The Lallantop

बच्चे को किडनैप कर ट्रैफिक सिग्नल पर मंगवा रही थी भीख, पुलिस के जाल में यूं फसी शातिर बच्चा चोर

एक मजदूर परिवार फुटपाथ पर रहता था. उनका 4 साल का बच्चा अचानक गायब हो गया. परिवार पुलिस के पास पहुंचा. CCTV खंगालने पर बच्चे को लेकर जाती एक महिला नजर आई. इसके बाद पुलिस टीम एक्टिव हुई और पता चला कि भीख मंगाने के लिए किडनैपिंग की गई थी.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर बच्चे को रेस्क्यू कर लिया है (PHOTO- AajTak)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • गुजरात पुलिस ने सुरेंद्रनगर जिले के बस स्टेशन इलाके से चार साल के बच्चे को अगवा करने वाली 40 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है, जिसका उद्देश्य बच्चे से भीख मंगवाना था।
  • यह घटना 7 सितंबर को पटडी बस स्टेशन पर हुई, जहां महिला ने फुटपाथ पर रहने वाले मजदूर परिवार के बच्चे को अगवा कर ट्रैफिक सिग्नल पर भीख मंगवाने के लिए लिया था।
  • पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर आरोपी महिला को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है, तथा बच्चे को उसके माता-पिता के पास जल्द सौंपा जाएगा।

अक्सर ये सुनने में आता है कि बड़े-बड़े शहरों में बच्चों को अगवा करने का सिंडिकेट काम करता है. ऐसा सिंडिकेट जो बच्चों से भीख मंगवाता है. अब गुजरात पुलिस ने ऐसी ही एक महिला का भंडाफोड़ किया है. महिला खुद कचरा चुनने का काम करती है. गुजरात पुलिस ने सुरेंद्रनगर जिले के बस स्टेशन इलाके से एक 40 साल की आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला पर चार साल के बच्चे को किडनैप करने का आरोप है. आरोप है कि महिला का मकसद बच्चे से ट्रैफिक सिग्नल्स पर भीख मंगवाना था. फिलहाल पुलिस ने बच्चे का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है.

Advertisement
फुटपाथ पर रहता था बच्चा, अगवा कर लिया

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक यह अपहरण 7 सितंबर को हुआ था. यहां के पटडी बस स्टेशन के पास फुटपाथ पर एक मजदूर परिवार रहता है. आरोप है कि महिला ने बच्चे को अगवा कर लिया. इसके बाद परिवार ने पटडी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. 

मामला बच्चे से जुड़ा था. इसलिए इलाके की पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. पुलिस ने पूरे इलाके के CCTV फ़ुटेज की जांच की. सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि बच्चा किसी महिला का हाथ पकड़ कर जा रहा है. इसके बाद पटडी पुलिस ने बच्चे की जानकारी और CCTV फ़ुटेज को अहमदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम भेजा. साथ ही पटडी पुलिस ने बाकी थानों को भी इमरजेंसी ब्रॉडकास्ट मैसेज के जरिए भेजा ताकि बच्चे को जल्द ढूंढा जा सके.

Advertisement

अलर्ट के आधार पर पुलिस की टीमें एक्टिव हुईं. इसी बीच जिले की सोला पुलिस को सूचना मिली कि प्रसंग पार्टी प्लॉट चौराहे की ओर जाने वाली सड़क के पास एक संदिग्ध महिला एक बच्चे के साथ देखी गई है. जो बच्चा दिखा, वो पीड़ित बच्चे के हुलिए से मेल खाता था. सोला पुलिस के इंस्पेक्टर केएन भुकान के मुताबिक तमाम डिटेल्स मैच होते ही महिला को हिरासत में ले लिया गया. फिर बच्चे की पहचान हुई. जब ये कन्फर्म हो गया कि ये वही बच्चा है, तब पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया.

(यह भी पढ़ें: जिन सिग्नल्स पर मांगी भीख, अब वहीं ट्रैफिक इंस्पेक्टर बने ये लोग, कहानी सबको जाननी चाहिए)

भीख मांगती है आरोपी महिला

आरोपी महिला की पहचान रीमा उर्फ रमीला उर्फ टिनी के तौर पर हुई है. टिनी अरावली जिले के भिलोडा की रहने वाली है. वह कथित तौर पर अहमदाबाद में सोला सिविल अस्पताल के सामने एक फ्लाईओवर के नीचे फुटपाथ पर अपने पति के साथ रहती है. वो खुद भीख मांगकर और प्लास्टिक का कचरा चुन कर अपना गुजारा करती है. पूछताछ के दौरान, महिला ने कथित तौर पर भीख मांगने के लिए बच्चे को अगवा करने की बात मान ली है. फिलहाल सोला पुलिस ने बच्चे और आरोपी महिला को पटडी पुलिस को सौंप दिया है. बच्चे को जल्द उसके माता-पिता से मिलाया जाएगा. इसके बाद महिला के खिलाफ आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

वीडियो: कानपुर: नौकरी का झांसा दे हाथ-पैर तोड़े, अंधा किया और भीख मांगने वाले 'गैंग' को बेच दिया!

Advertisement