उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पुलिस ने एटीएम कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट में शामिल दो इनामी बदमाशों को एनकाउंटर में मार गिराया है. मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की पहचान जुबेर और समीर के रूप में हुई है. दोनों पर गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.
ATM कैश वैन से 27 लाख लूटने वाले 2 बदमाश पुलिस एनकाउंटर में ढेर, एक-एक लाख का इनाम था
गाजियाबाद पुलिस कमिश्ननर ने बताया कि आरोपियों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम था. बदमाशों के पास गाड़ी से 2-3 बैग मिले, जिनमें आरोपियों का निजी सामाना था. 9 लाख रुपये के आस-पास कैश भी बरामद हुआ. मुठभेड़ में एक सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल घायल हुए हैं.


यह मुठभेड़ मंगलवार, 12 मई की देर रात उस समय हुई जब पुलिस को आरोपियों की लोकेशन मिली. इसके बाद क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की. इंडिया टुडे से जुड़े मयंक गौड़ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि थाना वेव सिटी के इलाके में चारों आरोपी एक साथ मौजूद थे.
बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कीपुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला. काफी देर चली गोलीबारी में जुबेर और समीर घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई. वहीं उनके दो साथी शोएब और फिरोज अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.
पुलिस के अनुसार 6 मई को क्रॉसिंग रिब्लिक थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े बदमाशों ने गन प्वाइंट पर कैश वैन चालक को बंधक बनाकर 27 लाख रुपये लूट लिए थे. इसके बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी. फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं.
इस पूरे ऑपरेशन में डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह, क्राइम ब्रांच स्वाट टीम प्रभारी अनिल राजपूत, थाना सिहानी गेट प्रभारी कुलदीप दीक्षित और वेव सिटी एसओ मानवेंद्र सिंह की टीम शामिल रही. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन लगातार जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ ने बताया,
"6 मई को थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में एक ATM के सामने एक कैश वैन लूटने की घटना हुई. उसमें बादमाश फायरिंग करते हुए कैश वैन को लूटकर भाग गए थे. थोड़ी देर बाद हम चेकिंग की, तो DME (दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे) पर वह कैश वैन बरामद हुई. लेकिन वे लोग कैश लेकर भाग गए थे. इस मामले की जांच के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गईं... इस मामले में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार होकर जेल चले गए. 8 लाख रुपये कैश बरामद हुए थे. उसी में चार अन्य लोगों के बारे में पता चला और 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया."
पुलिस को बदमाशों के वेव सिटी थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली थी. पुलिस कमिश्नर ने बताया,
“आज (12 मई) शाम को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि फरार 4 आरोपियों को थाना वेव सिटी के क्षेत्र में देखा गया. इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल चेकिंग का आदेश दिया. पुलिस की कई टीम चेकिंग में लगी थीं. करीब 9:30 बजे के आस-पास पुलिस टीम को वे लोग दिख गए. पुलिस टीम को देखते ही वो लोग भागने लगे. चारों तरफ से पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया. इसमें क्राइम ब्रांच की टीम, सिटी के तमाम… SO वेव सिटी, SO सिहानी गेट और उनकी टीम के साथ और भी टीम थीं. पुलिस को देखने के बाद वे लोग पुलिस के ऊपर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश करने लगे. भागते वक्त वे लोग अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गए. वे लोग एक स्विफ्ट गाड़ी से आए थे.”
पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया,
गाड़ी से 9 लाख कैश बरामद"गाड़ी रुकने के बाद भी उन्होंने फायरिंग की. जवाबी फायरिंग करने के कुछ देर बाद फायरिंग की आवाज बंद हो गई. पूरी तत्परता बरतते हुए पुलिस ने उसकी चेकिंग की. उसमें दो लोग घायल अवस्था में वहां मिले. उनका नाम पूछने पर एक ने अपना नाम जुबैर और दूसरे ने समीर बताया. बाकी दो आरोपी, जो भाग गए, उनके भी नाम बता दिए. पूरे घटनाक्रम में पुलिस के भी तीन लोग घायल हुए, जिनको तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया."
पुलिस कमिश्ननर ने बताया कि चारों आरोपियों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. उनके मुताबिक, अभी तक गाड़ी से 2-3 बैग मिले, जिनमें आरोपियों का निजी सामाना था. 9 लाख रुपये के आस-पास कैश में बरामद हुआ. पुलिस कमिश्नर ने मुठभेड़ में एक सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल के घायल होने की पुष्टि की है.
जांच में यह भी सामने आया है कि लूटकांड का मास्टरमाइंड जुबेर विजयनगर इलाके में बांस-बल्ली की दुकान चलाता था. उसका भाई शोएब कपड़ों की फेरी लगाने का काम करता था. दोनों भाइयों ने अपने पड़ोसी फिरोज को भी इस वारदात में शामिल किया था, जो कॉस्मेटिक सामान की सप्लाई करता है. वहीं समीर का कोई स्थायी काम नहीं था.
वीडियो: IPS राजेश चंदेल समेत 4 पुलिसकर्मियों पर डकैती केस, ग्वालियर कोर्ट ने भेजा समन






















