The Lallantop

कुल्लू में पार्किंग को लेकर लड़ाई, टूरिस्ट ने लोकल लड़के पर गोली चला दी

Himachal Pradesh के Kullu जिले में टूरिस्ट्स और स्थानीय युवकों के बीच पार्किंग एरिया को लेकर विवाद हो गया. विवाद के दौरान गोली भी चली, जिसमें एक स्थानीय युवक के पैर में चोट लगी है.

Advertisement
post-main-image
कुल्लू में पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच विवाद में गोली चल गई. (फोटो- सोशल मीडिया)
author-image
मनमिंदर अरोड़ा

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक पर्यटन स्थल पर पार्किंग को लेकर विवाद हो गया. यह विवाद कुछ स्थानीय युवकों और शहर में घूमने आए पर्यटकों के बीच हुआ. दोनों ग्रुपों के बीच पहले मारपीट हुई. बाद में मामला इतना बढ़ गया कि पिस्तौल तन गई और चल भी गई. गोलीबारी में एक स्थानीय युवक के पैर में गोली लगी, जिसे बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, हथियार को लेकर पूछताछ की जा रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

घटना शुक्रवार, 29 मई के दिन की है, जब पंजाब से आए टूरिस्ट्स और स्थानीय युवकों के बीच कसोल बाजार में कार की पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था. इंडिया टुडे से जुड़े मनमिंदर अरोड़ा की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार की देर शाम यह विवाद एक होटल-मार्केट एरिया के पास हुआ था. शुरुआत में दोनों ग्रुप के बीच कहासुनी हो रही थी, लेकिन धीरे-धीरे विवाद की स्थिति खराब हो गई और बात मारपीट तक पहुंच गई.

स्थानीय युवक को लगी गोली

विवाद के बीच ही एक आरोपी टूरिस्ट ने पिस्टल निकाल ली और लहराने लगा. बाद में उसने फायर भी कर दिया. फायरिंग में कसोल के ही रहने वाले एक लड़के के पैर में गोली लगी, जिससे वो घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोग परेशान हो गए. हालांकि, इलाके के ही लोगों ने फौरन घायल को अस्पताल पहुंचाया. युवक की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.

Advertisement

सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी. मामले पर कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को हिरासत में भी लिया है. पुलिस ने गोलीबारी में इस्तेमाल हुई पिस्टल और आरोपियों की गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है. गोलीबारी की पुष्टि कुल्लू के SP मदन लाल कौशल ने की. उन्होंने अपने बयान में कहा कि पार्किंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था. अब संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

खबर लिखे जाने तक घटना में शामिल एक आरोपी फरार है. पुलिस उसे पकड़ने के लिए दबिश दे रही है.

वीडियो: गाजियाबाद में 17 साल के नाबालिग छात्र की हत्या

Advertisement

Advertisement