The Lallantop

घर में 6 साल के बच्चे की हत्या, फिर क्या मिला जो दादी पर 'नरबलि' का आरोप लग गया?

रिश्तेदारों का आरोप है कि विजया काला जादू करती थी. उनका यह भी कहना है कि राजेश की बहन रेवती बच्चे से नाराज रहती थी और उसे ही उसके माता-पिता के बीच हुए विवाद का कारण मानती थी.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने बच्चे की दादी और बुआ को हिरासत में लिया है. फोटो- इंडिया टुडे/स्क्रीनग्रैब

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में छह साल के बच्चे मुगिलन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
  • मुगिलन की मौत के पीछे उसके माता-पिता के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद और उसकी दादी तथा बुआ पर काला जादू और तंत्र-मंत्र करने का आरोप है।
  • पुलिस ने बच्ची की दादी और बुआ को हिरासत में लिया है और फॉरेंसिक एवं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण की वैज्ञानिक जांच कर रही है।
author-image
प्रमोद माधव

तमिलनाडु में एक छह साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. रिश्तेदारों का आरोप है कि बच्चे की हत्या का संबंध कथित नरबलि और काला जादू से हो सकता है. उन्होंने इसका आरोप बच्चे की दादी और बुआ पर लगाया है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दावा है कि दोनों ने अमावस्या (No Moon day) के दिन 'तंत्र-मंत्र' करते हुए बच्चे की हत्या की है. रिश्तेदारों का ये भी दावा है कि बच्चे को उसके माता-पिता के बीच चल रहे वैवाहिक ‘विवाद की वजह’ माना जाता था.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला राज्य के वेल्लोर जिले का है. बच्चे का नाम मुगिलन है, जो अपनी दादी के घर संदिग्ध हालात में मृत पाया गया. पुलिस को रिश्तेदारों और आसपास के लोगों ने इस मामले की सूचना दी थी. इसके बाद पुलिस वहां पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में उसके शरीर पर जलने के निशान पाए गए हैं.

Advertisement
दादी पर ‘काला जादू’ का आरोप

पुलिस के मुताबिक, मुगिलन के माता-पिता का नाम आशा और राजेश है. मुगिलन के जन्म के बाद उन दोनों के बीच कथित तौर पर अनबन बढ़ गई थी. दोनों कई वर्षों तक अलग रहे. बाद में सुलह हुई. उसके बाद दोनों काम के सिलसिले में दूसरे शहर चले गए और मुगिलन को उसकी दादी, विजया की देखरेख में छोड़ दिया. इसी घर में उसकी संदिग्ध मौत हुई.

रिश्तेदारों का आरोप है कि विजया काला जादू करती थी. उनका यह भी कहना है कि राजेश की बहन रेवती बच्चे से नाराज रहती थी और उसे ही उसके माता-पिता के बीच हुए विवाद का कारण मानती थी.

फिलहाल, पुलिस ने विजया और रेवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. अब तक की जांच में बच्चे के शरीर पर जलने के निशानों के अलावा सिर पर भी चोट के निशान मिले हैं. इससे ये आशंका जताई जा रही है कि बच्चे पर किसी हथियार से वार किया गया था. हालांकि मौत का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.

Advertisement
पुलिस ने क्या कहा?

घटना के बाद इलाके में अमावस्या के दिन कथित तांत्रिक अनुष्ठानों और 'नरबलि'  की चर्चाएं तेज हो गई हैं. बच्चे की दादी के घर से पूजा की कुछ सामग्री और कुछ 'असामान्य' चीजें भी मिली हैं. इसकी वजह से ऐसी अटकलों को और बल मिला है. 

हालांकि, आसपास के लोग भले ही काला जादू का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक इस पहलू की पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल नरबलि या काला जादू से जुड़ा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है. ये कहते हुए पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

अधिकारियों के मुताबिक, फॉरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि सभी सबूतों की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जाएगी. उसके बाद ही बच्चे की मौत की असली वजह पता चल सकेगी.

वीडियो: तारीख: 'काला जादू' बता कर दुबई इस्लामिक बैंक को 2 हजार करोड़ का चूना लगा दिया

Advertisement