ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी की 21वीं मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान 31 वर्षीय हर्षित लवानिया के रूप में हुई है. बताया गया कि उनकी पत्नी दरवाजा खोलने के लिए कह रही थी. लेकिन हर्षित उससे बात नहीं करना चाहते थे. वह बालकनी के सहारे बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनका पैर फिसल गया.
पति को लगा पत्नी झगड़ा करेगी, बालकनी से निकलने की कोशिश में 21वीं मंजिल से गिरा, दर्दनाक मौत
हर्षित लवानिया अपनी पत्नी से अलग रह रहे थे. दोनों के बीच शादी के बाद से ही विवाद चल रहा था. घटना वाले दिन मृतक की पत्नी उनसे बात करने फ्लैट गई थी. दावा है कि हर्षित को लगा कि दोबारा से झगड़ा होगा, इसलिए वह बालकनी से बाहर निकलने लगे.

हर्षित लवानिया की 2024 में शादी हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच झगड़े होने लगे थे. इंडिया टुडे से जुड़े अरुण त्यागी की रिपोर्ट के मुताबिक, हर्षित सेंचुरियन पार्क ट्रॉपिकल गार्डन सोसायटी में अकेले रह रहे थे. उनकी पत्नी अलग जगह रह रही थी.
पत्नी से बात नहीं करना चाहते थे हर्षितसोमवार, 12 अक्टूबर की शाम हर्षित की पत्नी उनके फ्लैट पर आई थी. उसे कुछ बात करनी थी. लेकिन मृतक ने दरवाजा नहीं खोला. उन्होंने बात करने से भी इनकार कर दिया.
रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक को लग रहा था कि दरवाजा खोलने पर पत्नी के साथ फिर से झगड़ा हो सकता है. इसलिए वह बचने की कोशिश कर रहे थे. मगर कुछ देर बाद महिला सुरक्षा कर्मियों को अपने साथ ले आई. और गेट खोलने की कोशिश करने लगी.
बताया गया कि हर्षित बालकनी से निकलकर नीचे की मंजिल के रास्ते बाहर जाने की कोशिश कर रहे थे. तभी उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गए. 21वीं मंजिल से गिरने के कारण उन्हें काफी चोट आई थी. घटना के बाद सोसायटी के लोग घायल हर्षित को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें: अंकिता भंडारी के माता-पिता के सपोर्ट में आए राहुल गांधी, अचानक इंडिया गेट पहुंचे
मृतक के परिजनों का कहना है कि हर्षित पत्नी से चल रहे विवाद के कारण पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में थे. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है. हर्षित की पत्नी से बातचीत कर रही है. सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके.
पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: राहुल गांधी के सुप्रीम कोर्ट मार्च पर 200 वकीलों ने क्यों जताई आपत्ति?










