The Lallantop

बेटी के सामने प्रेमी ने मां का गला घोटा, सांसें चलती देख बेटी ने दोबारा बुलाकर हत्या करवाई

पुलिस ने बताया कि करीब आठ महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए लड़की की दोस्ती शिवा से हुई थी. नालगोंडा का रहने वाला शिवा DJ का काम करता था. दोनों अक्सर मिलते. जब उनके इस रिश्ते के बारे में मां को पता चला तो उन्होंने कथित तौर पर इसका विरोध किया.

Advertisement
post-main-image
हैदराबाद में महिला एक्टिविस्ट की हत्या. (तस्वीर - इंडिया टुडे)

हैदराबाद में एक महिला एक्टिविस्ट को कथित तौर पर उसी की बेटी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर मार डाला. आरोपी बेटी नाबालिग है, जबकि युवक पी शिवा की उम्र महज 19 साल है. वहीं मृतक महिला 39 साल की थी. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में बेटी ने मां पर उसे टॉर्चर करने का आरोप लगाया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

घटना हैदराबाद के बालानगर जोन की है. मृतक महिला यहां अपनी दो बेटियों के साथ रहती थी और अकेले उनकी परवरिश कर रही थी. मृतक की बहन ने बताया कि कुछ साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी. वो 'कला सारथी' नाम की संस्था में हैंडी क्राफ्ट वर्कर के तौर पर काम करती थीं.

आरोपी बेटी की उम्र 16 साल बताई जा रही है. इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि करीब आठ महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए लड़की की दोस्ती शिवा से हुई थी. नालगोंडा का रहने वाला शिवा DJ का काम करता था. दोनों अक्सर मिलते. जब उनके इस रिश्ते के बारे में मां को पता चला तो उन्होंने कथित तौर पर इसका विरोध किया.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक इंस्पेक्टर टी. राजू ने बताया कि बीती 19 जून को नाबालिग बेटी शिवा घर छोड़कर शिवा के साथ चली गई थी. इसके बाद मां ने पुलिस में नाबालिग बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस उसे ढूंढ़कर घर ले आई. बेटी का दावा है कि वापस आने के बाद मां ने उसे घर से भागने के लिए डांट लगाई थी.

इंस्पेक्टर टी. राजू ने बताया कि 23 जून की शाम लड़की ने शिवा को फोन करके बताया कि उसकी मां उनके रिलेशन का विरोध कर रही हैं. इसके बाद देर रात लड़की ने शिवा और उसके भाई यशवंत को घर के अंदर आने दिया. दोनों भाईयों ने मिलकर महिला को चुन्नी और साड़ी से गला घोटकर मारने की कोशिश की. जब आरोपियों को लगा कि वह मर गई है तो वे वहां से चले गए.

लेकिन इसके कुछ समय बाद लड़की ने देखा कि उसकी मां की सांसे चल रही हैं. उसने दोबारा शिवा को बुलाया. इस बार दोनों आरोपियों ने हथौड़े से पीड़िता के सिर और नाक पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

Advertisement

मां की मौत के बाद लड़की ने रात 11:30 बजे के करीब अपनी मौसी और रिश्तेदारों को फोन करके बताया कि मां कुर्सी से गिर गई हैं और उन्हें गंभीर चोट आई है. लेकिन रिश्तेदारों ने पुलिस को फोन लगा दिया. उसने जांच की तो हत्या का मामला सामने आया. इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों शिवा, यशवंत और नाबालिग लड़की को गिरफ्तार कर लिया.

हालांकि पुलिस पूछताछ के दौरान नाबालिग लड़की ने अपनी मां को लेकर कई गंभीर दावे किए. इंडिया टुडे से जुड़े अब्दुल बशीर की रिपोर्ट के मुताबिक, बालानगर के DCP सुरेश कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़की मृतक महिला की पहली शादी से जन्मी थी. लड़की ने आरोप लगाया कि उसकी मां का उसके प्रति व्यवहार ठीक नहीं था, जबकि उसकी सौतेली बहन को उससे ‘ज्यादा प्यार और देखभाल’ मिल रहा था.

DCP सुरेश कुमार ने आगे बताया कि मां के कथित खराब व्यवहार और टॉर्चर से परेशान होकर लड़की ने पुलिस में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई थी और कुछ दिनों तक एक शेल्टर होम में भी रही थी. तब वह सातवीं क्लास में थी.

पूछताछ में लड़की ने ये भी बताया कि शुरुआत में मां ने शिवा के साथ उसके रिलेशन को स्वीकार लिया था और उन्हें कुछ दिनों तक घर में रहने की इजाजत भी दी थी. लेकिन बाद में उसने शिवा से पैसे मांगने शुरू कर दिए और कथित तौर पर उसे ब्लैकमेल करने लगी. पुलिस अब तमाम एंगल से मामले की जांच कर रही है.

वीडियो: Ahmedabad Plane Crash के बाद DGCA ने एयरपोर्ट्स को चेक किया, जांच में क्या निकला?

Advertisement