी नहीं. उन्होंने ये भी बताया कि फोन को पूरी तरह से खाली कर दिया है और वह अब ‘रेडी टू यूज’ है.
ये भी पढ़ेंः वीडियो में सड़क पर कचरा फेंकते दिखा, ट्रोलिंग और पुलिस केस के बीच युवक ने की आत्महत्या
पति से कहा- ‘सॉरी, वादा तोड़ रहे’आखिर में अपने पति शिवम के लिए निक्की ने जो लिखा, वो हर किसी को भावुक कर रहा है. लेटर में निक्की ने कहा,
मुझे माफ कर देना. हमेशा साथ निभाने का वादा हम तोड़ रहे हैं. आज तक हर कसम निभाई है, लेकिन अब मजबूरी में ये करना पड़ रहा है.
निक्की ने शिवम के लिए ‘सॉरी’ लिखा और दिलासा भी दिया कि वह दुखी न हों. इधर शिवम पत्नी की मौत पर बेसुध हैं. वह बस इतना कहते हैं कि निक्की उनकी जिंदगी थी. वह बीमार थी, लेकिन हम लोग उसको ठीक कर देते. पता नहीं क्यों, उसने ऐसा कदम उठाया.
वीडियो: बेसिल जोसफ के एक पोस्ट ने बढ़ाया सस्पेंस, क्या अल्लू अर्जुन बनने जा रहे हैं 'शक्तिमान'!












