हैदराबाद के एक अपार्टमेंट में एक युवक को ‘पाकिस्तानी’ कहे जाने का मामला सामने आया है. अपार्टमेंट में ही रहने वाले एक व्यक्ति ने किसी बात पर बहस के दौरान युवक को ‘पाकिस्तानी’ कहकर बुलाया, जिसके बाद दोनों में तीखी बहस शुरू हो गई. मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर पुलिस भी आ गई लेकिन आरोपी व्यक्ति पुलिस के सामने भी युवक को ‘पाकिस्तानी’ कहता रहा. इस पर युवक ने विरोध जताते हुए कहा कि ‘आप होते कौन हो मुझे पाकिस्तानी कहने वाले? क्या सबूत है आपके पास?’ युवक ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उसके दादा इंडियन आर्मी में सूबेदार रह चुके हैं. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
हैदराबाद में मुस्लिम युवक को कहा 'पाकिस्तानी', लड़के ने जो जवाब दिया वो वायरल है
हैदराबाद में इंडियन आर्मी में पूर्व सूबेदार के परिवार के व्यक्ति को किसी ने झगड़े में ‘पाकिस्तानी’ बोल दिया. इसी बात पर दोनों में जमकर बहस हुई. झगड़ा इतना बढ़ गया कि पुलिस भी आ गई. बताया गया कि पुलिस के सामने भी आरोपी ने युवक को ‘पाकिस्तानी’ कह दिया.


घटना मल्कजगिरी कमिश्नरेट जोन में पड़ने वाले कपरा में जनप्रिया लेकफ्रंट अपार्टमेंट्स की है. यहां रहने वाले कुछ लोगों और अपार्टमेंट एसोसिएशन के सदस्यों के बीच बहस हो गई. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, विवाद तब और बढ़ गया जब सोसाइटी कमेटी के एक सदस्य ने सबके सामने एक लड़के को ‘पाकिस्तानी’ और ‘अवैध निवासी’ कह दिया. उस युवक ने इन बातों पर कड़ी आपत्ति जताई और कहा,
आप होते कौन हो मुझे पाकिस्तानी कहने वाले? क्या सबूत है आपके पास?
युवक, जिसे पाकिस्तानी कहा गया, उसने ये भी आरोप लगाया कि पुलिस के सामने भी आरोपी उनके बारे में यही सब कहता रहा लेकिन पुलिस हाथ बांधे खड़ी रही. उसने आरोपी को रोकने की भी कोशिश नहीं की. वायरल वीडियो में युवक यह भी कहता दिख रहा है कि उसके दादाजी ने भारतीय सेना में सूबेदार के तौर पर सेवा दी थी. वो बार-बार जोर देकर कहता है कि वह ‘भारतीय’ है. इस वाकये का वीडियो बनाने वाले उनके परिवार के सदस्यों ने कहा,
हम मुसलमान हैं और वे हमें पाकिस्तानी बता रहे हैं, जो गलत है. पुलिस भी कुछ नहीं कर रही है.
बहस बढ़ने पर सोसाइटी के और लोग भी वहां जमा हो गए. विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कपरा की पुलिस ने एक मामला दर्ज कर लिया है.
यह भी पढ़ें: छात्र वेदांत ने पेपर चेकिंग पर सवाल उठाए तो लोगों ने कहा 'पाकिस्तानी', अब CBSE ने मान ली गलती
पुलिस ने वीडियो फुटेज की जांच और घटना से जुड़े लोगों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है. जांच की जा रही है कि क्या जानबूझकर अपमान करने, उकसाने, आपराधिक धमकी देने या दुश्मनी को बढ़ावा देने जैसे अपराध इस मामले में बनते हैं या नहीं? वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जांच के नतीजों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: CBSE के छात्र के पोस्ट को पाकिस्तानी बताया, सच क्या निकला?

















