छत्तीसगढ़ में एक शख्स ने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के नाम पर अपनी पत्नी के साथ बर्बरता की हदें पार कर दीं. आरोपी ने पहले महिला के साथ मारपीट की, सिर के बाल काटे, कपड़े फाड़ दिए, चेहरे और शरीर पर कालिख पोत दी. इसके बाद अपने बच्चों से ही पत्नी के ऊपर पेशाब कराया और खुद का पेशाब पीने के लिए मजबूर किया.
पति ने बच्चों के सामने पत्नी के कपड़े फाड़े, कालिख पोती, फिर उन्हीं से पेशाब कराया
Chhattisgarh में एक शख्स ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की. बाद में उसके सिर के बाल काट दिए और कालिख पोत दी. यहां तक कि पीड़िता को जबरन पेशाब पीने पर मजबूर किया.


बीती 14 जून को हुई इस घटना के वीडियो ने लोगों को हिलाकर रख दिया है. ये इतना वीभत्स है कि इसे दिखाया नहीं जा सकता. पीड़िता ने अपने साथ हुए इस जघन्य अपराध की शिकायत थाने में की है. आरोपी की पहचान जितेंद्र घसिया के तौर पर हुई है. सूरजपुर जिले के काटकोना गांव का रहने वाला जितेंद्र ड्राइविंग का काम करता है.
पति ने बच्चों से पत्नी पर पेशाब करायाइंडिया टुडे से जुड़े सुमित सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित महिला ने साल 2006 में जितेंद्र से लव मैरिज की थी. दोनों के 4 बच्चे हैं. महिला का आरोप है कि जितेंद्र लगातार उससे झगड़ा और मारपीट करता था. परेशान होकर वो उससे अलग रहने लगी थी.
महिला ने बताया कि मुश्किल समय में एक जानने वाले ने उसे अपने घर में रहने की जगह थी. 14 जून को पति जितेंद्र ने उसे ढूंढ लिया और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप लगाकर मारपीट शुरू कर दी. वो पत्नी को सबके सामने अपमानित करने के इरादे से आया था. मारपीट के बाद उसने पत्नी के हाथ-पैर बांध दिए. शेविंग ब्लेड से उसके सिर के सारे बाल काटे. उसके कपड़े फाड़ दिए. फिर इंजन ऑयल से चेहरे और शरीर पर कालिख पोती.
लेकिन इसके बाद भी जितेंद्र की क्रूरता नहीं रुकी. जो बच्चे अपने सामने मां की दुर्गति होते देख रहे थे, उन्हीं से पिता ने पत्नी पर पेशाब करने को कहा. बच्चे पिता की हरकत से बुरी तरह सहमे थे. वीडियो में एक बच्चा आरोपी पिता के कहने पर अपनी ही मां पर पेशाब करता देखा जा सकता है. इसके बाद जितेंद्र ने पत्नी को जबरन अपना पेशाब पिलाया. पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसे ‘जिंदा जलाने’ की भी धमकी दी.
महिला ने स्थानीय थाने में FIR दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 85 (पति द्वारा क्रूरता), 115 (2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 296 (गाली-गलौज और आपत्तिजनक हरकतें) और 351 (2) (आपराधिक धमकी) के तहत केस दर्ज किया है.
थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने कहा,
14 जून को उनका पति जितेंद्र घसिया आता है और हाथ-पैर बांधकर बाल को छील देता है. उनके साथ मारपीट करता है. महिला की शिकायत पर थाना पटना में FIR दर्ज कर जांच की जा रही है. आज सोशल मीडिया के जरिए पता चला कि आरोपी ने उन्हें पेशाब भी पिलाया था. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है. इसमें गैर जमानती धारा 123 BNS जोड़कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा.
प्रमोद पांडे ने आगे बताया कि महिला 11 महीने से पति से अलग थी. आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से अपने परिचित रिश्तेदार रमेश घसिया के साथ रह रही थी. पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लेगी.
वीडियो: खान सर के खिलाफ FIR दर्ज कराने पहुंचे रौशन आनंद, गंभीर आरोप लगाए

















