The Lallantop

पेट्रोल पंप का डीजल आते ही हो रहा था खत्म, जीजा-साला सुरंग बनाकर कर रहे थे चोरी

राजस्थान के जयपुर में जीजा-साले मिलकर डीजल की चोरी कर रहे थे. किराए पर मकान लेकर उन्होंने पहले सुरंग बनाई. फिर हिंदुस्तान पेट्रोलियम की पाइपलाइन में छेद कर डीजल चुराते और बाजार में सस्ते दामों में बेचकर मुनाफा कमाते.

Advertisement
post-main-image
सुरंग खोदकर हो रही थी डीजल चोरी (India Today)

राजस्थान के जयपुर में जीजा-साले की जोड़ी ने मिलकर ऐसा कारनामा कर दिया कि हर कोई हैरान रह गया. मिनरल वाटर सप्लाई का बहाना बनाकर ये लोग असल में डीजल चोरी कर रहे थे. इसके लिए इन्होंने बाकायदा एक मकान किराए पर लिया और उसमें जमीन के नीचे करीब 25 फीट लंबी सुरंग खोद डाली. इस सुरंग के जरिए उन्होंने हिंदुस्तान पेट्रोलियम की पाइपलाइन में सेंध लगाई और वहां से चोरी-छिपे डीजल निकालकर अपना अवैध धंधा शुरू कर दिया.

Advertisement
पुलिस को ऐसे लगी भनक

इंडिया टुडे से जुड़े विशाल की रिपोर्ट के अनुसार, जयपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त अमित कुमार ने बताया कि 6 जून को HPCL के अधिकारियों ने सूचना दी कि पाइपलाइन में प्रेशर कम हो रहा है. उन्हें शक है कि अज्ञात जगह से डीजल चोरी किया जा रहा है. पुलिस की टीम ने जांच शुरू की और बगरू इलाके में एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के पास बने मकान पर छापा मारा. यहां की व्यवस्था देख पुलिस का भी माथा ठनक गया. मकान में एक सुरंग के जरिए पाइपलाइन में छेद कर डीजल की चोरी की जा रही थी. पुलिस ने मौके से राजेश उरांग नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसके बाकी साथी फरार हो गए.

दिल्ली से चल रही थी पूरी साजिश

पुलिस जांच में पता चला कि इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड दिल्ली का श्रवण सिंह और उसका साला धर्मेंद्र उर्फ रिंकू है. दोनों कई सालों से जयपुर और अजमेर में ऐसे ही सुरंग बनाकर डीजल चोरी कर रहे हैं. वो चोरी किया गया डीजल बाजार में सस्ते दामों पर बेचकर भारी मुनाफा कमाते थे. इनके खिलाफ देश के कई अन्य राज्यों में भी मामले दर्ज हैं.

Advertisement
मिनरल वाटर की दुकान की आड़

आरोपियों ने महीने भर पहले ही दहमी कला गांव में परमेश्वर दयाल के मकान को किराए पर लिया था. घर के बाहर से देखने पर लगता था कि वहां कोई मिनरल वाटर सप्लाई का काम हो रहा है, लेकिन असल में मकान के अंदर एक बड़ी चोरी चल रही थी. मकान से करीब 25 फीट दूर HPCL की अंडरग्राउंड पाइपलाइन गुजर रही थी. इसी पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए आरोपियों ने जमीन के नीचे सुरंग खोदी. पाइपलाइन को पंचर कर दिया और वहां से डीजल निकालना शुरू कर दिया था. 

वीडियो: लोकेश कनकराज के साथ सुपरहीरो फिल्म बनाएंगे आमिर?

Advertisement
Advertisement