हरियाणा के नूंह जिले में एक 27 साल के सर्कस कलाकार की कथित तौर पर दम घुटने से मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि यह हादसा ‘लाइव समाधि’ नाम के एक खतरनाक स्टंट के दौरान हुआ. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. कलाकार की मौत की वजह जानने के लिए जांच की जा रही है. वहीं जिला प्रशासन ये जानने में लगा है कि इस तरह के खतरनाक स्टंट को करने की परमिशन कैसे मिली.
हरियाणा में सर्कस कलाकार ने 'लाइव समाधि' स्टंट किया, मिट्टी में दम घुटने से मौत हो गई
Haryana में एक 27 साल के सर्कस कलाकार की स्टंट करने के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि इस खतरनाक स्टंट को करने की परमिशन कैसे मिली.

मृतक की पहचान दीपक के तौर पर हुई है. वो फरीदाबाद के गौंची गांव के रहने वाले थे. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, दीपक इससे पहले भी यह ‘खतरनाक स्टंट’ कई दफा कर चुके हैं. इस ‘लाइव समाधि’ स्टंट में दीपक को एक बोरी में भरा जाता था. इसके बाद उन्हें मिट्टी में दफन कर दिया जाता था. बाद में जिंदा निकाला जाता था. लेकिन इस बार दीपक का यह स्टंट फेल हो गया और उनकी जान चली गई.
पुलिस के मुताबिक, दीपक और उनका परिवार सालों से सर्कस कलाकार हैं. वो एक गांव से दूसरे गांव में डेरा डालकर सर्कस का प्रोग्राम करते थे. 23 जुलाई को भी ताऊरू इलाके के खोरी गांव में एक प्रोग्राम के दौरान दीपक ने यह खतरनाक स्टंट किया. उन्हें एक बोरी में भरकर गड्ढे में डाल दिया गया था.
इसके बाद उनके साथियों ने उन्हें स्टंट के तय समय तक पूरा होने का इंतजार किया. इसके बाद उन्हें गड्ढे से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन दीपक ने कोई रिएक्शन दिया. मामले की जांच करने वाले अधिकारियों ने बताया कि गड्ढे के अंदर दम घुटने से उनकी मौत हो गई थी.
‘लाइव समाधि’ स्टंट के दौरान हादसा‘लाइव समाधि’ के पहले भी दीपक ने दर्शकों के लिए कई साइकिलिंग स्टंट करके दिखाए थे. आखिर में ये स्टंट किया. ताऊरू सदर पुलिस स्टेशन के SHO राजेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है.
यह भी पढ़ें: वाराणसी में युवक ने गे लिव-इन पार्टनर की चाकू मारकर हत्या की, पुलिस से बोला- ‘पति-पत्नी की तरह रहते थे’
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि दम घुटने से मौत हुई है. लेकिन मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी. वहीं, नूंह के कमिश्नर अखिल पिलानी ने कहा कि इस तरह के स्टंट करना गैरकानूनी है. इस बात की जांच की जाएगी की बिना परमिशन ऐसा खतरनाक स्टंट कैसे किया गया.
वीडियो: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का जलवा, 4 और पदक आए; विशाल टीके पर नजर










