हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक स्कूल टीचर की स्कूल परिसर के अंदर चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. शुरूआती जांच में सामने आया कि 27 बार चाकू घोंपा गया. ये घटना CCTV में कैद हो गई. पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी में दिख रहा है कि आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर स्कूल पहुंचा था. पुलिस ने हत्या के दो घंटे के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
फरीदाबाद: स्कूल टीचर की बेरहमी से हत्या, दिन दहाड़े 27 बार चाकुओं से गोदा
Faridabad Crime: फरीदाबाद जिले के एक गांव में स्कूल टीचर की बेरहमी से हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच के मुताबिक एक नकाबपोश शख्स स्कूल परिसर में घुसा और महिला टीचर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला करने लगा.

इंडिया टुडे से जुड़े सचिन गौड़ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सिकरौना गांव की है. महिला टीचर की पहचान संध्या (30) के तौर पर हुई है. गांव के सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में संध्या प्राइमरी टीचर के तौर पर पढ़ाती थीं. स्कूल के संचालक डॉ तेजपाल शर्मा ने बताया कि एक नकाबपोश शख्स संध्या से मिलने स्कूल पहुंचा था. उसने संध्या को मेन गेट पर बुलाने के लिए कहा. जैसे ही संध्या वहां पहुंचीं आरोपी ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया.
सीसीटीवी से हुई आरोपी की पहचानइस घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है. आरोपी का नाम अमित है और उसकी उम्र 21 साल बताई जा रही है. वीडियो में दिख रहा है कि अमित गेट पर संध्या का इंतज़ार कर रहा है. जैसे ही संध्या गेट पर आती है अमित उसे खींचता है, घसीटता है और उसपर चाकू से वार करता है. चीख-पुकार सुनकर स्कूल संचालक समेत कुछ लोग पहुंचे लेकिन तक तक आरोपी टीचर को बुरी तरह से जख्मी कर चुका था.
रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूल संचालक बीच बचाव करने गए लेकिन अमित ने उन्हें चाकू दिखाकर धमकाया. जब तक स्कूल का बाकी स्टाफ वहां पहुंचा आरोपी फरार हो चुका था. संचालक ने बताया कि आरोपी बाइक लेकर आया था लेकिन उसपर नंबरप्लेट नहीं था. संध्या को अस्पताल ले जाया गया मगर तब तक देर हो चुकी थी.
ये भी पढ़ें: मासूम ने पैंट में पेशाब की तो टीचर ने गर्म चाकू से प्राइवेट पार्ट जला दिया!
2 साल से मृतक को आरोपी कर रहा था परेशानपुलिस ने शुरूआती जांच में बताया कि अमित संध्या को पिछले दो साल से जानता था. पुलिस के मुताबिक, वो संध्या को परेशान करता था. संध्या ने उसे धमकी भी दी थी कि वो उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा देगी. कुछ दिन पहले संध्या ने अमित के खिलाफ मोलेस्टेशन की शिकायत दर्ज भी कराई थी. जिसके बाद उसे माफ़ी मांगना पड़ा था.
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. सेक्टर 58 पुलिस थाने में केस दर्ज कराया गया है और पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है.
वीडियो: फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में सब-इंस्पेक्टर की जान कैसे गई?










