हरियाणा के गुरुग्राम में एक प्राइवेट क्रिकेट एकेडमी में हुए दुखद हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई. बिहार के नालंदा के रहने वाले रतन का बेटा आकाश, क्रिकेट एकेडमी के ग्राउंड पर दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था. इस दौरान वह पिच रोलर की चपेट में आ गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
क्रिकेट एकेडमी में हादसा, पिच रोलर से कुचलकर 8 साल के बच्चे की मौत
Gurugram की एक प्राइवेट क्रिकेट एकेडमी में 8 साल का आकाश खेलने चला गया. इस दौरान वह पिच रोलर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई. मामले पर परिवार का क्या कहना है?

मामला गुरुग्राम के खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के सेक्टर 87 स्थित एक प्राइवेट क्रिकेट एकेडमी का है. 27 अगस्त को 8 साल का आकाश अपने बड़े भाई और बच्चों के साथ खेलने के लिए क्रिकेट एकेडमी चला गए. क्रिकेट एकेडमी में पिच रोलर खड़ा था. आजतक से जुड़े नीरज वशिष्ठ की रिपोर्ट के मुताबिक, चार एकड़ में फैली यह क्रिकेट एकेडमी आशू नामक शख्स की है.
इस दौरान एक बच्चे ने खेल-खेल में पिच रोलर का मिनिएचर सर्किट ब्रेकर (MCB) चालू कर दिया. इसके बाद पिच रोलर चलने लगा. उस बच्चे को रोलर रोकना नहीं आया. रोलर को आगे-पीछे करने के दौरान बैलेंस बिगड़ा और आकाश उसके सामने गिर गया. रोलर ने आकाश को कुचल दिया. ये देखकर बच्चे डर गए और वहां से भाग गए.
इस हादसे के लगभग एक घंटे बाद बड़े बेटे नील ने घर आकर परिवार को आकाश के साथ हुए हादसे के बारे में बताया. जब तक परिवार क्रिकेट एकेडमी पहुंचता, तब तक कई प्लेयर्स क्रिकेट प्रैक्टिस के लिए एकेडमी आ चुके थे. आकाश को खून से लथपथ हालत में देखकर, वे उसे तुरंत एक प्राइवेट गाड़ी का इंतजाम कर हॉस्पिटल ले गए.
हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की. इसके बाद उन्होंने बच्चे को मृत घोषित कर दिया. फैमिली मेंबर्स के मुताबिक, उन्हें आकाश की इतनी गंभीर हालत का पता नहीं था. उन्हें घटना के काफी देर बाद बच्चे की मौच की जानकारी मिली.
ये भी पढ़ें: कोलंबो की उमस में की 3 दिन फील्डिंग, 48 घंटे के भीतर फिटनेस टेस्ट देने पहुंच गए!
इस घटना की सूचना मिलने के बाद खिड़कीदौला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. उसने घटना स्थल का निरीक्षण किया. पुलिस स्टेशन की टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने घटना के बारे में मृत बच्चे के बड़े भाई नील व अन्य बच्चों के बयान दर्ज किए.
जांच अधिकारी रंजीत कुमार के मुताबिक, मृतक बच्चे के परिजनों ने इसे एक ‘आकस्मिक दुर्घटना’ माना है. फैमिली ने किसी भी व्यक्ति या क्रिकेट एकेडमी संचालक पर लापरवाही का आरोप नहीं लगाया. परिवार के लिखित बयान के आधार पर पुलिस ने एक्सीडेंटल मौत का मामला दर्ज किया. पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिवार को सौंप दिया गया.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: श्रीसंत ने सचिन-सौरव के मजेदार किस्से सुनाए, भज्जी-गंभीर विवाद पर खुलकर बोले










