गुरुग्राम में कथित तौर पर यौन ताकत बढ़ाने वाली दवा के ओवरडोज से एक युवक की मौत हो गई. मृतक किराये के कमरे में अकेला रहता था. उसके साथ काम करने वाले लोगों ने पुलिस को खबर दी थी कि वह फोन नहीं उठा रहा है. दरवाजे पर दस्तक का भी कोई जवाब नहीं आ रहा. इसके बाद पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में घुसी तो युवक का शव बिस्तर पर पड़ा था. घर में जबरन घुसने के कोई निशान नहीं थे. शव के पास दवाओं के रैपर रखे थे. इससे आशंका जताई गई कि दवा के ओवरडोज से युवक की मौत हुई होगी. हालांकि, मौत की सही वजह जानने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
गुरुग्राम में कमरे में मिला युवक का शव, पुलिस को सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवा पर शक क्यों?
शव के पास दवाओं के रैपर रखे थे. इससे आशंका जताई गई कि दवा के ओवरडोज से युवक की मौत हुई होगी. हालांकि, मौत की सही वजह जानने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है.


टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम के सेक्टर-53 में किराये के फ्लैट में 29 साल का एक युवक रोहित लाल रहता था. वह मूल रूप से नागपुर का रहने वाला था. नई दिल्ली में क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया नाम के सरकारी दफ्तर में काम करता था. गुरुग्राम में किराये के अपने फ्लैट में वह अकेला रहता था. हाल ही में उसकी सगाई हुई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, उसने अपनी मंगेतर को मिलने के लिए बुलाया था. वो जल्द ही उससे मिलने के लिए आने वाली थी.
गुरुवार, 23 अप्रैल की सुबह 10 बजे पुलिस को रोहित के साथ काम करने वाले एक शख्स का फोन आया. पुलिस को उन्होंने बताया कि रोहित उनका फोन नहीं उठा रहा है. दरवाजा भी नहीं खोल रहा है. वह अपने 4-5 साथियों के साथ ही दफ्तर जाता था. उस दिन भी दफ्तर जाने के लिए दोस्तों ने उसे सबसे पहले 8 बजे कॉल किया. फोन न उठने पर 9 बजे वो उसके दरवाजे पर पहुंच गए. कई बार दस्तक देने के बावजूद उसने दरवाजा नहीं खोला. इस बीच उसके परिवार के लोगों ने भी उसे कई बार फोन किया लेकिन कॉल नहीं उठी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो देखा कि उसका शव बिस्तर पर है और चादर से ढका है.
हालांकि, पुलिस को कमरे में कोई ऐसे निशान नहीं मिले, जिससे लगे कि युवक की हत्या की गई है. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. जबरन घुसपैठ के कोई निशान नहीं थे. शव के पास दवाओं के रैपर जरूर मिले. पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि उसने दवा ज्यादा ले ली हो, जिससे उसका ब्लड प्रेशर बढ़ गया हो. पुलिस को युवक के मौत की फिलहाल यही वजह समझ आ रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. परिवार को खबर कर दी गई है. उनके आने के बाद पोस्टमॉर्टम होगा. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चलेगा.
फिलहाल, गुरुग्राम सेक्टर-53 थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
गुरुग्राम में इससे पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है. इसी साल फरवरी महीने में गुरुग्राम के एक होटल में 56 साल के एक शख्स की कथित तौर पर कामोत्तेजना बढ़ाने वाली दवा लेने के बाद कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई थी.
वीडियो: भारत-चीन को नरक का गड्ढा कहा, ईरान ने ट्रंप को खूब सुनाया, भारत ने क्या कहा?





















