The Lallantop

हिट एंड रन समझी गई मौत निकली मर्डर साजिश, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रचा खौफनाक प्लान!

Rajasthan murder case: राजस्थान में हिट एंड रन जैसी दिखने वाली एक मौत ने चौंकाने वाला मोड़ लिया जब पुलिस जांच में यह कथित मर्डर साजिश निकली. नवविवाहित पत्नी पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई.

Advertisement
post-main-image
हिट एंड रन नहीं, साजिश थी!

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में एक मामला पहले सड़क हादसा लगा, फिर लूट का एंगल सामने आया और आखिरकार कहानी पहुंची कथित मर्डर प्लान तक. 30 जनवरी की रात सड़क किनारे एक नवविवाहित जोड़ा पड़ा मिला. दोनों के गहने गायब थे, जिससे पहली नजर में लगा कि किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारने के बाद लूटपाट की और फरार हो गया.

Advertisement

लेकिन पुलिस को मामला उतना सीधा नहीं लगा जितना दिख रहा था.

अस्पताल पहुंचने पर 27 वर्षीय निजी स्कूल शिक्षक आशीष कुमार को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं उनकी पत्नी अंजलि को बीकानेर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. अंजलि ने परिवार और पुलिस को बताया कि डिनर के बाद टहलते वक्त किसी अज्ञात वाहन ने आशीष को कुचल दिया.

Advertisement
पोस्टमार्टम ने खोल दी पोल

मामले ने पलटी तब खाई जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई. रिपोर्ट में सामने आया कि आशीष को डंडों से पीटा गया था और गला दबाकर हत्या की गई थी. इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया.

रावला थाना क्षेत्र के SHO बलवंत सिंह के मुताबिक, अंजलि अपनी शादी से खुश नहीं थी. शादी के कुछ ही दिनों बाद वह मायके चली गई थी. वहीं उसकी मुलाकात फिर से अपने कथित प्रेमी संजय उर्फ संजू से हुई. पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर आशीष को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

ऐसे रचा गया पूरा प्लान

बताया जा रहा है कि अंजलि प्लान के तहत वापस ससुराल लौटी ताकि शक न हो. 30 जनवरी की रात वह आशीष को टहलने के लिए घर से बाहर ले गई. पहले से तय योजना के मुताबिक करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में संजय अपने दो साथियों रोहित उर्फ रॉकी और बादल उर्फ सिद्धार्थ के साथ छिपा हुआ था.

Advertisement

जैसे ही दंपती सुनसान सड़क पर पहुंचे, आरोपियों ने आशीष पर डंडों से हमला कर दिया. पुलिस के अनुसार, मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

लूट जैसा दिखाने की कोशिश

हत्या के बाद कथित तौर पर अंजलि ने आशीष का मोबाइल और कानों के झुमके आरोपियों को दे दिए ताकि मामला लूट जैसा लगे. फिर वह वहीं बेहोश होने का नाटक करने लगी.

3 फरवरी को पुलिस ने अंजलि, उसके कथित प्रेमी और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह एक सोची-समझी साजिश लग रही है.

यह मामला पिछले साल चर्चित मेघालय हनीमून केस की याद दिलाता है, जहां रिश्तों के उलझाव ने एक खौफनाक अपराध का रूप ले लिया था. फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि साजिश कितने समय से रची जा रही थी.
 

वीडियो: हिट एंड रन केस में एक्ट्रेस नंदिनी कश्यप गिरफ्तार

Advertisement