इंदौर में मेट्रो प्रोजेक्ट साइट पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. नशे में धुत पोकलेन ड्राइवर की सेफ्टी इंजीनियर से बहस हो गई, जो इतना बढ़ी कि ड्राइवर ने मशीन से इंजीनियर को कुचलने की कोशिश कर दी. इंजीनियर किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे.
‘सेफ्टी इंजीनियर’ को ही पोकलेन से कुचलने की कोशिश! इंदौर मेट्रो साइट पर नशेड़ी ड्राइवर का खतरनाक खेल
इंदौर मेट्रो साइट पर नशे में धुत पोकलेन ड्राइवर ने सेफ्टी इंजीनियर को मशीन से कुचलने की कोशिश की, जिसका वीडियो वायरल हो गया. बांगड़दा रोड की इस घटना में इंजीनियर घायल हुए और एक स्कूल बस भी बाल-बाल बची. पुलिस ने मामले में ड्राइवर और मशीन मालिक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है.


दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला इंदौर के बांगड़दा रोड का है, जहां मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा था. मेट्रो कंपनी के सेफ्टी इंजीनियर आशुतोष कुमार बाइक से जा रहे थे. तभी उन्होंने देखा कि पोकलेन मशीन का चालक कथित तौर पर नशे की हालत में क्लॉ (बकेट) को लापरवाही से इधर-उधर घुमा रहा था. स्थिति इतनी खतरनाक थी कि एक स्कूल बस भी बाल-बाल बच गई.
सेफ्टी इंजीनियर होने के नाते आशुतोष ने बाइक रोकी और ड्राइवर से कहा कि मशीन ठीक से चलाए, क्योंकि इससे किसी की जान जा सकती है. इस बात पर ड्राइवर भड़क गया. पहले उसने बदसलूकी की और फिर साइट का गेट बंद कर दिया. बताया जा रहा है कि जब आशुतोष उसे साइट से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी चालक ने पोकलेन स्टार्ट कर दी और बकेट उनकी ओर बढ़ा दी.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आशुतोष ने पीछे हटकर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान गिर पड़े और उनके हाथ-पैर में चोट आई. आरोप है कि ड्राइवर मशीन को आगे बढ़ाता रहा, जबकि इंजीनियर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते रहे.
बताया जा रहा है कि बाद में ठेकेदार सिद्धार्थ त्रिपाठी ने उन्हें फोन कर इलाज का खर्च उठाने की बात कही और पुलिस में शिकायत न करने का अनुरोध किया. हालांकि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई.
पुलिस का कहना है कि पीड़ित शुरुआत में थाने नहीं पहुंचे थे, लेकिन अब ड्राइवर से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. प्रशासन ने मशीन मालिक और चालक दोनों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है.
आशुतोष को चोट लगी थी, लेकिन काम के सिलसिले में उन्हें गुजरात जाना था, इसलिए वे तुरंत पुलिस के पास नहीं जा सके. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
वीडियो: इंदौर: वायरल डांस करने पुलिसकर्मी रंजीत सिंह का डिमोशन, महिला से अश्लील चैट का लगा था आरोप












.webp?width=275)


.webp?width=120)
.webp?width=120)

